Good Morning India: रूस में भारतीय छात्रों पर हमला! कोटा में 3 मंजिला इमारत ढही, दो की मौत! पांच राज्यों में फैले ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़! भारत ने जीत के साथ किया विश्व कप का श्रीगणेश! अंकिता भंडारी केस, देहरादून में महापंचायत आज
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, जापान में आज होंगे मध्यावधि चुनाव, वोटिंग के लिए जनता तैयार। वहीं उत्तराखंड में अंकिता भंडारी केस में न्याय की मांग, आज देहरादून में महापंचायत।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, रूस के ऊफा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में चाकूबाजी की वारदात हुई है। इस हमले में चार भारतीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बीच-बचाव के दौरान दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक की एक यूनिवर्सिटी में विदेशी छात्रों के हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में चाकू से हुए हमले की घटना हुई। इस हमले में चार भारतीय छात्रों समेत आठ लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक बीच-बचाव की कोशिश में दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।
इधर राजस्थान के कोटा में शनिवार रात करीब 9 बजे एक 3 मंजिला बिल्डिंग ढह गई। मलबे में स्टूडेंट्स समेत कई लोग दब गए। हादसे में एक कोचिंग स्टूडेंट समेत 2 लोगों की की मौत हो गई, जबकि 8 घायल हॉस्पिटल में भर्ती है। 5 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। तलवंडी में इमारत गिरने की सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालात यह थे कि मलबे में दबे लोग चीख रहे थे, हमें बचा लो। किसी का हाथ बाहर दिख रहा था तो किसी का पैर। SDRF की टीम देर रात तक मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटी रही। रेस्क्यू के दौरान बचाव दल का एक कर्मचारी भी घायल हो गया। मृतक कोचिंग स्टूडेंट की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी आर्यन (20) के रूप में हुई है।
उधर हरियाणा के सूरजकुंड मेले में एक बड़ा हादसा हो गया। जहां एक झूला गिर गया। इस घटना में एक की मौत और कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त (डीसी) मौके पर पहुंचे। घटना के बाद पुलिस ने मौके से मीडिया को दूर कर दिया है। घायलों के इलाज के लिए तुरंत व्यवस्था की गई। इस हादसे में एक इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई है। जो पलवल में तैनात थे। मेला ड्यूटी पर यहां बुलाये गए थे। झूले वाले एरिया में इंचार्ज थे। बचाव कार्य के दौरान ऐसे दूसरी बार झूला गिरा। जिसके बाद लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई। हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं।
इधर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में छापेमारी कर एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट के सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक की 48 किलो ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम व अन्य साइकोट्रापिक ड्रग्स बरामद की है। क्राइम ब्रांच का दावा है कि इस सिंडिकेट के अधिकतर सदस्यों के पकड़े जाने से स्थानीय ड्रग्स तस्करों से लेकर अंतरराज्यीय तस्करों के सप्लाई चेन को खत्म कर दिया गया है। डीसीपी, क्राइम ब्रांच, संजीव कुमार यादव का कहना है कि संगठित नशीले पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा में फैले इस अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस सिंडिकेट के खिलाफ जांच पिछले साल सितंबर में शुरू हुई थी, जब सब इंस्पेक्टर विकासदीप को बड़ी मात्रा में साइकोट्रोपिक पदार्थ की तस्करी बारे में सूचना मिली थी। सबसे पहले एएसआई कुलदीप की टीम ने लाजपत नगर से जैतपुर के रहने वाले अनिरुद्ध को गिरफ्तार कर दो किलो ट्रामाडोल पाउडर बरामद किया। उससे पूछताछ इस बड़े सिंडिकेट के बारे में पता चला था। जिसके बाद एसीपी सतेंद्र मोहन की देखरेख में अलग-अलग राज्यों में छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने साइकोट्रापिक दवाओं के सोर्स मनोज को यूपी से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी से जांच को गति मिली जिसके बाद पूरे चैन के बारे में पता लगा।
