Good Morning India: दिल्ली में फिर हैवानियत, प्राइवेट बस में महिला के साथ गैंगरेप! मोदी सरकार का बड़ा फैसला, चीनी के निर्यात पर रोक! नीट पेपर लीक मामले में 5 गिरफ्तारी, सीबीआई की रडार पर पूरा सिंडिकेट! व‍िराट कोहली ने रचा इत‍िहास, रोहित-धोनी पीछे छूटे

Good Morning India: Delhi witnesses another brutality, a woman gang-raped on a private bus! The Modi government makes a major decision, banning sugar exports! Five arrests in the NEET paper leak case

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज भारत में ब्रिक्स समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक होगी। वहीं आज दिल्ली में वकीलों का हड़ताल रहेगी। इधर चीन दौरे पर गए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नीट को लेकर देश भर में बवाल मचा हुआ है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। सीबीआई ने पूरे मामले केस दर्ज कर लिया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त लिखित शिकायत के बाद सीबीआई ने एक्शन लेना शुरु कर दिया। पांच टीमों को गठित कर राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भेजना शुरु कर दिया है। इधर राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की जांच में सामने आया है कि नीट का लीक पेपर 10 राज्यों में बेचा गया था। इनमें राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, केरलम, उत्तराखंड सहित अन्य राज्य शामिल हैं। एसओजी ने सभी राज्यों के नाम आधिकारिक तौर पर नहीं बताएं हैं। एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने स्वीकार किया कि यह पेपर माफियाओं तक परीक्षा से दो से तीन सप्ताह पहले ही पहुंच गया था। इधर मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही देशभर में कई ठिकानों पर छापेमारी भी की गई है। 3 आरोपी जयपुर से, 1 गुरुग्राम से और 1 आरोपी को नासिक से गिरफ्तार किया गया। सीबीआई ने 12 मई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में NEET UG-2026 परीक्षा के संचालन में अनियमितता और पेपर लीक के आरोप लगाए गए थे। एफआईआर में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स प्रिवेंशन) एक्ट 2024 की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। अब तक सीबीआई ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 आरोपी जयपुर से, 1 गुरुग्राम से और 1 नासिक से पकड़ा गया है। इसके अलावा कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी ने देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान भी चलाया। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। 

उधर चीनी के निर्यात पर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने  कच्चे, सफेद और रिफाइंड चीनी के एक्सपोर्ट पर तत्काल प्रभाव से 30 सितंबर, 2026 तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा कीमतों और आपूर्ति श्रृंखला में अस्थिरता पैदा हो गई है। बुधवार देर रात जारी एक अधिसूचना में विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने कहा कि निर्यात प्रतिबंध सितंबर के अंत तक या अगले आदेश तक लागू रहेगा। यह कदम सरकार की नीति में एक बड़ा बदलाव है, जिसने पहले अधिशेष उत्पादन की उम्मीद में सीमित चीनी निर्यात की अनुमति दी थी। सरकार को डर है कि यदि मानसून उम्मीद से कम रहता है या भू-राजनीतिक तनाव के कारण खाद की आपूर्ति बाधित होती है, तो भारत का शुगर बैलेंस शीट बिगड़ सकता है। 2026-27 के दौरान कम बारिश की आशंका और उर्वरकों की कमी के कारण उत्पादन गिरने का डर है।

इधर राजधानी दिल्ली में गुरुवार को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली में एक बस में महिला के साथ गैंगरेप किया गया है। पीड़िता महिला ने घटना की सूचना पुलिस को दी तब पुलिस ने मामले में एक्शन लिया और घटना से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिस बस में महिला के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया है, वह एक प्राइवेट बस बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई बस को भी जब्त कर लिया। फिलहाल मामले से जुड़े दोनों आरोपी गिरफ्तार बताए जा रहे हैं। 

उधर यूपी में बुधवार देर शाम तेज आंधी-तूफान ने कहर बरपाया है। इस आंधी-तूफान से प्रदेश के कई जिलों में कुल 37 लोगों की मौत की खबर है। प्रयागराज, फतेहपुर, बदायूं और भदोही जिले में तेज आंधी-तूफान ने तबाही मचाई है। फतेहपुर में कई बिल्डिंग्स की दीवारें गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में 17 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही भदोही में भारी बारिश के साथ आए शक्तिशाली तूफान के कारण 6 लोगों की मौत हो गई। कई जगहों पर पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं। बदायूं में तेज आंधी-तूफान से 5 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। प्रयागराज में आंधी-तूफान से जुड़े हादसों में अब तक जिले में 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 5 महिलाएं, 4 बच्चे और आठ पुरुष शामिल हैं। सबसे ज्यादा सात मौतें हंडिया तहसील में दर्ज की गई हैं। इसके अलावा फूलपुर में 4, सोरांव में 3, मेजा में 2 और सदर क्षेत्र में एक व्यक्ति की जान गई है। तेज आंधी के चलते 20 पशुओं की भी मौत हुई है और 16 मकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, बदायूं में भीषण धूल भरी आंधी और बारिश के कारण हुई अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग लड़कियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। 

