Good Morning India: देशभर में दीपोत्सव का उल्लास, 26.17 लाख दियों से जगमगाई रामनगरी, बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड! दीवाली पर परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा के घर गूंजी किलकारी! पेरिस के Louvre म्यूज़ियम में दिनदहाड़े बड़ी डकैती, अमेरिका में ट्रंप के खिलाफ सड़कों पर उतरे 70 लाख लोग! जानें आज क्या रहेगा खास?

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गोवा के तट पर भारतीय नौसेना के जवानों के साथ मनाएंगे दिवाली। बदरी-केदार में आज सोमवार को दीपावली मनाई जाएगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दीपावली के मौके पर रामनगरी अयोध्या में 26,17,215 दीये जलाए गए। इसके साथ ही वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दीपोत्सव समारोह के दौरान बनाए गए दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रमाण पत्र लिए। यहां एक साथ सबसे ज्यादा लोगों द्वारा 'दीये' जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। इसके साथ ही, पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन, अयोध्या ने 26,17,215 तेल के दीयों का सबसे बड़ा प्रदर्शन भी किया। अयोध्या में साल 2017 से दीपोत्सव कार्यक्रम हो रहा है। हर साल यहां दीयों की संख्या बढ़ जाती है। शुरुआत में यहां एक लाख के करीब दीये जलाए गए थे। अब यह संख्या 26 लाख के पार पहुंच चुकी है।
इधर देशभर में आज दिवाली की पर्व को धूमधाम से मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
उधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर टैरिफ को लेकर भारत को धमकाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि अगर भारत रूस से तेल खरीदना जारी रखता है तो उसे भारी टैरिफ चुकानी होगी। ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब वाशिंगटन उन देशों पर दबाव बढ़ा रहा है जो रूस से तेल खरीदना जारी रखते हैं। अमेरिका का कहना है कि तेल से होने वाली आमदनी के कारण रूस यूक्रेन में युद्ध जारी रखे हुए है।
इधर दीपावली को लेकर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की ऑफिशियल छुट्टियों की लिस्ट जारी कर दी गई है। आरबीआई के मुताबिक 20 अक्टूबर 2025, सोमवार को दिवाली, नरक चतुर्दशी और काली पूजा के मौके पर कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इनमें त्रिपुरा, गुजरात, मिजोरम, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड, सिक्किम, असम, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, केरल, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली (NCT), गोवा, छत्तीसगढ़, झारखंड, मेघालय, हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। वहीं 21 अक्टूबर, मंगलवार को दिवाली अमावस्या (लक्ष्मी पूजन), दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवसर पर बैंक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, मणिपुर, छत्तीसगढ़, जम्मू और श्रीनगर में बंद रहेंगे। यानी अगर आप इन राज्यों में रहते हैं तो 21 तारीख को कोई बैंक से जुड़े काम नहीं कर पाएंगे।
उधर दीपावाली की खुशियों के बीच एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आप राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के घर किलकारी गूंजी है। दिवाली से एक दिन पहले छोटी दिवाली पर दोनों पेरेंटस बन गए हैं और इस गुड न्यूज को कपल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडस पर फैंस के साथ साझा किया है। इस खबर के सोशल मीडिया पर सामने आने के चंद मिनट बाद ही बधाइयों का तांता लग गया। कपल को फिल्म इंडस्ट्री के साथ ही राजनीतिक जगत से बधाई मिल रही है। कपल के फैंस भी काफी एक्साइटेड हैं और उनकी खुशी में शामिल हो रहे हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और उनके पति आप नेता राघव चड्ढा ने 19 अक्टूबर 2025 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। परिणीति ने बेबी बॉय को जन्म दिया है। दोनों ही बेटे के जन्म से काफी उत्साहित हैं।
