Aug 28, 2026 Login

Viral Video: जूते साफ करवाऊंगी, तेरी कोई औकात नहीं है मेरे आगे! ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में महिला की दबंगई, गार्ड्स से बदसलूकी का वीडियो देख भड़के लोग

Viral Video: "I'll make you clean my shoes; you are nothing compared to me!" Woman's high-handed behavior in a Greater Noida society; people outraged after seeing video of her mistreating guards.

नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा में एक सोसाइटी के अंदर महिला के हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यहां बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी में एक महिला और सुरक्षा गार्डों के बीच हुआ विवाद खासा सुर्खियों में है। वायरल वीडियो में महिला सुरक्षा गार्डों के साथ तीखी बहस और कथित तौर पर अभद्रता करती नजर आ रही है। महिला की ओर से गार्ड को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा रहा है कि, ‘तेरी कोई औकात नहीं मेरे आगे, जूता साफ करवाऊंगी तुझसे।’ वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, महिला ने रात के समय ऑनलाइन सैनिटरी पैड और खाने का सामान ऑर्डर किया था। सामान लेकर डिलीवरी बॉय जब सोसाइटी पहुंचा तो सुरक्षा व्यवस्था के तहत गेट पर तैनात गार्ड ने उसे वेरिफिकेशन के लिए रोक लिया। इसी बात की जानकारी मिलने के बाद महिला भड़क गई और मौके पर पहुंचकर सुरक्षा गार्डों के साथ अभद्रता करने लगी। महिला द्वारा कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। सोशल मीडिया पर महिला के नशे में होने के दावे भी किए जा रहे हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। विवाद के दौरान महिला पर गार्डों के साथ मारपीट की कोशिश करने का भी आरोप है। बताया जा रहा है कि महिला ने कुर्सी पर बैठे एक गार्ड को लात मारने का प्रयास किया और एक अन्य गार्ड को थप्पड़ मारने की कोशिश की।

वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें...
https://www.facebook.com/reel/1490182686165618

मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला, गार्डों के साथ काफी देर तक बहस करती दिखाई दे रही है। महिला के कथित आपत्तिजनक शब्दों और गार्ड के प्रति किए गए व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और लगाए जा रहे आरोपों की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के मुताबिक, बिसरख थाना क्षेत्र की सेंचुरियन टेरेस होम सोसाइटी में एक महिला ने ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया था। डिलीवरी बॉय को सोसाइटी के गार्ड ने रोक लिया था, जिसके बाद महिला नाराज हो गई और हंगामा करने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।