Good Morning India: दिल्ली के बाद बिहार में भीषण अग्निकांड, हॉस्पिटल में आग से 10 से अधिक मौतों की आशंका! आज उत्तराखण्ड आयेंगे राहुल गांधी, पंतनगर एयरपोर्ट से अल्मोड़ा होंगे रवाना! दिल्ली अग्निकांड, होटल का मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: After Delhi, a massive fire in Bihar, with more than 10 feared dead in a hospital fire! Rahul Gandhi will visit Uttarakhand today and depart for Almora from Pantnagar Airport! Del

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के त्रिपुरा के दौरे पर रहेंगे। वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अल्मोड़ा में जनसभा करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखण्ड पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर तैयारियां पूरी हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।  तय कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी  आज पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद वह अल्मोड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमला अलर्ट नजर आ रहा है। बुधवार को ऊधम सिंह नगर पुलिस और प्रशासनिक अमले ने पंतनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि राहुल गांधी आज कुमाऊँ दौरे पर अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद वह गढ़वाल मंडल को रवाना होंगे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ सिमकनी मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। 

इधर बिहार के मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा इलाके में स्थित प्रसाद हास्पिटल में भीषण आग लग गई। आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में लगी, जिसके बाद पूरे भवन में धुआं फैल गया और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार इस हादसे में 10 से अधिक लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि 30 से ज्यादा मरीज घायल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। आईसीयू में मौजूद मरीजों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देखते ही देखते जहरीला धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया, जिससे कई मरीजों की हालत और गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया और अस्पताल के विभिन्न वार्डों में फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। कई मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें आसपास के सुरक्षित अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

उधर दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में 21 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। हादसे के बाद से फरार चल रहे होटल मालिक लवकेश बजाज को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इसके पहले पुलिस उसकी तलाश में उसके साकेत स्थित घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला था। पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद लवकेश ने पूछताछ में बताया कि उसे ऐसी स्थिति का अंदाजा नहीं था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लवकेश बजाज का आलीशान मकान दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में डी-140 पते पर स्थित है। करीब 500 गज में बने इस बड़े मकान में उसका पूरा परिवार रहता है। बताया जाता है कि लवकेश बजाज अपने 3-4 भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इसी घर में रहता है। उसके 4 मंजिला मकान में बड़े पैमाने पर लकड़ी का काम यानी कि 'वुडन वर्क' किया गया है। घर के पीछे की तरफ से देखने पर इसकी भव्यता साफ नजर आती है। मकान के पीछे की दीवार पर कुल 26 एसी यूनिट दिखाई देती हैं, जो घर के आकार और उसकी सुविधाओं के बारे में बताते हैं। आसपास के कई मकानों की तरह लवकेश बजाज घर के पिछले हिस्से में कोई अलग एंट्री गेट नहीं है, बल्कि पूरा हिस्सा दीवारों से बंद है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लवकेश बजाज जिस इमारत में होटल चला रहा था, उसके लिए उसके पास केवल 6 कमरों वाले ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ मॉडल का लाइसेंस था। आरोप है कि इसके बावजूद उसने इमारत में 5 मंजिलों पर करीब 25 कमरों की व्यवस्था कर रखी थी।

इधर एक ओर जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून आज केरल के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाला है, वहीं दिल्ली में कुछ समय से बना सुहाना मौसम अब धीरे-धीरे अपना असर खोने लगा है। दिल्ली-एनसीआर के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से गर्मी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी-तूफान जैसी ही स्थितियां रहने का अनुमान है। इसके साथ ही 4 जून को जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 4 जून यानी आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में तेज आंधी आने की चेतावनी भी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी हो सकती है। इन जगहों पर आज हल्की बारिश हो सकती है। 

