Aug 19, 2026 Login

Good Morning India: आज अगर चाणक्य जिंदा होते, तो आपकी राजनीतिक कुटिलता पर वे भी चौंक जाते, लोकसभा में प्रियंका गांधी ने अमित शाह पर कसा तंज! पूरी तरह खुला हॉर्मुज, ट्रंप ने किए कई बड़े ऐलान! तमिलनाडु में बड़ा हादसा, 10 पर्यटकों की मौत! उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

Good Morning India: If Chanakya were alive today, he would be shocked by your political cunning. Priyanka Gandhi taunts Amit Shah in the Lok Sabha! The Strait of Hormuz is fully open, and Trump makes

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तमिलनाडु में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं आईपीएल में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर अपनी बातों को बेबाकी से रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण बिल का कांग्रेस पूरी तरीके से समर्थन करती है, लेकिन परिसीमन केवल नई जनगणान के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस बिल की आड़ में राजनीति कर रही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल सबसे पहले कांग्रेस ही लेकर आई थी। दरअसल, संसद विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में शुक्रवार को महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर चर्चा चल रही है। इसी चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि यह बिल आरक्षण से संबंधित है ही नहीं, बल्कि यह  परिसीमन से जुड़ा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि 543 सीटों में ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण क्यों नहीं लागू किया जा सकता है। प्रियंका गांधी ने केंद्री गृहमंत्री अमित शाह पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि शाह जी हंस रहे हैं, पूरी प्लानिंग पहले ही बना रखी है आज चाणक्य जिंदा होते, तो भी चौंक जाते। प्रियंका गांधी ने कहा कि अचानक चुनावों के बीत सदन की बैठक बुलाओ। बिल का प्रारूप चर्चा के एक दिन सार्वजनिक किया गया।

इधर कांग्रेस पार्टी के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जानकारी के मुताबिक, इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित ब्रिटिश नागरिकता मामले में एफआईआर दर्ज करने और जांच शुरू करने के आदेश दे दिए हैं। शिकायतकर्ता विग्नेश शिशिर द्वारा दायर याचिका पर एकल पीठ ने शुक्रवार को सुनवाई पूरी की जिसके बाद कोर्ट ने मामले में एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच शुरू करने के निर्देश दिए। बीते कई दिनों से इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में राहुल गांधी से जुड़े कथित दोहरी नागरिकता के मामले में दायर याचिका पर सुनवाई हो रही थी। जानकारी के अनुसार, ये याचिका कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस.विग्नेश शिशिर द्वारा दायर की गई थी। इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की पीठ द्वारा की जा रही थी। बता दें कि इस याचिका में 28 जनवरी 2026 को लखनऊ की स्पेशल MP/MLA कोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई थी जिसमें कोर्ट ने FIR दर्ज करने की याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने कहा था कि नागरिकता का मुद्दा उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। 

उधर मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान से अच्छी खबर आई है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने जानकारी दी है कि Strait Of Hormuz को कमर्शियल जहाजों के लिए खोल दिया गया है। अब किसी भी देश के जहाज को Hormuz में नहीं रोका जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि जब तक लेबनान में सीजफायर जारी रहेगा, जब तक Strait Of Hormuz वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला रहेगा, जो पेट्रोलियम और बाकी प्रोडक्ट्स लेकर खाड़ी से दुनियाभर में जाते हैं। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बड़ी जानकारी देते हुए एक्स पर पोस्ट किया, 'लेबनान में हुए सीजफायर के अनुरूप, होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए सीजफायर की शेष अवधि के लिए समुद्री मार्ग पूरी तरह से खोल दिया है। यहां से गुजरने वाले जहाजों को ईरान इस्लामी गणराज्य के पोर्ट और समुद्री संगठन की तरफ से पहले से घोषित समन्वित मार्ग का पालन करना होगा।'

इधर इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप पर दो पाम ऑयल प्लांटेशन के बीच उड़ान भर रहे एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एयरबस H130 मॉडल का यह हेलीकॉप्टर PT मैथ्यू एयर नुसंतारा कंपनी का था। यह गुरुवार को वेस्ट कलिमंतान प्रांत के मेलावी जिले से उड़ा था। उड़ान भरने के मात्र पांच मिनट बाद ही इसका संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर कुबु राया जिले में स्थित दूसरे पाम ऑयल प्लांटेशन की ओर जा रहा था। 

उधर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन इस साल भारत आ सकते हैं। वह सितंबर 2026 में नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेने आएंगे। क्रेमलिन के सूत्रों के अनुसार यह एक साल से भी कम समय में पुतिन की दूसरी भारत यात्रा  होगी। बता दें कि भारत 2026 में BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और नई दिल्ली 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सम्मेलन सितंबर में (संभावित रूप से 12-13 सितंबर) आयोजित होगा। भारत BRICS की चौथी बार मेजबानी कर रहा है। इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में भी मेजबानी कर चुका है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन "निश्चित रूप से" सम्मेलन में शामिल होंगे। रूसी समाचार एजेंसी TASS ने भी इस खबर की पुष्टि की है। भारत ने पुतिन को आधिकारिक निमंत्रण भेजा है और दोनों देशों के बीच कोई बाधा नहीं है।

