Good Morning India: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच आई अच्छी खबर, भारत-चीन समेत पांच देशों के लिए खुला होर्मुज! आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा, 8 लोग जिंदा जले! रेलवे ने IRCTC पर ठोका 10 लाख का जुर्माना! उत्तराखण्ड समेत 22 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, लिंक में पढ़ें खास खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, देश में कई जगह आज ही रामनवमी मनाई जाएगी। वहीं आज से आकाशवाणी पर राष्ट्रीय गीत का पूरा संस्करण प्रसारित होगा
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरगची ने गुरुवार को ऐलान किया कि उनके देश ने भारत समेत सभी मित्र राष्ट्रों के जहाजों को हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। ईरान के मुंबई स्थित महावाणिज्य दूतावास ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरगची ने कहा है: हमने चीन, रूस, भारत, इराक और पाकिस्तान समेत मित्र राष्ट्रों के लिए हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है।' यह फैसला वैश्विक व्यापार, खासकर तेल और उर्वरक की सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि यह फैसला संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के बयान के ठीक बाद आया है। गुटेरेस ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोलने की अपील की थी। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'हॉर्मुज जलडमरूमध्य का लंबे समय तक बंद रहना तेल, गैस और उर्वरक की आवाजाही को रोक रहा है। यह दुनिया भर में रोपाई के मौसम के महत्वपूर्ण समय में हो रहा है। क्षेत्र और उसके बाहर के आम नागरिक गंभीर नुकसान झेल रहे हैं और बहुत बड़ी असुरक्षा में जी रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र युद्ध के परिणामों को कम करने के लिए काम कर रहा है। लड़ाई बंद करके हम तमाम परेशानियों से बच सकते हैं।'
इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका के डर से कोई भी नेता अब ईरान का सुप्रीम लीडर नहीं बनना चाहता। उन्होंने साथ ही एक बार फिर कहा कि उन्होंने 8 लड़ाइयां रुकवाई हैं और ईरान के खिलाफ जीत दर्ज की है। ट्रंप ने NRCC के सालाना फंडरेजिंग डिनर में बोलते हुए दावा किया कि ईरान का कोई नेता अपने देश का प्रमुख बनने के लिए उतना उत्सुक नहीं है, जितना किसी और देश का। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि उनके नेतृत्व में दुनिया में अमेरिका की इज्जत बढ़ी है। ट्रंप ने कहा, 'हमने 8 युद्ध रुकवा दिए। हम एक और युद्ध जीत रहे हैं। मध्य पूर्व में ईरान के साथ हम जो कुछ कर रहे हैं, वैसा पहले कभी किसी ने नहीं देखा। वे बातचीत कर रहे हैं, लेकिन इसे खुलकर कहने से डरते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके अपने लोग उन्हें मार डालेंगे। साथ ही उन्हें यह भी डर है कि हम उन्हें मार डालेंगे। ईरान का सुप्रीम लीडर बनने के लिए जितना कम जोश देखा जा रहा है, वैसा किसी भी देश का प्रमुख बनने के लिए पहले कभी नहीं देखा गया।'
उधर भारत मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़े बदलाव का अलर्ट जारी किया है। दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और मध्य भारत सहित करीब 22 राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी। IMD के मुताबिक, 27 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में 31 मार्च तक रुक-रुक कर वर्षा होने के आसार हैं।
इधर बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में पद्मा नदी में एक यात्री बस के गिर जाने से 23 लोगों की मौत हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं और कुछ अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राजबाड़ी से ढाका जा रही इस बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे दौलतदिया फेरी टर्मिनल नंबर 3 के सामने हुई। बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी कि तभी वह नियंत्रण खोकर पानी में गिर गई। चश्मदीदों के मुताबिक, बस में कई स्टॉप्स से यात्री सवार हुए थे और वह खचाखच भरी हुई थी। पुलिस इंस्पेक्टर रसेल मुल्ला ने बताया कि अब तक 23 शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अभी भी लापता हैं, जबकि कुछ यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने कहा, 'रात होने के कारण बचाव कार्य रोक दिया गया, लेकिन सुबह फिर शुरू हो गया। फायर सर्विस, नेवी, पुलिस और अन्य टीमों के साथ मिलकर बचाव अभियान चल रहा है।' उन्होंने रात में कहा था कि अंधेरा होने से काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, लेकिन दिन निकलते ही फिर जोर-शोर से शुरू होगा।
