ऊधम सिंह नगरः रुद्रपुर में जुलूस-ए-मोहम्मद के दौरान कथित भड़काऊ भाषण का मामला! वायरल हुआ वीडियो, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मद के दौरान विवादित बयान का वीडियो सामने आया है। शहर के त्रिशूल चौक के पास दिए गए कथित विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति ईदगाह और मदरसों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाता नजर आ रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि वक्ता ने मदरसों को बंद किए जाने के मुद्दे पर सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। कथित बयान में कहा गया कि मदरसों में भी शिक्षा दी जाती है और उन्हें बंद किए जाने के फैसले पर समुदाय की ओर से नाराजगी सामने आ सकती है। वीडियो में वक्ता द्वारा कथित तौर पर यह भी कहा गया कि यदि मदरसों को बंद किया गया तो लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर सरकार को गंभीरता से सोचना होगा। इसके अलावा उसने समुदाय की भावनाओं और अधिकारों को समझने की बात कही। बताया जा रहा है कि ईदगाह में नमाज से जुड़े मुद्दे को लेकर पहले से समुदाय में नाराजगी की चर्चा रही है। इसी पृष्ठभूमि में वायरल वीडियो में ईदगाह और मदरसों का मुद्दा उठाए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।