इधर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हरिपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक औद्योगिक क्षेत्र में गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। यह घटना हरिपुर जिले के हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट में ‘ग्रैंड ट्रंक रोड’ के पास स्थित एक कारखाने के निकट हुई। बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि तुरंत भीषण आग लग गई, जो आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई। आग की चपेट में एक निकटवर्ती मकान भी आ गया, जिससे नुकसान और बढ़ गया तथा बचाव कार्य जटिल हो गया। पाकिस्तान की आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हरिपुर के जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग के तेजी से फैलने के दौरान कम से कम चार महिलाओं और छह बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं और बचाव कार्य अभी भी जारी है।

उधर जहां एक ओर ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सभी कमर्शियल जहाजों के लिए पूरी तरह से खोलने का ऐलान किया है वहीं अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि जब तक ईरान के खिलाफ 100 प्रतिशत डील नहीं हो जाती तब तक होर्मुज में अमेरिका नौसैनिकों की नाकाबंदी पूरी तरह से लागू रहेगी। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ईरान के साथ होने वाला समझौता लेबनान से किसी भी तरह से जुड़ा नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका लेबनान को फिर से मजबूत और स्थिर बनाने के लिए प्रयास करेगा।  उन्होंने लेबनान की जनता को आश्वासन देते हुए कहा, 'हम उसे फिर से महान बनाएंगे।' राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि कहा कि नए शांति समझौते के तहत, ईरान संयुक्त रूप से उत्खनन मशीनों का उपयोग करके अपने परमाणु स्थलों से एनरिच्ड यूरेनियम निकालेगा। इस यूरेनियम को बाद में सुरक्षा जांच के लिए सीधे अमेरिकी क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाएगा। राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा, 'हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो।' वहीं ईरान के विदेश मंत्रालय ने ट्रंप के इस दावे को खारिज कर दिया है।

इधर तमिलनाडु के वालपारई में भीषण वैन दुर्घटना हो गई है। इस घटना में 10 पर्यटकों की मौत हो गई है। केरल में रजिस्टर्ड यह टूरिस्ट गाड़ी वालपारई-पोल्लाची सड़क पर 13वें हेयरपिन मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि दुर्घटना के समय गाड़ी में 20 यात्री सवार थे। बता दें कि कोयंबटूर जिले के वालपारई में ये घटना हुई है। इसमें एक टूरिस्ट गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें सवार 10 लोगों की जान चली गई। रोड पर शार्प टर्न होने के कारण गाड़ी नीचे लुढ़क गई और एक्सीडेंट हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वलपराई-पोल्लाची घाट रोड पर गाड़ी बेकाबू हो गई और 13वें मोड़ से फिसलते हुए 9वें मोड़ तक नीचे चली गई। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, चारधाम यात्रा के आगाज के लिए मां गंगा की भोगमूर्ति विग्रह डोली में शनिवार दोपहर को अभिजीत मूहूर्त गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। इस मौके पर मुखबा गांव के ग्रामीण गंगा को कल्यो (कंडा) और स्थानीय फाफरे का भोेग लगाकर नम आंखों के साथ छह माह के प्रवास के लिए भावुकता के साथ विदा करते हैं। इस विशेष अवसर के लिए ग्रामीण अपने गांव पहुंच चुके हैं। तो श्रद्धालुओं का मुखबा पहुंचने का सिलसिला जारी है। गंगा जी की भोगूर्ति विग्रह डोली में शनिवार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर अभिजीत मूहूर्त में आर्मी बैंड व ढोल दमांऊ की अगुवाई में गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं के साथ गंगा की डोली मुखबा-जांगला के सात किमी के जोखिमभरे मार्ग से होते हुए उसके बाद रात्री विश्राम के लिए भैरो घाटी पहुंचेगी।

इधर उत्तराखण्ड में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है, शुक्रवार को सचिवालय सेवा के 26 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए तो वहीं 6 आईएएस का कार्यभार बदला गया है। इस लिस्ट में कई जिलों के एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं। शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बंशीलाल राणा को अब आयुक्त खाद्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा, युवा आईएएस अधिकारियों के कंधों पर भी नई जिम्मेदारियां डाली गई हैं। रानीखेत की जॉइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात का तबादला अब पौड़ी कर दिया गया है, जहां वह जॉइंट मजिस्ट्रेट की भूमिका निभाएंगी। वहीं पौड़ी में तैनात जॉइंट मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी को अब रानीखेत भेजा गया है।

उधर हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र के राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगल में साधु की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने नशे की हालत में लालच और गुस्से में आकर साधु की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी थी। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। शुक्रवार को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को वन विभाग के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक साधु का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर चौकी खड़खड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि करीब 45 वर्षीय साधु लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। उसे तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।