Good Morning India: बच्चों के लिए फेसबुक-इंस्टग्राम खतरनाक, यूएस कोर्ट ने Meta पर लगाया 3100 करोड़ रुपये का जुर्माना! होर्मुज पर ईरान का बड़ा फैसला, गैर-दुश्मन जहाजों को मिलेगी अनुमति! IPL इतिहास की सबसे बड़ी डील, RCB को मिला नया मालिक! मंत्रिमंडल विस्तार के बाद धामी कैबिनेट की पहली बैठक आज
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज आज दिल्ली में हरीश राणा का अंतिम संस्कार होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान ने साफ कर दिया है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य में सिर्फ ‘गैर-दुश्मन जहाजों’ को ही गुजरने की अनुमति होगी। ईरानी मिशन ने न्यूयॉर्क में बुधवार को X पर एक पोस्ट में लिखा, 'जो जहाज ईरान के दुश्मन नहीं हैं, ईरान के खिलाफ किसी भी आक्रामक कार्रवाई में शामिल नहीं हैं और उनका समर्थन भी नहीं करते, वे ईरान के सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें और ईरानी अधिकारियों से पहले समन्वय कर लें तो वे हॉर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजर सकते हैं।' ईरान के डिफेंस काउंसिल ने साफ किया कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी गैर-दुश्मन जहाजों को पहले ईरानी अधिकारियों से इजाजत लेनी होगी। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब तेहरान अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरानी क्षेत्र पर हो रहे सैन्य हमलों का जिक्र कर रहा है। राज्य प्रसारक प्रेस टीवी ने सोमवार को रिपोर्ट में बताया कि ईरान अब सख्ती बरत रहा है। डिफेंस काउंसिल ने चेतावनी भी दी है कि अगर अमेरिका या इजरायल ने ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा सुविधाओं पर फिर से हमला किया तो ईरानी सशस्त्र बल तुरंत 'निर्णायक और विनाशकारी' जवाब देंगे।
इधर फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप वाली कंपनी मेटा को तगड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने फेसबुक-इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म्स की पैरेंट कंपनी मेटा पर 375 मिलियन डॉलर यानी करीब 3100 करोड़ का जुर्माना लगाया है। दरअसल, न्यू मेक्सिको की एक जूरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया की बड़ी कंपनी मेटा को बच्चों के लिए असुरक्षित प्लेटफॉर्म बताया है। जूरी ने मेटा को बच्चों के लिए असुरक्षित बताया और उन्हें खतरे में डालने के लिए जिम्मेदार पाया। कोर्ट का मनना कि मेटा ने बच्चों की सुरक्षा और उनकी मानसिक सेहत से जुड़े खतरों को छिपाया और मुनाफे के चक्कर में नियमों का उल्लंघन किया। खबरों के के मुताबिक अमेरिका में न्यू मेक्सिको की कोर्ट ने मेटा को बच्चों के लिए अपने प्लेटफॉर्म की सेफ्टी के बारे में यूजर्स को गुमराह करने के लिए 375 मिलियन डॉलर यानी करीब 3100 करोड़ देने का ऑर्डर दिया है। एक जूरी ने पाया कि मेटा अपने प्लेटफॉर्म से बच्चों को खतरे में डालने और उन्हें सेक्सुअली एक्सप्लिसिट मटीरियल और सेक्सुअल प्रिडेटर के कॉन्टैक्ट में लाने के लिए जिम्मेदार है। मेटा फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की मालिक कंपनी है। मेटा ने कहा कि वह इस फैसले को चुनौती देगा।
उधर पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका -इजरायल के बीच भीषण जंग जारी है। वहीं अब ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कड़ी वार्निंग दी है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई के सैन्य सलाहकार मोहसेन रजाई ने कहा है कि अमेरिका के पास खुद को इस "दलदल" से निकालने के लिए समय बहुत कम बचा है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने ईरान के बुनियादी ढांचे पर अटैक किया तो अब जवाबी कार्रवाई "आंख के बदले आंख" नहीं, बल्कि "आंख के बदले सिर" की तर्ज पर होगी। रेज़ाई की चेतावनी ट्रंप के उस ऐलान के एक दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि US अगले 5 दिनों के लिए ईरान के एनर्जी स्ट्राइक और पावर प्लांट पर अपने हमले रोक देगा। IRNA के साथ एक टेलीविज़न इंटरव्यू में, अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के मिलिट्री एडवाइजर ने चेतावनी दी कि US के पास "अपने दलदल से खुद को बचाने" के लिए ज़्यादा समय नहीं बचा है। उन्होंने कहा, "अगर आप हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करते हैं, तो यह आंख के बदले आंख नहीं होगा, यह आंख के बदले सिर होगा, आप अपाहिज हो जाएंगे।" ईरान के टॉप लीडर ने आगे वॉशिंगटन को चेतावनी दी कि तेहरान "आपको पैरालाइज़ कर देगा और खाड़ी में डुबो देगा।"
इधर भारत में निष्क्रिय इच्छा मृत्यु की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति हरीश राणा का मंगलवार को निधन हो गया है। 13 साल से ज्यादा समय तक कोमा में रहने के बाद एम्स-दिल्ली में मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। 31 वर्षीय हरीश राणा को 14 मार्च को गाजियाबाद स्थित उनके घर से AIIMS के डॉ. बीआर आंबेडकर इंस्टिट्यूट रोटरी कैंसर अस्पताल की पैलिएटिव केयर यूनिट रखा गया था। वह 2013 से कोमा में थे। बता दें कि भारत में ये पैसिव यूथेनेसिया का पहला मामला है। हरीश का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह 9 बजे दिल्ली के ग्रीन पार्क शवदाह गृह में किया जाएगा। इसकी सूचना परिवार की ओर से अपनी सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप पर दी गई है। बता दें कि गाजियाबाद के हरीश राणा करीब 13 साल से अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ में रह कर पढ़ाई कर रहे हरीश 2013 में अपने हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिर गए थे। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं थी। उसके बाद से वह लगातार बिस्तर में अचेत हालत में थे। लगातार बिस्तर पर पड़े रहने के कारण उनके शरीर पर घाव बन गए थे।
