Oct 05, 2026 Login

Good Morning India: ब्रिटेन में खुफिया अलर्ट, अमेरिका ने अपने सभी बॉम्बर विमान हटाए! CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिकाओं पर आज होगी सुनवाई! हरीश रावत की यात्रा-रोड शो से कांग्रेस प्रभारी नाराज, लिखा पत्र

Good Morning India: Intelligence alert in the UK; US withdraws all its bomber aircraft! Hearing today on petitions filed against CEC Gyanesh Kumar! Congress in-charge upset over Harish Rawat's tour a

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन आज सोमवार से तीन दिन के लिए भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। वहीं सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली यौन उत्पीड़न मामले में सुनवाई होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मुख्य चुनाव आयुक्त यानी कि CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में आज यानी कि 5 अक्टूबर को सुनवाई होगी। देश के चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की 3 सदस्यीय बेंच इन मामलों की सुनवाई करेगी। याचिकाएं पटना निवासी राकेश कुमार सिंह और अधिवक्ता शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने दाखिल की हैं। इनमें SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े फैसलों और CEC की कार्यप्रणाली को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि CEC ज्ञानेश कुमार ने अपने 2 सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की कथित सहमति के बिना कई फैसले लिए। याचिकाओं में SIR से जुड़े फैसलों, दिशानिर्देशों और सॉफ्टवेयर में किए गए बदलावों को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि अगर ये शक्तियां पूरे निर्वाचन आयोग की हैं, तो अकेले CEC द्वारा इनके इस्तेमाल का कानूनी आधार स्पष्ट होना चाहिए। बता दें कि CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी पार्टियों ने मोर्चा खोल रखा है और उन्हें हटाने की मांग कर रही हैं।

इधर नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में स्पेशल स्टाफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 26 राउंड गोलियां चलीं। फायरिंग में दो बदमाश मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम घायल हो गए। दोनों के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम अपने घर उस्मानपुर आने वाले हैं। दोनों बदमाश जंगल के रास्ते से उस्मानपुर पहुंचने वाले थे। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने दोनों को पकड़ने के लिए इलाके में ट्रैप लगाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों बदमाश मौके पर पहुंचे, उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम के बाएं पैर में गोली लगी और दोनों घायल हो गए। 

उधर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर बड़ा ऐलान किया है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य में उत्तराखंड और गुजरात की तर्ज पर अगले 6 महीने के अंदर UCC लागू किया जाएगा। उन्होंने कोलकाता में विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यक्रम के दौरान यह ऐलान किया गया। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड और गुजरात के बाद पश्चिम बंगाल तीसरा राज्य होगा जो यूसीसी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यूसीसी के अलावा राज्य में लव जिहाद, लैंड जिहाद और जबरन धर्मांतरण के खिलाफ भी सख्त कानून लाए जाएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बीजेपी सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी, लेकिन भारतीय संस्कृति, परंपरा और मठ-मंदिरों पर हमले बर्दाश्त नहीं करेगी। आगे उन्होंने कहा, ''हमारी सरकारी पश्चिम बंगाल में किसी भी देश-विरोधी गतिविधि की अनुमति नहीं देगी। लोग मिलकर रहे, एकजुट रहें और विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ पूरी तरह से सावधान रहें।'' 

इधर दुबई से तेलअवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान के हाईजैक की कोशिश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इटली के अखबार Corriere della Sera की रिपोर्ट के मुताबिक, ओमानी को-पायलट हमान अल-हम्मामी ने विमान के पायलट स्मित मच्छर को मारकर फ्लाइट पर कंट्रोल करने के बाद उसे तेल अवीव की किसी गगन चुंबी इमारत से टकराने की योजना बनाई थी। अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक प्लान फेल होने के बाद को-पायलट हमान अल-हम्मामी ने विमान को रेगिस्तान में क्रैश कराने की कोशिश की। लेकिन कैप्टन स्मित मच्छार की हिम्मत और यात्रियों के साहस के आगे उसकी योजना फेल हो गई। जांचकर्ताओं को संदेह है कि को-पायलट ने दोनों इंजनों की ईंधन आपूर्ति करने वाली स्विच को ऑफ कर दिया था। अखबार ने फ्लाईदुबई फ्लाइट क्रू द्वारा सेफ्टी अधिकारियों को दी गई रिपोर्ट से सीधे तौर पर जुड़े लोगों के बयान, घटना से जुड़े लोगों के बयान, एयरपोर्ट स्टाफ, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और खास प्लेटफॉर्म से मिले डेटा को इकट्ठा करने के बाद घटना को लेकर पूरी रिपोर्ट तैयार की है। इस रिपोर्ट में इजरायली इंटेलिजेंस का हवाला देते हुए दावा किया गया कि अल-हम्मामी की असली साजिश फ्लाइट कैप्टन स्मित मच्छर को मारना, प्लेन को तेल अवीव ले जाना और शहर की किसी ऊंची इमारत से टकराना था।