उधर ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर अपने पहले आधिकारिक भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गई हैं। उनका यह दौरा भारत और ब्रिटेन के बीच बढ़ते रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनका स्वागत करते हुए एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह यात्रा भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी। दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। यवेट कूपर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगी। बैठक में वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों, आर्थिक सहयोग, रक्षा साझेदारी, तकनीकी विकास और शिक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। ब्रिटेन के उच्चायोग के अनुसार, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत-ब्रिटेन विजन 2035 की प्रगति की समीक्षा करना और आने वाले वर्षों के लिए सहयोग की नई प्राथमिकताएं तय करना है। इसके तहत आर्थिक विकास, तकनीक और नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन तथा शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इधर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अमेरिका और भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते के बेहद करीब हैं। व्यापार वार्ताओं और क्वाड सहयोग से लेकर समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों और क्षेत्रीय कूटनीति तक रूबियो की सभी चर्चाओं में भारत केंद्र में रहा। यह भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के समक्ष 2027 के वित्तीय वर्ष के लिए बजट अनुरोध पर चर्चा के दौरान रूबियो ने बार-बार भारत का उल्लेख किया। अमेरिकी कांग्रेस के अन्य सदस्यों ने भी भारत से संबंधित मुद्दों को उठाया, जो अमेरिका की विदेश नीति चर्चाओं में देश की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। रूबियो ने कहा कि वाशिंगटन और नई दिल्ली एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के बेहद करीब हैं। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि हम अपने व्यापार समझौते पर बातचीत को जल्द पूरा कर लेंगे। संभवत: यह कुछ हफ्तों में पूरा हो जाएगा। दोनों पक्ष इसे लेकर उत्साहित हैं।"

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए 86 अवैध सट्टेबाजी वेबसाइटों (URL) को ब्लॉक कर दिया है। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए "उत्तराखंड गैंबलिंग लॉ 2026" के तहत सट्टेबाजी और जुए के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ के अनुसार, ये वेबसाइटें लोगों को जल्द कमाई का लालच देकर ऑनलाइन सट्टेबाजी के जाल में फंसा रही थी। डिजिटल माध्यम से संचालित इस अवैध नेटवर्क को रोकने के लिए साइबर एसटीएफ ने तकनीकी कार्रवाई करते हुए 86 यूआरएल को ब्लॉक कराया है। बता दें कि उत्तराखंड गैंबलिंग लॉ 2026 के तहत ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट चलाने वालों के खिलाफ कड़े दंड का प्रावधान किया गया है। यदि कोई व्यक्ति मोबाइल एप या डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित करता पाया जाता है, तो उसे 3 से 5 वर्ष तक की जेल और 2 लाख से 10 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। साथ ही अवैध जुआ घर संचालित करने या ऐसे अड्डों को वित्तीय सहायता देने वालों के लिए 5 वर्ष तक की जेल और 1 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान रखा गया है। नए कानून के तहत तहत सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने, सट्टा लगाने या खिलाने वाले व्यक्तियों को पुलिस उपनिरीक्षक (SI) या उससे वरिष्ठ अधिकारी बिना वारंट गिरफ्तार कर सकते हैं।

इधर देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नयागांव क्षेत्र में चेकिंग और नाकेबंदी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। पुलिस तीन अन्य फरार बदमाशों की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, तड़के नयागांव चौकी बैरियर पर चेकिंग के दौरान राजस्थान (RJ) नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार में सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए वाहन को तेज गति से सेलाकुई की ओर भगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। भागते हुए बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर पहुंचे और रामगढ़ क्षेत्र के रपटे के पास अपनी कार छोड़कर नदी की तरफ भागने लगे। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। दूसरे बदमाश को पुलिस ने पीछा कर मौके से गिरफ्तार कर लिया।

उधर पौड़ी गढ़वाल जिले के मासों तल्ला क्षेत्र में बुधवार तीन जून सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक गुलदार ग्रामीणों के मुर्गी बाड़े में फंस गया। गुलदार के बाड़े में फंसे होने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनज़र स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। करीब एक घंटे तक चली मशक्कत के बाद टीम ने सफलतापूर्वक गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर अपने कब्जे में ले लिया। रेस्क्यू अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही।