Good Morning India: कैलिफोर्निया में हिमस्खलन ने मचाई तबाही, 9 स्कीयरों में से 8 के शव बरामद! फ्लाइट में बदसलूकी की तो पड़ेगा महंगा, सख्त कार्रवाई की सिफारिश! मथुरा में बड़ा हादसा, एक ही परिवार चार युवकों की मौत! एनएच 74 घोटाले में करोड़ों की संपत्ति अटैच
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। वॉशिंगटन में गाजा पीस बोर्ड की पहली मीटिंग आज, भारत नहीं होगा शामिल।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पुणे जिले के जुन्नर तालुका स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली किला शिवनेरी पर शिवजयंती के अवसर पर इस वर्ष भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राज्यभर से शिवज्योति लेकर पहुंचे युवाओं, विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं और दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के कारण किला परिसर रात से ही खचाखच भरा रहा। बढ़ती भीड़ पर नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त नहीं होने से कुछ समय के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए। अंबरखाना के नीचे हाथी दरवाजा क्षेत्र और गणेश दरवाजा जैसे संकरे मार्गों पर अत्यधिक भीड़ जमा हो गई। रास्ते संकरे होने और एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के आगे बढ़ने से अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस अफरा-तफरी में कुछ महिलाओं और छोटे बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल जुन्नर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और उद्घाटन भाषण देंगे। पीएम मोदी आज सुबह लगभग 9:40 बजे शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और उद्घाटन भाषण देंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी सचिव एस.कृष्णन ने कहा है कि गुरुवार को एआई इंपैक्ट समिट पब्लिक के लिए बंद रहेगा। गुरुवार को सिर्फ वही व्यक्ति समिट में आ सकेंगे जिनके पास निमंत्रण पत्र होगा। इसकी जगह सरकार ने एआई समिट को 21 फरवरी को भी जारी रखने का फैसला किया है।
उधर मथुरा के मगोर्रा थाना क्षेत्र के नगला देविया मोड़ पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार फ्राॅन्क्स कार अनियंत्रित होकर रजबहे में गिर गई। हादसे में कार सवार चारों युवकों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। हालांकि इससे पहले ग्रामीणों ने युवकों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक सभी की जान चली गई थी। पुलिस के मुताबिक मगोर्रा क्षेत्र के रहने वाले चार हमउम्र युवक कार में सवार होकर गोवर्धन होते हुए डीग क्षेत्र में सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कस्बा महावन के मोहल्ला बलदेव गढ़ निवासी राहुल (23) उनके चचेरे भाई मोहित (21) और अमित (23) एक अन्य दोस्त के साथ बुधवार शाम राजस्थान के डीग जिले के लिए निकले थे। गाड़ी स्वामी एडवोकेट सज्जन सिंह ने बताया कि इस गाड़ी को अमित ही चलाता था।
इधर अमेरिका के कैलिफोर्निया में बर्फीले तूफान और हिमस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। बुधवार को पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ताहो क्षेत्र के कैसल पीक पर आए भीषण हिमस्खलन के बाद लापता हुए नौ स्कीयरों में से आठ स्कीयरों की मौत हो गई है। बचाव दलों ने उनके शव बरामद कर लिए हैं, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है। नेवादा काउंटी की शेरिफ शानन मून ने इस त्रासदी की पुष्टि करते हुए कहा, "बचाव टीमें पूरी शिद्दत से काम कर रही हैं, लेकिन आठ सदस्यों को खोना एक बड़ी त्रासदी है। हम अभी भी एक लापता सदस्य की तलाश कर रहे हैं और उसे खोजने की हर संभव कोशिश जारी है।"
उधर भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए ग्रुप-ए में आखिरी मुकाबले में नीदरलैंड्स के खिलाफ शानदार 17 रनों से जीत दर्ज की है। टीम इंडिया ने इसी के साथ ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में 8 अंकों के साथ टॉप पर खत्म किया है। अब सुपर-8 में भी भारतीय टीम की कोशिश इसी तरह का प्रदर्शन करने की कोशिश रहेगी। टीम इंडिया ने नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 193 रनों का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 176 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। अब टीम इंडिया का अगला मैच सुपर-8 स्टेज में 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका की टीम के खिलाफ अहमदाबाद के स्टेडियम में ही खेलना है।
इधर विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA ने हवाई यात्रा के दौरान अनुशासनहीन व्यवहार करने वाले यात्रियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने का प्रस्ताव रखा है। ड्राफ्ट संशोधित नियमों के तहत एयरलाइंस को ऐसे यात्रियों पर बिना देरी के सीधे 30 दिनों तक उड़ान प्रतिबंध लगाने की अनुमति देने की सिफारिश की गई है। DGCA के अनुसार, विमान, यात्रियों और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऑनबोर्ड अनुशासन बनाए रखने के लिए ‘नो/जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ लागू करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, हर एयरलाइन को बदसलूकी की घटनाओं से निपटने और उनकी रिपोर्ट DGCA को भेजने के लिए एक स्पष्ट स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर यानी SOP तैयार कर उसे लागू करना होगा। यह SOP सभी संबंधित हितधारकों के साथ साझा करना भी अनिवार्य होगा। उड़ान प्रतिबंध पर आखिर फैसला के लिए एयरलाइन एक स्वतंत्र समिति गठित करेगी, जिसमें किसी अन्य एयरलाइन का प्रतिनिधि भी शामिल होगा। हालांकि, कुछ विशेष मामलों में एयरलाइन बिना समिति की मंजूरी के सीधे 30 दिनों तक का बैन लगा सकेगी।
