Good Morning India: भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौता! पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, फिर बिगड़ सकता है मौसम!सोने-चांदी के भाव में फिर तेजी! अंकिता भंडारी केस में अज्ञात वीआईपी के खिलाफ दिल्ली में मुकदमा दर्ज, उत्तराखंड पहुंची टीम
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज बिहार विधानसभा में नई सरकार का पहला बजट पेश होगा। वहीं आज संसद भवन परिसर में एनडीए संसदीय दल की बैठक होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने भारत पर लगे पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का एलान किया है। इस पोस्ट में ट्रंप ने एक और अहम बात कही है, जिसमें उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने का एलान किया। राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच सोमवार को टेलीफोन पर बात हुई। इस बातचीत के बाद ही ट्रंप ने भारत पर लगे 25 प्रतिशत टैरिफ को घटाने का एलान किया। ट्रंप के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत की और यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अमेरिका ने 'मेड इन इंडिया' उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया है। पीएम मोदी ने ट्रंप का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह घोषणा भारत के 1.4 अरब लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
इधर उत्तर-पश्चिम में मौसम फिर बिगड़ गया है। सोमवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाएं चली और कोहरा छाया रहा। हालांकि, तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन शीतलहर के चलते ज्यादा ठंड महसूस की गई। इन इलाकों में मंगलवार को भी बारिश, बर्फबारी और शीतलहर चलने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में पांच फरवरी तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर रविवार रात और सोमवार सुबह घना कोहरा तो कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
इधर ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और ODI कप्तान पैट कमिंस ने पहली बार स्वीकार किया है कि उन्होंने अपने लंबे करियर और 2027 के बेहद व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए T20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला किया। पीठ की चोट से जूझ रहे कमिंस की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम में बेन ड्वार्शुइस को शामिल किया गया है। कमिंस को यह चोट पिछले साल जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे के दौरान लगी थी। इसके बाद से वह केवल एडिलेड टेस्ट में एशेज जिताने वाले मुकाबले में ही खेल पाए हैं। एशेज सीरीज को सिर्फ 11 दिनों में अपने नाम करने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट और कमिंस ने फैसला किया कि वह सीजन के आखिरी दो टेस्ट नहीं खेलेंगे, ताकि T20 वर्ल्ड कप तक पूरी तरह फिट हो सकें। हालांकि, उनकी रिकवरी का समय बढ़ता चला गया, जिससे कमिंस ने T20 वर्ल्ड कप को छोड़ने का फैसला किया।
उधर सरकार अगले वित्त वर्ष में अनुवर्ती सार्वजनिक निर्गम (FPO) के माध्यम से बीमा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एलआईसी (भारतीय जीवन बीमा निगम) में अपनी हिस्सेदारी और घटाने पर विचार कर रही है। वित्तीय सेवा सचिव एम. नागराजू ने सोमवार को ये जानकारी दी। वर्तमान में, भारतीय जीवन बीमा निगम में सरकार की 96.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सरकार ने मई, 2022 में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के माध्यम से 902-949 रुपये प्रति शेयर के प्राइस रेंज में कंपनी में 3.5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची थी। इस शेयर बिक्री से सरकार को करीब 21,000 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे।
इधर बांग्लादेश की एक अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सरकारी हाउसिंग प्रोजेक्ट में जमीन के आवंटन में कथित अनियमितताओं से जुड़े 2 अलग-अलग भ्रष्टाचार के मामलों में 10 साल जेल की सजा सुनाई है। सरकारी न्यूज एजेंसी BSS की रिपोर्ट के अनुसार, ढाका स्पेशल जज कोर्ट-4 के जज रबीउल आलम ने फैसला सुनाते हुए हसीना को कुल 10 साल की जेल की सजा दी। हर मामले में 5-5 साल की। अदालत ने 78 वर्षीय हसीना, उनके भतीजे रादवान मुजीब सिद्दीक, और उनकी भतीजियों, ट्यूलिप रिजवाना सिद्दीक और अजमीना सिद्दीक, और अन्य को पूर्बाचोल में राजुक न्यू टाउन प्रोजेक्ट के तहत प्लॉट के आवंटन में कथित अनियमितताओं के मामलों में सजा सुनाई है। ट्यूलिप सिद्दीक को चार साल की जेल की सजा सुनाई गई है। हर मामले में 2-2 साल की सजा। रादवान मुजीब सिद्दीक और अजमीना सिद्दीक को दोनों मामलों में 7-7 साल की जेल की सजा सुनाई गई।