इधर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में तीन करोड़ की कफ सिरप जब्त की गई है। सरकार ने इस कफ सिरप पर पहले ही बैन लगा रखा है। प्रतिबंधित कफ सिरफ की 1.19 लाख बोतलें झारखंड ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने सोनभद्र में जांच के दौरान इन्हें पकड़ा। पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की और इस सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि गाजियाबाद से झारखंड दो कंटेनर ट्रकों में ले जाई जा रही लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य की 1.19 लाख बोतलें प्रतिबंधित कफ सिरप शनिवार शाम जब्त की गईं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
उधर फ्रांस की राजधानी पेरिस के लूव्र म्यूज़ियम में रविवार को दिनदहाड़े एक बड़ी दुस्साहसिक डकैती का शिकार हो गया। इस दौरान नेपोलियन और जोसेफीन से जुड़े आभूषण भी चोरी हो गए। इससे न केवल आगंतुक, बल्कि म्यूज़ियम के अधिकारी भी हैरान रह गए। यह घटना दिनदहाड़े हुई और म्यूज़ियम को तुरंत खाली कर दिया गया। चोरों ने नेपोलियन और जोसेफीन से जुड़ी कीमती आभूषणों को चोरी करके फरार हो गए। इस डकैती के बाद म्यूज़ियम को बंद कर दिया गया और पुलिस जांच में जुट गई है।
इधर अमेरिका की सड़कों पर राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ लाखों लोग सड़क पर उतर चुके हैं। यह अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन करने के लिए अमेरिकी की जनता सड़क पर मार्च कर रही है। इस दौरान अमेरिका के 2700 स्थानों पर 70 लाख से ज्यादा लोग ट्रंप की नीतियों, खासकर उनके ट्रांसजेंडर विरोधी बयान और अन्य विवादास्पद फैसलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ट्रंप के खिलाफ लोगों में भारी गुस्सा है। इस विशाल विरोध प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और नागरिक समूहों ने भाग लिया, जिसमें महिलाओं के अधिकारों के लिए कार्य करने वाले संगठनों से लेकर पर्यावरण कार्यकर्ता और ट्रंप प्रशासन की नीतियों के विरोधी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप के शासनकाल की आलोचना करते हुए ‘अब और नहीं’ (No more) और ‘हमें बदलाव चाहिए’ (We need change) जैसे नारे लगाए। इस विरोध प्रदर्शन का आह्वान ट्रंप के प्रशासन के खिलाफ बढ़ते असंतोष और उनके द्वारा उठाए गए निर्णयों के विरोध में किया गया था।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देशभर में दीपावली की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड के चारधामों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। दीपावली को लेकर बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम में मंदिरों को फूलों से सजाया गया है। दीपावली के मौके पर चारोंधामों में सफाई और सजावट का काम पूरा हो चुका है। इस दिन मंदिरों में भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। साथ ही प्रसाद वितरण भी किया जाता है।
इधर दीपावली के दौरान लोग जमकर आतिशबाजी करते हैं, जिसके चलते कई बार लोग घायल हो जाते हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी आग लगने की संभावनाएं बनी रहती हैं, ऐसे में दमकल और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका अहम होती है। जहां एक ओर पुलिस प्रशासन ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद में जुटा है, वहीं, दूसरी ओर दीपावली पर्व पर कोई अनहोनी या आगजनी की घटनाएं ना हो, इसके लिए फायर ब्रिगेड ने भी कमर कस ली है। साथ ही आपात स्थिति के लिए 108 एम्बुलेंस को भी जगह-जगह तैयार रखा गया है।
उधर थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी रविवार को जिले के सीमांत क्षेत्र ज्योलिंगकांग पहुंचे और सेना के जवानों का हौसला बढ़ाते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में तैनाती के बीच दीपावली पर्व पर जवान अपने घर-परिवार से दूर हैं। ऐसे में वह उनके साथ दीपावली मनाने यहां पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने जवानों से उच्च हिमालयी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान आने वाली परेशानियों और अन्य समस्याओं पर चर्चा की और उनकी चौकसी की सराहना की।
इधर दिवाली पर 24 घंटे जगमग रखने के लिए यूपीसीएल ने खास प्लान तैयार किया है। कहीं कोई आपूर्ति संबंधी बाधा आएगी तो उसे न्यूनतम समय में दूर कर दिया जाएगा। यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार ने बताया कि इन दिनों बिजली की मांग करीब 4.6 करोड़ यूनिट चल रही है। इसके सापेक्ष उपलब्धता भी करीब इतनी ही है। दिवाली पर बिजली की मांग पांच करोड़ यूनिट से ऊपर पहुंचने का अनुमान है। इसके लिए यूपीसीएल ने पूरी तैयारी की है। बाजार से अनुमानित मांग के तहत बिजली खरीदी जाएगी।