उधर ग्रेटर नोएडा के जेवर में कोतवाली क्षेत्र के नीम का गांव में खेतों पर सो रहे किसान की पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर गला रेत कर हत्या कर दी गई। वहीं, सुबह खेतों पर पहुंचे परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने शव को नहीं उठाने दिया। नीमका गांव निवासी भोले शंकर उम्र 50 वर्ष के जेवर खुर्जा रोड पर नीम का पुलिस चौकी के सामने खेत हैं। भोले शंकर खेतों पर पुलिस चौकी के सामने बिल्डिंग मटेरियल का काम शुरू करने के लिए तोल कांटा आदि लगवा रहे थे। बताया गया कि रविवार रात 10:30 तक खेतों पर काम को लेकर चर्चा की। फिर रात 10:30 बजे बेटा गांव चला गया। इसके बाद हत्यारे ने भोले शंकर की फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी। निर्मम हत्या के बाद ग्रामीणों में रोष है।

इधर रोहित शेट्टी के होस्ट किए जाने वाले स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' ने एक साल के ब्रेक के बाद इस साल अगस्त में अपना 15वां सीजन शुरू किया। 'डर का नया दौर' थीम वाले इस सीजन में पुराने और नए कंटेस्टेंट्स को एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करने के लिए लाया गया। कई हफ्तों तक मुश्किल स्टंट्स का सामना करने के बाद टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा 'खतरों के खिलाड़ी 15' के विनर बने हैं। अविनाश मिश्रा ने ऋत्विक धनजानी और ओरी को हराकर ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये जीते। अविनाश मिश्रा ने टॉप 3 फाइनलिस्ट में शामिल ऋत्विक धनजानी और ओरी को हराकर 'खतरों के खिलाड़ी 15' की ट्रॉफी अपने नाम की। इस टाइटल के साथ-साथ अविनाश ने 20 लाख रुपये का इनाम, यूरोप की ट्रिप और एक कार भी जीती। इस सीजन में शो में हिस्सा लेने वाले हर कंटेस्टेंट को एक बाइक भी दी गई थी। एक्शन किंग रोहित शेट्टी के होस्ट किए गए इस सीजन के विजेता अविनाश मिश्रा बने, जबकि ऋत्विक धनजानी पहले और ओरहान अवत्रामणि दूसरे रनर-अप रहे। सीजन 15 की शूटिंग केप टाउन के शानदार इलाकों में हुई और इसमें जबरदस्त 'चैंपियंस बनाम चैलेंजर्स' फॉर्मेट पेश किया गया। 'चैंपियंस बनाम चैलेंजर्स' में शो के पुराने खिलाड़ियों का मुकाबला नए दावेदारों से हुआ।