उधर यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में फेरबदल होने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह मोहन भागवत से हुई मुलाकात ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री बुधवार को रात आठ बजे संघ प्रमुख से मिले राजधानी के निराला नगर स्थित संघ कार्यालय परिसर में सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे। एकांत में दोनों के बीच करीब 35 मिनट तक बातचीत हुई। हालांकि इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है। बता दें कि संघ प्रमुख दो दिवसीय प्रवास पर राजधानी में हैं। बुधवार को उनके प्रवास का अंतिम दिन था। सीएम की भागवत से मुलाकात निहायत ही एकांत में बंद कमरे में हुई। मौजूदा समय में प्रदेश की सियासत के स्तर पर होने वाले बदलाव को देखते हुए इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। दोनों के बीच मुलाकात को भले ही शिष्टाचार बताया जा रहा है किस लेकिन योगी की बार-बार संघ प्रमुख से होने वाली मुलाकातों को लेकर अटकलों का बाजार गरम है।
इधर अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता जारी रहने के बावजूद, ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की तैयारी तेज कर रहा है। एक विशेष रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि यदि बातचीत विफल होती है, तो अमेरिका-इजरायल संयुक्त अभियान शुरू हो सकता है, जो पिछले जून में हुए 12 दिवसीय हमले से कहीं अधिक व्यापक और लंबा होगा। यह अभियान ईरानी परमाणु, मिसाइल कार्यक्रमों के साथ-साथ शासन के लिए अस्तित्व का खतरा पैदा कर सकता है। एक ट्रंप सलाहकार ने एक्सियोस को बताया, "बॉस (ट्रंप) तंग आ चुके हैं। उनके आसपास के कुछ लोग युद्ध के खिलाफ चेतावनी दे रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अगले कुछ हफ्तों में काइनेटिक एक्शन (सैन्य कार्रवाई) की 90 प्रतिशत संभावना है।" रिपोर्ट में कहा गया है कि यह अभियान छोटे लक्षित हमलों की बजाय "विशाल, कई हफ्तों तक चलने वाला" होगा, जो वेनेजुएला में हालिया पिनपॉइंट ऑपरेशन से अलग होगा।
उधर बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार को देश में कानून के शासन को मजबूत करने का संकल्प लिया और कहा कि उनकी सरकार देश को सभी धर्मों के लोगों के लिए एक सुरक्षित स्थान के रूप में बदल देगी। शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्र के नाम अपने पहले टेलीविजन संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुधारना और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना उनकी शीर्ष प्राथमिकताएं हैं। बता दें कि रहमान सरकार बनने से पहले मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान अल्पसंख्यकों खासतौर पर हिंदुओं के खिलाफ हमले काफी बढ़ गए थे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एनएच 74 घोटाले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त मुआवजा लेने वाले चार लोगों की 13.89 करोड़ रुपये की चल अचल संपत्तियों को एजेंसी ने अटैच किया है। यह कार्रवाई पंतनगर थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है। सभी संपत्तियों को ऊधमसिंह नगर में अटैच किया गया है। बता दें कि पुलिस की एसआईटी ने इस मामले में 2017-18 में बड़ी कार्रवाई की थी। कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि यहां के बहुत से किसानों ने अपनी भूमि का उपयोग बदलवाकर तय दरों से कहीं अधिक मुआवजा लिया था।
इधर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे शताब्दी वर्ष के तहत उत्तराखंड में हिंदू सम्मेलन कराए जा रहे हैं। इस कड़ी में 22 फरवरी को सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के आगमन से पूर्व 1000 हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। शताब्दी वर्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इसके तहत प्रदेशभर में 1000 हिंदू सम्मेलन कराए जाएंगे। तय किया गया है कि सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के प्रवास से पूर्व ही यह लक्ष्य पूरा किया जाएगा। तय किया गया है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत और नेतृत्व करने वाले लोगों से संघ के वरिष्ठ अधिकारी संवाद करेंगे।
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय देहरादून पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। देर रात हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई। सीएम धामी ने आपातकालीन कक्ष, वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया कि दून अस्पताल में व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए सरकार की ओर से जो पूर्व में निर्णय लिए गए हैं, उन व्यवस्थाओं को किस तरह से धरातल पर उतारा गया है।
इधर पिथौरागढ़ जिले के पांखू में शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ स्थानीय महिलाओं ने ही मोर्चा खोल दिया है। महिला मंगल दल ने साफ किया है कि यदि अवैध रूप से शराब की बिक्री करते हुई कोई पाया गया है तो उस पर 35 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में होने वाले शादी समारोह और धार्मिक स्थलों पर शराब का सेवन प्रतिबंधित किया जाएगा। उनका कहना है कि मजदूरी करने वाले परिवार शराब का दंश झेल रहे हैं। इसके चलते परिवारों में आए दिन कलह और हिंसा हो रही है। साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति भी लगातार कमजोर हो रही है।