उधर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम का आगाज काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने ग्रुप-ए के अपने पहले मुकाबले में यूएसए की टीम को 29 रनों से मात देने के साथ जीत के साथ आगाज किया है। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रनों का स्कोर बनाया था, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रनों की पारी ने अहम भूमिका निभाई। वहीं टारगेट का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रनों का स्कोर ही बनाने में कामयाब हो सकी। भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल का कमाल देखने को मिला। वहीं टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार मुकाबले जीतने के मामले में साउथ अफ्रीका के रिकॉर्ड को भी धराशायी कर दिया है। भारतीय टीम की ये टूर्नामेंट में लगातार 9वीं जीत है, जबकि पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम पर था, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 8 मैचों में जीत हासिल की थी।
इधर महाराष्ट्र के मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के “संघ यात्रा के 100 वर्ष-नए क्षितिज” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि संघ को दूर से देखेंगे तो गलतफहमी होगी। उन्होंने कहा, "संघ के स्वयंसेवक रूट मार्च करते हैं लेकिन आरएसएस पैरामिलिट्री ऑर्गेनाइजेशन नहीं है।" उन्होंने कहा, "संघ के स्वयंसेवक लाठी काठी सीखते हैं, लेकिन यह अखिल भारतीय अखाड़ा नहीं है। संघ में घोष की धुन बजती है, व्यक्तिगत गीत होते हैं, संगीत होता है लेकिन संघ अखिल भारतीय संगीतशाला नहीं है। संघ के स्वयंसेवक राजनीति में भी हैं लेकिन संघ राजनीतिक पार्टी नहीं है।" उन्होंने कहा, "संघ का जो काम है, संघ के लिए नहीं है। पूरे देश के लिए है, भारतवर्ष के लिए है। संघ किसी दूसरे संगठन के कंपटीशन में नहीं निकला है, संघ किसी एक विशेष परिस्थिति की, रिएक्शन में प्रतिक्रिया में नहीं चला है, संघ किसी के विरोध में नहीं चला है, हमारा काम है कि किसी का विरोध किए बिना काम करें। संघ को पॉपुलैरिटी नहीं चाहिए, संघ को पावर नहीं चाहिए।"
उधर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और भारत की राजनीति का जाना माना चेहरा असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि भारत में मुस्लिम आबादी कभी भी हिंदू आबादी से अधिक नहीं होगी। हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने तेलंगाना में नगर निगम चुनाव से पहले शुक्रवार रात निजामाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। ओवैसी ने कहा कि वह राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया भाषण को सुन रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि पूरी दुनिया की आबादी बूढ़ी हो रही है जबकि भारत की आबादी युवा है। AIMIM प्रमुख ओवैसी ने सवाल किया, "अगर प्रधानमंत्री से पूछा जाए कि देश की 60 प्रतिशत आबादी 40 साल से कम उम्र की है तो उन्होंने (मोदी ने) उनके रोजगार के लिए क्या उपाय किए हैं और उन्हें कौन से कौशल सिखाए हैं?"
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, लोहाघाट के राजकीय पॉलिटेक्निक में प्रयोगशाला में प्रयोगात्मक कार्य करते समय केमिकल की बोतल नीचे गिर गई। इसकी गंध के चलते सात छात्राएं बेहोश हो गई। जानकारी के अनुसार शनिवार को फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं प्रयोगात्मक कंपनी शिक्षिका के साथ प्रेक्टिकल कर रही थी। इस दौरान पास में ही रखी ऐसीटल क्लोराइड केमिकल की बड़ी बोतल जमीन में गिर गई और फट गई। केमिकल की तीखी गंध से प्रेक्टिकल कर रही सात छात्राओं सहित शिक्षिका बेहोश हो गई। अचानक हुई इस घटना से संस्थान में हड़कंप मच गया। सभी को आनन फानन में सभी को उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
इधर जौलीग्रांट में बीआरआईटी प्रथम वर्ष की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत हो गई। छात्रा का शव कमरे मे पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस प्रथम दृष्टि मामला आत्महत्या का मानकर जांच कर रही है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। चौकी प्रभारी नवीन डंगवाल ने कहा कि जौलीग्रांट हॉस्टल के कमरे में एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका हुआ है। प्रथम दृष्टिया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक छात्र का नाम तान्या चौहान (19) निवासी मुजफ्फरनगर है। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को मौके पर कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।