उधर राजस्थान रॉयल्स की रिकॉर्ड डील के बाद अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लेकर भी एक ऐतिहासिक डील सामने आई है, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, RCB को आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले समूह ने करीब 16706 करोड़ रुपये (1.78 बिलियन डॉलर) में खरीद लिया है। इस समूह में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की प्राइवेट इक्विटी यूनिट भी शामिल है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस ग्रुप ने यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के साथ डील कर RCB की 100% हिस्सेदारी हासिल कर ली है। खास बात यह है कि इस सौदे में RCB की पुरुष और महिल दोनों टीमें शामिल हैं, जो फिलहाल IPL और WPL की मौजूदा चैंपियन हैं। इस डील के साथ ही RCB अब T20 क्रिकेट इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है। इससे पहले हाल ही में राजस्थान रॉयल्स को करीब 15300 करोड़ रुपये में बेचा गया था, लेकिन RCB ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
इधर रसोई गैस सिलिंडर के बुकिंग अंतराल में तेल कंपनियों ने मंगलवार को बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत अब उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और सामान्य उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग की समय सीमा अलग-अलग तय कर दी गई है। अब 5 किलो का 'छोटू' सिलिंडर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 16 दिन में, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को 9 दिन में मिल सकेगा। गैस की कालाबाजारी रोकने और खपत के सटीक आकलन के लिए जारी इस नई सूची का सबसे बड़ा असर जिले के 3.41 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों पर पड़ेगा। नई व्यवस्था के अनुसार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए 14.2 किलोग्राम वाले सिलिंडर की बुकिंग का अंतर बढ़ाकर 45 दिन कर दिया गया है। वहीं, सामान्य घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह सीमा 25 दिन निर्धारित की गई है। 10 किलो वाले कंपोजिट सिलिंडर 18 दिन में मिलेगा।
उधर देशभर में मौसम का मिजाज बदला बदला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 26 और 28 मार्च को सक्रिय होने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक व्यापक असर डालेंगे। कहीं भारी बारिश और बर्फबारी होगी, तो कहीं आंधी, बिजली और ओलावृष्टि का खतरा रहेगा, जबकि कई राज्यों में तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से गर्मी भी बढ़ेगी। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 26 मार्च को हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि 27 मार्च को इसका असर उत्तराखंड तक पहुंचेगा। 28 मार्च को एक बार फिर जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मैदानी राज्यों में भी इन पश्चिमी विक्षोभों का असर स्पष्ट दिखाई देगा।
इधर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें देर रात दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें सांस लेने में तकलीफ और पुराने ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या के कारण अस्पताल लाया गया। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी साथ में मौजूद रहे। डॉक्टर की टीम सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है, सोनिया गांधी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अप्रैल माह में प्रस्तावित उत्तराखंड के दौरे की तैयारियों के लिए हलचल शुरू हो गई है। मंगलवार को जिलाधिकारी सविन बंसल व एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जनसभा स्थल के चयन के लिए चंद्रबनी क्षेत्र का जायजा लिया। देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड बन कर तैयार है। लंबे समय से इसके उद्घाटन की चर्चा है। प्रधानमंत्री मोदी का अप्रैल माह में उत्तराखंड का दौरा है। हालांकि अभी तक अधिकारिक रूप से दौरा तय नहीं है। प्रधानमंत्री देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड का उद्धाटन कर सकते हैं। इसे देखते हुए शासन व प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है।
इधर एम्स के छठवें दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। समारोह 23 अप्रैल को एम्स के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। एम्स के दीक्षांत समारोह में पहली बार उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शामिल हो रहे हैं। इससे पूर्व राष्ट्रपति और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर चुके हैं। ऋषिकेश में एक फरवरी 2004 को अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान का शिलान्यास हुआ था। एम्स के मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2012 से एमबीबीएस के पहले बैच की शुरुआत हुई थी। वर्तमान में यहां एमबीबीएस की 125 सीटें हैं। यहां नर्सिंग काॅलेज में बीएससी व एमएसी नर्सिंग के पाठ्यक्रम भी संचालित हैं।
उधर कैबिनेट विस्तार के बाद धामी मंत्रिमंडल की आज पहली बैठक होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की उम्मीद है। इस बैठक में 5 नए नवेले मंत्री भी शामिल होंगे। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद इस बैठक में नए मंत्रियों का परिचय होगा तो पंचायतीराज, वन, शिक्षा और परिवहन विभागों के विषयों पर बड़े निर्णय भी लिए जा सकते हैं। धामी मंत्रिमंडल में 5 नए मंत्री शामिल करने के बाद अब कैबिनेट फुल हो चुकी है। अब चूंकि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सिर्फ 9 महीने का वक्त बचा है तो ऐसे में आज सचिवालय में होने जा रही कैबिनेट बैठक में चुनाव को लेकर ही कुछ बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं।