Good Morning India: सुबह-सुबह लगा झटका, फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल! केन्या में महंगाई के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, पुलिस की गोलीबारी में 4 की मौत! उत्तर-मध्य भारत में 'लू' का अलर्ट! ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे, मचा हड़कंप

Good Morning India: Early morning shock, petrol and diesel prices rise again! People in Kenya take to the streets to protest inflation, four killed in police firing! Heat wave alert in north-central

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज से अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वहीं आईपीएल में आज राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देशवासियों को एक बार फिर महंगाई का बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों ने आज एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने इस बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 0.90 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। बताते चलें कि इससे पहले तेल शुक्रवार, 15 मई को ही कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। बीते 5 दिनों में तेल की कीमतों में ये दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है। इन 5 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम 3.90 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। बताते चलें कि मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव की स्थिति की वजह से कच्चे तेल की सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित हुई है। सप्लाई में बाधा आने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। तेल कंपनियों ने काफी समय तक खुद ही कच्चे तेल की कीमतों पर जारी भारी बढ़ोतरी का भार उठाया। लेकिन, अब तेल कंपनियों ने कच्चे तेल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी का भार आम जनता पर भी डालना शुरू कर दिया है।

उधर मिडिल ईस्ट में जंग के  बादल एक बार फिर से मंडराने लगे हैं। सीजफायर के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार जारी है और अब तक शांति प्रस्ताव पर समझैता नहीं हो सका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार कह रहे हैं कि ईरान के लिए समय खत्म हो रहा है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि अमेरिका ईरान के ऊपर फिर से हमले शुरू कर सकता है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने क बड़ा ही चौंकाने वाला दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका आज मंगलवार को ईरान पर हमले शुरू करने वाला था लेकिन कतर, सऊदी अरब और यूएई के अनुरोध पर इस हमले को टाल दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर किए गए एक पोस्ट में लिखा- "कतर के अमीर, तमीम बिन हमद अल थानी, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस, मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मुझसे ईरान पर कल (भारतीय समयानुसार आज) होने वाले हमारे नियोजित सैन्य हमले को स्थगित करने का अनुरोध किया है, क्योंकि गंभीर वार्ता चल रही है और उनके विचार में, महान नेताओं और सहयोगियों के रूप में, एक समझौता हो जाएगा, जो संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ-साथ मध्य पूर्व और उससे परे के सभी देशों को स्वीकार्य होगा।

इधर केन्या की राजधानी नैरोबी में सोमवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इस हिंसक झड़प में चार लोगों की मौत हो गई। 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह झड़प तब हुई, जब ईंधन की रिकॉर्ड कीमतों के विरोध में पूरे देश में सार्वजनिक परिवहन की हड़ताल शुरू हुई। गृह मंत्री किपचुम्बा मुरकोमेन ने यह भी बताया कि 348 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन पर 'हिंसक और गैर-कानूनी' विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने का आरोप लगाया जाएगा। उन्होंने यह नहीं बताया कि उन चार लोगों की मौत कैसे हुई, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि नैरोबी में पुलिस ने गोलियां चलाई थीं। राजधानी में हिंसक झड़प के चलते शहर के कई उपनगरों में यात्री फंस गए। शहर का मुख्य केंद्र में एकदम सन्नाटा पसर गया, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़कों पर टायर जलाए और वाहन चालकों पर हमला करते हुए कम से कम दो वाहनों में आग लगा दी।

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मीडिया आउटलेट्स पर हमला बोला है। उन्होंने ईरान के साथ जारी संघर्ष से जुड़ी रिपोर्टिंग को लेकर मुख्यधारा के मीडिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ट्रंप ने सीधे तौर पर कहा है कि कुछ अमेरिकी मीडिया संस्थान ईरान युद्ध को लेकर पूरी तरह से गलत, पक्षपातपूर्ण और भ्रामक तरीके से खबरें प्रसारित कर रहे हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि मान लेते हैं कि ईरान पूरी तरह आत्मसमर्पण कर देता है। वह मान लेता है कि उसकी नौसेना खत्म हो चुकी है और समुद्र की तलहटी में डूब गई है। उसकी वायुसेना का नामोनिशान मिट चुका है। ईरान की पूरी सेना तेहरान से बाहर आ जाती है। वे अपने हथियार डाल देते हैं और हाथ ऊपर उठा लेते हैं। हर एक सैनिक सफेद झंडा लहराते हुए जोर-जोर से चिल्लाता है कि 'मैं सरेंडर करता हूं।' ईरान का बचा हुआ पूरा नेतृत्व आत्मसमर्पण के जरूरी दस्तावेजों पर दस्तखत कर देता है। वे महान और शक्तिशाली अमेरिका के सामने अपनी घुटने टेकने वाली हार स्वीकार कर लेते हैं। ट्रंप ने आगे लिखा कि इसके बावजूद यह फेक न्यूज मीडिया देश को सच नहीं दिखाएगा। 'द फेलिंग न्यूयॉर्क टाइम्स', 'द चाइना स्ट्रीट जर्नल' और 'सीएनएन' जैसी संस्थाएं कुछ और ही खबर चलाएंगी। ये सब मिलकर अपने अखबारों और चैनलों पर यही बड़ी हेडलाइन लगाएंगे कि ईरान ने संयुक्त राज्य अमेरिका पर जीत हासिल की है। ये मीडिया संस्थान दिखाएंगे कि यह मुकाबला दूर-दूर तक बराबरी का नहीं था। ट्रंप ने कहा कि फेक मीडिया पूरी तरह अपना रास्ता भूल चुके हैं और सचमुच बिल्कुल पागल हो गए हैं।