उधर दिल्ली सरकार ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के निजी स्कूलों में फीस को नियंत्रित करने वाला नया कानून शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में लागू नहीं होगा। यह बात जस्टिस पीएस नरसिम्हा और आलोक आराधे की पीठ के समक्ष कही गई, जो दिल्ली स्कूल शिक्षा (फीस निर्धारण और विनियमन में पारदर्शिता) अधिनियम, 2025 के कार्यान्वयन से संबंधित याचिकाओं के एक समूह की सुनवाई कर रही थी। दिल्ली सरकार की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने पीठ को बताया कि यह कानून मौजूदा शैक्षणिक वर्ष में लागू नहीं होगा। पीठ ने सभी मुद्दों को दिल्ली हाई कोर्ट के समक्ष उठाने की छूट दी, जो 2025 अधिनियम और उसके बाद के नियमों को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई कर रहा है।
इधर पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में अब महिलाओं ने भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बलूच नागरिकों के दमनचक्र के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया है। अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ 31 जनवरी से शुरू किए गए ऑपरेशन 'हेरोफ फेज-2' में 40 घंटे के अंदर 200 से अधिक सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। 17 को कब्जे में ले लिया गया है। ये ऑपरेशन 12 जगहों पर चलाए गए। ऑपरेशन में दो विद्रोही बालाओं, 21 साल की हवा बलोच और 24 साल की आसिफा मेंगल, ने दर्जनों पाकिस्तानी सैनिकों के चीथड़े उड़ा दिए। हवा ने जहां सुरक्षाकर्मियों से मोर्चा लिया, वहीं आसिफा ने नोश्की स्थित आईएसआई के मुख्यालय पर वाहन बम के रूप में फिदायीन हमला किया। इसे बलूचिस्तान में दो दशकों का सबसे बड़ा हमला भी कहा जा रहा है।
उधर सोने और चांदी की कीमतों में लगातार 3 दिनों तक चली गिरावट की आंधी के बाद आज जबरदस्त वापसी देखने को मिल रही है। मंगलवार, 3 फरवरी को सोने औैर चांदी के भाव में जोरदार रिकवरी देखी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आज हाजिर सोने की कीमत 4% बढ़कर 4830 डॉलर प्रति औंस हो गई। सोने के अलावा, आज हाजिर चांदी भी लगभग 8% की तेजी के साथ 82.74 डॉलर पर पहुंच गई। बताते चलें कि 30 जनवरी को हाजिर सोने की कीमतों में लगभग 10% की गिरावट दर्ज की गई थी, जो 1983 के बाद सबसे बड़ी गिरावट थी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। वहीं, देहरादून समेत पौड़ी और नैनीताल में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है। खासकर प्रदेश के 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के ज्यादा आसार हैं।
इधर अंकिता हत्याकांड में सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच की शाखा दो ने अज्ञात वीआईपी के खिलाफ दिल्ली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को टीम जांच के लिए उत्तराखंड पहुंच गई। बता दें पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के वायरल ऑडियो से उपजे विवाद के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी थी। दरअसल, ये पूरा मामला पूर्व विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के बाद ही शुरू हुआ। भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी ने फेसबुक लाइव आकर खुलासा किया था। इस वीडियो में महिला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी गट्टू का जिक्र किया। साथ ही एक ऑडियो का भी जिक्र किया जिसमें कहा कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पास पूरी जानकारी है। इसके बाद से ही इस मामले ने तूल पकड़ लिया।
उधर तलाकशुदा प्रेमिका की हत्या कर फरार आरोपी सुरेश गुप्ता को पुलिस ने उत्तरप्रदेश के छुटमलपुर (सहारनपुर) से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 31 जनवरी की रात शिवाजी नगर स्थित किराये के मकान में रह रही प्रेमिका प्रीति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या का कारण प्रेमिका का शादी से इन्कार बताया जा रहा है। सोमवार देर शाम एसपी देहात जया बलूनी ने पत्रकारों को बताया कि एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में काम कर रही तलाकशुदा प्रेमिका प्रीति रावत के शादी से मुकरने से खफा होकर सुरेश गुप्ता हाल निवासी आवास विकास काॅलोनी ऋषिकेश मूल निवासी ग्राम दरगाहपुर थाना लक्सर जिला हरिद्वार ने उसकी हत्या की थी।