उधर भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खराब खाना परोसने पर कुल 60 लाख का जुर्माना लगाया गया है। रेलवे ने अपनी ही कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) पर शिकंजा कसते हुए 10 लाख का जुर्माना ठोका है। साथ ही संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख का जुर्माना लगाया है। जानकारी के मुताबिक, 15 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 21896 (पटना – टाटानगर वंदे भारत एक्स) में पाई गई अनियमितता के संबंध में यात्री द्वारा भोजन की गुणवत्ता पर की गई शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। जांच के दौरान शिकायतें सही पाई गईं। कार्रवाई करते हुए IRCTC पर 10 लाख का दंड लगाया गया है। संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख का जुर्माना एवं कॉट्रेक्ट खत्म के आदेश दिए हैं। इस तरह कुल 60 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
इधर अमेरिका की डेटा एनालिटिक्स फर्म 'मॉर्निंग कंसल्ट' के ताजा वैश्विक सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेता बनकर उभरे हैं। उन्हें 68% की मजबूत अप्रूवल रेटिंग के साथ पहला स्थान मिला है। ग्लोबल लीडर अप्रूवल रेटिंग ट्रैकर के मुताबिक, यह आंकड़े 2 से 8 मार्च 2026 के बीच जुटाए गए डेटा पर आधारित हैं, जो विभिन्न देशों के वयस्कों के विचारों के 7 दिन के मूविंग एवरेज को दर्शाते हैं। रिपोर्ट में पीएम मोदी की लगातार बनी घरेलू लोकप्रियता और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को उनकी बढ़त का मुख्य कारण बताया गया है।
उधर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू का अमृतसर स्थित घर न केवल उनकी आलीशान लाइफस्टाइल की गवाही देता है, बल्कि हाल ही में इसके पारिवारिक बंटवारे को लेकर भी यह सुर्खियों में है। सिद्धू ने बंटवारा करते हुए अमृतसर का आलीशान घर अपनी बेटी राबिया को दिया है, जबकि पटियाला स्थित पुश्तैनी मकान बेटे करन को सौंपा है। इस बीच अमृतसर वाले घर की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लगभग 49,500 वर्ग फुट(1.1 एकड़) के बड़े एरिया में फैला यह आशियाना साल 2014-15 में करीब 25 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनकर तैयार हुआ था। प्राकृतिक खूबसूरती को समेटे इस घर के अंदर स्विमिंग पूल, जिम, स्पा जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ एक शिव मंदिर भी है। इस घर के अंदर की तस्वीरें ना सिर्फ आपको पसंद आएंगी बल्कि क्लासी होम डेकोर के आइडिया भी देंगी।
इधर आंध्र प्रदेश के मार्कापुर में भयावह बस हादसा हुआ है। रायावरम के नजदीक यहां एक निजी बस एक टिपर ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और फिर आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस धूं-धूं कर जलने लगी। इस भयावह हादसे में कम से कम 10 लोगों के जिंदा जलने की खबर है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। हादसे में घायलों को उचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंदबाबू नायडू ने इस बस हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री नायडू ने मार्कापुरम जिले के रायवरम के पास हुई इस सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बात की और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने घायलों को दिए जा रहे चिकित्सा उपचार के बारे में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। जिला पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि लगभग 20 घायल लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ होने की संभावना जताई है। जब 3300 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अंदेशा जताया है। राज्य के शेष पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है। राज्य के मैदानी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
इधर हल्द्वानी के बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो पक्ष पुलिस की मौजूदगी में ही आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर एसपी सिटी मनोज कत्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना करीब दो दिन पुरानी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई ओर देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोगों मारपीट में उतारू हो गए। हालांकि मौके पर मौजूद सिपाही द्वारा दोनों पक्षों के लोगों को शांत काराने का प्रयास किया गया।