इधर पूरा उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत सोमवार को भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहा। राजस्थान के बाड़मेर में पारा पिछले 24 घंटों में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली एनसीआर के शहरों में दिन का तापमान 42 ये 43 डिग्री तक दर्ज किया गया। यूपी के बांदा में सोमवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री पहुंच गया। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, यूपी, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र आदि राज्यों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए इन राज्यों में लू और तापमान 45 डिग्री के पार जाने का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बेहद गर्म रात की चेतावनी जारी की गई है और इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उधर केंद्र सरकार देश के 18 शहरों में वाटर मेट्रो ट्रांसपोर्ट सिस्टम शुरू करने की योजना पर काम कर रही है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। मंत्रालय ने नेशनल वाटर मेट्रो पॉलिसी का एक ड्राफ्ट तैयार किया है। इसे चर्चा के लिए दूसरे मंत्रालयों के पास भेजा गया है ताकि जल्द ही इस प्रोजेक्ट को पूरे देश में लागू किया जा सके।  इस योजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में उत्तर प्रदेश के वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज के साथ-साथ श्रीनगर और पटना में वाटर मेट्रो शुरू करने की तैयारी है। दूसरे चरण में असम के दो शहरों, तेजपुर और डिब्रूगढ़ को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की प्रगति जानने के लिए एक समीक्षा बैठक की।

इधर पंजाब के पटियाला से इस वक्त की बड़ी खबर है। यहां के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज पटियाला के सेकंड ईयर के मेडिकल स्टूडेंट कमल मित्तल की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय कमल मित्तल मांसा जिले के बरेटा के रहने वाले थे और पटियाला के न्यू लाल बाग इलाके में पीजी में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि देर शाम जब दोस्तों और परिचितों को उससे संपर्क नहीं हो पाया, तो वे उसके कमरे तक पहुंचे। वहां कमल का शव खून से सना हुआ मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर ने गले पर कई वार किए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सबूत जुटाए हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, ऋषिकेश में योगनगरी रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा हो गया है। योगनगरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची उज्जैनी एक्सप्रेस जब वाशिंग लाइन में शंटिंग हो रही थी, तभी वह अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते वह वॉशिंग लाइन ट्रैक पर तेजी से आगे बढ़ी और एंड पॉइंट पर तेज आवाज के साथ बफर स्टॉप से टकरा गई। घटना में इंजन के पीछे के तीन डब्बे पटरी से उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन अचानक तेज गति से आगे बढ़ी और कुछ दूरी पर जाकर पटरी छोड़ दी। इसके बाद डिब्बे झटके के साथ एक दीवार से जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के दौरान जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। मौके पर रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराया और ट्रैक पर आवाजाही रोक दी गई।

इधर उत्तराखंड के प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज में गश्त के दौरान वनकर्मियों को एक नर बाघ मृत अवस्था में मिला। बाघ का शव धारा बीच क्षेत्र में धारा सोक के किनारे पड़ा मिला। जिसके बाद वनकर्मियों में हड़कंप मच गया वनकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। जिसके बाद कॉर्बेट पार्क के डायरेक्टर डॉ. साकेत बडोला के निर्देश में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की गई। सूचना मिलने पर कॉर्बेट पार्क के उपनिदेशक राहुल मिश्रा, पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं कॉर्बेट के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्साधिकारी डॉ. दुश्यंत शर्मा भी मेडिकल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में बाघ के शव का निरीक्षण किया गया और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण यानी एनटीसीए की गाइडलाइन के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।

उधर सरकार ने ढाई लाख से अधिक कर्मचारियों व पेंशनर को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में दो प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार की तर्ज पर अब राज्य कर्मचारियों को अब 58 प्रतिशत के स्थान पर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। यह भत्ता एक जनवरी, 2026 से लागू माना जाएगा। जनवरी से अप्रैल तक का भुगतान एरियर के रूप में मई के वेतन के साथ किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली से आच्छादित कर्मचारियों के एरियर में 10 प्रतिशत की अंशदान के रूप में कटौती की जाएगी। वित्त सचिव वी षणमुगम की ओर से इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी किया गया।