उधर अमेरिका ने ब्रिटेन के RAF फेयरफोर्ड एयरबेस से अपने सभी बॉम्बर विमान वापस बुला लिए हैं। इस एयरबेस का इस्तेमाल अमेरिकी सेना ने ईरान पर हमले के लिए किया था। अमेरिका ने यह फैसला ब्रिटेन में इस एयरबेस पर आतंकी हमले की साजिश की जांच के बीच लिया है। पेंटागन के एक अधिकारी के मुताबिक, अमेरिकी बॉम्बर्स को वापस अमेरिका में उनके सैन्य ठिकानों पर भेज दिया गया है। एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर यह जानकारी दी। मिलिट्री एयर ट्रैकिंग अलायंस जैसे विमान गतिविधियों पर नजर रखने वाले समूहों ने ईरान युद्ध शुरू होने के शुरुआती दिनों से RAF फेयरफोर्ड पर दर्जनों B-52 और B-1 बॉम्बर विमानों को देखा था। रविवार को भी कई B-1 बॉम्बर विमानों ने इस एयरबेस से उड़ान भरी। RAF फेयरफोर्ड एयरबेस लंदन से करीब 160 किमी पश्चिम में है। अमेरिका कई दशकों से मिडिल ईस्ट के युद्धों में इस एयरबेस का इस्तेमाल करता रहा है। ब्रिटेन में संभावित आतंकी हमले की साजिश की जांच के बीच अमेरिकी विमानों को वापस बुलाया गया है। पिछले हफ्ते दोहरी ब्रिटिश-ईरानी नागरिकता वाले एक व्यक्ति को लंदन में आतंकी हमले की साजिश रचने के शक में गिरफ्तार किया गया था। सितंबर के आखिर में RAF फेयरफोर्ड एयरबेस पर सुरक्षा से जुड़ी एक घटना हुई थी। इस मामले में कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया गया। बाद में सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया।

इधर ओपनएआई के पूर्व सुरक्षा कर्मचारी डेविड रॉबिन्सन ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अधिक सक्षम एआई सिस्टम को तेजी से विकसित करने की होड़ बड़े और गंभीर खतरों को जन्म दे सकती है। रॉबिन्सन का कहना है कि अब गलतियों से सीखने का समय खत्म हो चुका है और AI कंपनियों को नए ताकतवर सिस्टम लाने से पहले सुरक्षा पर कहीं अधिक ध्यान देने की जरूरत है। द अटलांटिक के अनुसार, डेविड रॉबिन्सन ने लिखा कि OpenAI सहित अन्य AI कंपनियां जितनी सतर्क होनी चाहिए, उतनी नहीं हैं। उन्होंने लगभग साढ़े तीन साल OpenAI में बिताए, जहां उन्होंने कंपनी के प्रिपेयर्डनेस फ्रेमवर्क को तैयार करने में मदद की और 12 बड़े मॉडल्स के लॉन्च के दौरान सेफ्टी रिपोर्ट्स की निगरानी की। रॉबिन्सन के मुताबिक, कंपनी एक के बाद एक नए AI मॉडल लॉन्च करने की जल्दबाजी में है। उन्होंने कहा कि कंपनी जिस तेजी से एक लॉन्च से दूसरे लॉन्च की तरफ भाग रही है, उसमें जरूरी सावधानी और सतर्कता पीछे छूट रही है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी व सांसद कुमारी सैलजा ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की जनसंवाद यात्रा पर आपत्ति जताई है। उन्होंने रावत को पत्र भेजकर यात्रा के संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष अथवा उनसे चर्चा नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है। साथ ही स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव से कुछ माह पहले पार्टी में किसी भी तरह का समानांतर कार्यक्रम कांग्रेस के हित में नहीं है। प्रदेश प्रभारी सैलजा ने पत्र में कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि हरीश रावत राज्य में यात्रा कर रहे हैं। इस संबंध में न तो उनसे और न ही पीसीसी अध्यक्ष से चर्चा की गई। उन्होंने हाल में रावत की ओर से दिए गए कुछ बयानों को भी विवादास्पद बताते हुए कहा कि चुनाव निकट हैं और पार्टी को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरना होगा। 

इधर मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान के कारण दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट ले सकता है। आठ जिलों में हल्की वर्षा के साथ ही आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

उधर हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में छात्रा को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि छात्रा कक्षा 11 में पढ़ती थी। वह पांच बहनों में दूसरे नंबर की थी और परिवार में अपनी मां के साथ रहती थी। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। बताया जा रहा है कि बीते शनिवार रात को बड़ी बहन ने छात्रा को पढ़ाई को लेकर डांट दिया था। इसके बाद छात्रा घर से बाहर चली गई। कुछ देर बाद उसके फ्लाईओवर से छलांग लगाने की जानकारी सामने आई।