इधर देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच अब दूध भी महंगा हो गया है। अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें 14 मई से लागू हो गई हैं। इसका सीधा असर लाखों परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा। मदर डेयरी ने बताया कि पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की लागत करीब 6% तक बढ़ गई है। चारे, परिवहन और अन्य खर्चों में वृद्धि के कारण कंपनी पर लागत का दबाव बढ़ा है। कंपनी का कहना है कि बढ़ी हुई लागत का केवल एक हिस्सा ही ग्राहकों पर डाला गया है, ताकि किसानों और उपभोक्ताओं दोनों के हितों का संतुलन बना रहे। मदर डेयरी के मुताबिक उसकी दूध बिक्री से होने वाली 75% से 80% आय सीधे किसानों और दूध खरीद पर खर्च होती है। नई दरों के अनुसार अब टोकन दूध ₹58 प्रति लीटर मिलेगा, जो पहले ₹56 था। फुल क्रीम दूध की कीमत ₹70 से बढ़कर ₹72 प्रति लीटर हो गई है।

उधर देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ने लगी है। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने संकेत दिए हैं कि अगर पश्चिम एशिया का संकट लंबे समय तक जारी रहा, तो सरकार को पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं। उनके इस बयान के बाद आम लोगों और बाजार दोनों की चिंता बढ़ गई है। स्विट्जरलैंड में एक सम्मेलन के दौरान RBI गवर्नर ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य में रुकावट के कारण तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है। ऐसे में तेल महंगा होने का सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता की जेब पर पड़ता है।

इधर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बुधवार को रायपुर में अपने बल्ले से समां बांध दिया। उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेलकर न सिर्फ उपलब्धियां हासिल कीं बल्कि प्रशंसकों के दिल पर एक बार फिर अमिट छाप छोड़ी। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ खेले गए आईपीएल मुकाबले में किंग कोहली की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत आरसीबी ने छह विकेट से जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। पिछले दो मैचों में लगातार शून्य पर आउट होने के बाद कोहली ने इस मुकाबले में जैसे ही पहला रन बनाया, उनके चेहरे की खुशी साफ झलक रही थी और आत्मविश्वास की वापसी के बाद उन्होंने जो किया वह इतिहास में दर्ज हो गया। आरसीबी के पूर्व कप्तान ने 58 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का नौवां शतक पूरा किया। इससे पहले उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर जोस बटलर हैं, जिन्होंने सात शतकीय पारियां खेली हैं। वहीं, क्रिस गेल (6), केएल राहुल (6) और संजू सैमसन (5) क्रमश: तीसरे (संयुक्त) और चौथे पायदान पर हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देवभूमि में मौसम का मिजाज बदला बदला है। इस बीच कई जगहों पर तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। वहीं मौसम विभाग ने आज फिर कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इस दौरान गरज के साथ आकाशीय बिजल चमकने व झोंकेदार हवाएं चलने का अंदेशा जताया गया है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य के पर्वर्तीय जनपदों मे कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है। जबकि 4500 मीटर व उससे अधिक ऊं चाई वाले इलाकों को बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। उत्तराखंड के मैदानी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजल चमकने व झोंकेदार हवाएं (30-40) किमी प्रति घंटा चलने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इधर चंपावत में कथित नाबालिग गैंगरेप प्रकरण में साजिश रचने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें एक कांग्रेस नेता भी शामिल है। जिन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अभी तक 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने निर्दोष व्यक्तियों को गंभीर मामले में फंसाने की योजना बनाई थी। बता दें कि इस पूरे मामले में पूर्व में कमल सिंह रावत और उनकी महिला मित्र को गिरफ्तार के पहले ही जेल भेजा गया था। वहीं, अब पुलिस टीम ने नामजद आरोपी आनंद सिंह महरा समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जबकि, अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पुलिस टीम की ओर से जांच की जा रही है।