Good Morning India: इटली में आयोजित वेनिस फिल्म फेस्टिवल में बजा भारत का डंका! साल का आखिरी चंद्रग्रहण आज, कई जगहों पर दिखायी देगा पूर्ण चन्द्र ग्रहण! उत्तराखण्ड में भाजपा ने घोषित कीं 16 संगठनात्मक जिलों की कार्यकारिणी, जानें आज के प्रमुख प्रोग्राम

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। BJP मुख्यालय में मनसुख मांडविया और तेजस्वी सूर्या की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आज होगी। वहीं आज फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल कार्यक्रम आयोजित होगा।
अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, चीन में हुई SCO समिट में भारत-रूस और चीन के शीर्ष नेताओं की मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ बदले-बदले से दिख रहे हैं। इस बीच खबर आई है कि डोनाल्ड ट्रंप अक्टूबर में दक्षिण कोरिया जा रहे हैं और यहां वह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके शीर्ष सलाहकार इस साल अक्टूबर के अंत में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण कोरिया जाने की तैयारी कर रहे हैं। इस शिखर सम्मेलन में शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए गंभीर चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस योजना नहीं बनी है।
उधर इटली में आयोजित 82वें वेनिस फिल्म फेस्टिवल में भारत का डंका बजा है। पूरे देश लिए गर्व के इन लम्हों को सहेजने का श्रेय फिल्ममेकर अनुपर्णा रॉय को जाता है। उनकी फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ फॉरगॉटन ट्रीज़’ के लिए उन्हें ओरिज़ोंटी सेक्शन का सर्वश्रेष्ठ निर्देशक पुरस्कार प्रदान किया गया। इस पुरस्कार की घोषणा ओरिज़ोंटी जूरी की अध्यक्ष, फ्रांसीसी फिल्मकार जूलिया ड्यूकुर्नो ने समापन समारोह के दौरान की। भारतीय सिनेमा के लिए यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। अनुपर्णा रॉय की इस फिल्म से अनुराग कश्यप भी जुड़े हैं। खास बात ये भी रही कि इस वर्ष के ओरिज़ोंटी सेक्शन में शामिल होने वाली एकमात्र भारतीय फिल्म- ‘सॉन्ग्स ऑफ फॉरगॉटन ट्रीज़’ ही रही। मुंबई में प्रवासी महिलाओं की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में आधी आबादी के अकेलेपन, संघर्ष और क्षणिक रिश्तों के बीच जीने का रास्ता तलाशने की जिजिविषा को दिखाया गया है।
इधर मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में शनिवार देर रात एक कार शिप्रा नदी में गिर गई। पुलिस अधीक्षक (SP) प्रदीप शर्मा ने बताया कि बचाव और तलाश अभियान जारी है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 8:45 बजे हुई और कार में कम से कम दो लोगों के फंसे होने की आशंका है। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि एक सफेद कार के पुल पर से नदी में गिरने की सूचना मिली। पानी का बहाव तेज है, जिससे कार में सवार लोगों की संख्या और उनकी स्थिति का पता लगाना मुश्किल हो रहा है।
उधर बोको हराम के आतंकवादियों ने उत्तर-पूर्वी नाइजीरिया के एक गांव में देर रात हमला कर दिया। इस हमले में दर्जनों लोगों की हत्या हो गई। यह गांव हाल ही में आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों के लिए बंद शिविर से लौटे निवासियों का घर था। गांव के ही रहने वाले मोहम्मद बाबागाना ने बताया कि बामा स्थानीय सरकारी क्षेत्र के दारुल जमाल पर शुक्रवार देर रात हुआ हमला। इस हमले में कम से कम 60 लोग मारे गए।
इधर महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के कोडोली गांव में रहने वाले दस वर्षीय बच्चे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक श्रवण अजीत गावड़े को दिला का दौरा पड़ने से हर कोई सदमे में है। परिजनों ने कहा कि गुरुवार की शाम को श्रवण इलाके के गणपति मंडल के पंडाल में खेल रहा था, उसी समय अचानक तबियत बिगड़ने के बाद दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई।
उधर खराब मौसम, बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं के कारण देश के कई राज्य प्रभावित हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में अब तक 123 लोगों की जान जा चुकी है। हरियाणा में 24 से अधिक मौतों के अलावा कई एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। पहाड़ी राज्य हिमाचल में बीते ढाई माह में 360 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सरकारी आंकड़े के मुताबिक 3900 करोड़+ का नुकसान हुआ है। उत्तराखंड में भी हर तरफ तबाही का मंजर है। राज्य सरकार ने नुकसान के मुआवजे के तौर पर केंद्र सरकार से 5700 करोड़ का राहत पैकेज मांगा है। पंजाब की नदियों में उफान के बाद 1500 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
इधर साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा। नई दिल्ली, मुम्बई, अहमदाबाद, जयपुर, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ कुछ लोकप्रिय शहर हैं, जहां पूर्ण चन्द्र ग्रहण दिखायी देगा। भारत में जहां भी ग्रहण दिखायी देगा, वहां पर चन्द्र ग्रहण से जुड़े सभी पारंपरिक अनुष्ठान लागू होंगे। दरअसल चंद्र ग्रहण के समय कई तरह की सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है। जैसे इस दौरान भोजन नहीं किया जाता, पूजा-पाठ और अन्य शुभ कार्यों पर भी रोक रहती है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तरकाशी जनपद के नौगांव बाजार के स्योरी फल पट्टी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। एक आवासीय भवन गदेरे के मलबे में दब गया। आधा दर्जन से भी अधिक भवनों में पानी भर गया है। देवलसारी गदेरे में एक मिक्चर मशीन और कुछ दुपहिया वाहनों के बहने की भी सूचना है। एक कार भी मलबे में दब गई है। खतरे को देखते हुए कई लोग अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही उत्तराखंड के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। आपदा में हुए भारी नुकसान के बीच राज्य ने केंद्र से 5702 करोड़ की विशेष सहायता मांगी है। राज्य में पांच अगस्त को उत्तरकाशी के धराली से शुरू हुआ आपदाओं का सिलसिला अब तक अनवरत जारी है। बादल फटने, भूस्खलन और भू-धंसाव की वजह से सैंकड़ों गांवों को नुकसान हुआ है। तमाम लोग आज भी राहत शिविरों में जीवन काट रहे हैं। इस बीच सोमवार को केंद्रीय टीम भी प्रदेश के आपदाग्रस्त इलाकों का दौरा करने के लिए उत्तराखंड आ रही है।
उधर भारतीय जनता पार्टी ने 16 संगठनात्मक जिलों की कार्यकारिणी घोषित कर दी। तीन अन्य संगठनात्मक जिलों की कार्यकारिणी बाद में घोषित की जाएगी। संगठन ने जिलों में टीम को मजबूत करने के लिए उपाध्यक्ष, महामंत्री, जिलामंत्री, कोषाध्यक्ष से लेकर कार्यालय मंत्री, सह-कार्यालय मंत्री, मीडिया संयोजक, आईटी संयोजक, सोशल मीडिया संयोजक, सोशल मीडिया सह-संयोजक के पदों पर पदाधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद संगठन के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, ऋषिकेश, रुड़की, चंपावत, अल्मोड़ा, काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, देहरादून ग्रामीण, पौड़ी, हरिद्वार, देहरादून महानगर, रानीखेत, नैनीताल और कोटद्वार की जिला कार्यकारिणी घोषित की गई है।