Good Morning India: अश्लील कंटेंट परोसने पर एक्शन, पांच और OTT ऐप्स पर लगा बैन! यहां बोर्ड परीक्षा के बीच गूंजी किलकारी, एग्जाम सेंटर पर नाबालिग छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म! भारत के इस राज्य से उठेगी क्रांति, बच्चे कितनी देर देखेंगे सोशल मीडिया, तय करेगी सरकार?

Good Morning India: Action taken against pornographic content, five more OTT apps banned! Here, a baby's cry echoed during board exams, a minor student gave birth at the exam center! A revolution wil

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज इजरायल के दो दिवसीय दौरे के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में पुलिस पर हुए दोहरे हमले ने सुरक्षा हालात पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में संदिग्ध आतंकियों ने पुलिस वाहनों को निशाना बनाकर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में कम से कम छह पुलिसकर्मियों और एक आम नागरिक की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पहला हमला कोहाट में एक पुलिस वाहन पर किया गया, जिसमें एक अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ ही मिनट बाद जब अतिरिक्त पुलिस बल वहां पहुंचा तो हमलावरों ने दोबारा हमला कर दिया। इस दूसरी घात में पांच और पुलिसकर्मी तथा एक नागरिक मारे गए। हमलावर घटना के बाद फरार हो गए और इलाके में सर्च अभियान शुरू किया गया है।

इधर सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अश्लील कंटेंट दिखाने वाले 5 OTT प्लेटफॉर्म्स को बैन कर दिया है। पिछले साल भी सरकार ने 25 OTT ऐप्स को बैन किया था। I&B मिनिस्ट्री ने MoodXVIP, Koyal Playpro, Digi Movieplex, Feel और Jugnu को ब्लॉक करने का आदेश दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि सरकार ने उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए ओटीटी प्लेटफार्म्स मूड एक्सवीआईपी, कोयल प्लेप्रो, डिगी मूवीप्लेक्स, फील और जुगनू पर पाबंदी लगाई है। पिछले साल भी I&B मिनिस्ट्री ने ALTT, Ullu, Desiflix जैसे 25 OTT ऐप्स को बैन कर दिया था। Google Play Store और Apple App Store से इन 5 OTT ऐप्स को हटा लिया गया है। अश्लील कंटेंट दिखाने वाले इन ऐप्स के लाखों में डाउनलोड थे। बता दें कि पिछले दिनों बजट सत्र के दौरान केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि सरकार ने 2025 में 25 OTT ऐप्स को बैन किया था। इन ऐप्स पर ऑब्जेक्शनेबल कंटेंट यानी आपत्तिजनक कंटेंट प्रसारित किया जा रहा था। इन ऐप्स पर MIB ने गृह मंत्रालय और महिलाओं और बच्चों के लिए काम करने वाले ऑथोरिटीज से कंसल्ट करके बैन लगाया था। इन 5 ऐप्स के बैन होने के बाद अश्लील कंटेंट दिखाने वाले कुल 30 OTT ऐप्स को बैन कर दिया गया है।

उधर मध्य प्रदेश के धार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 10वीं क्लास का गणित का पेपर चल रहा था। इसी दौरान परीक्षा दे रही एक छात्रा ने एक बच्चे को जन्म दिया। छात्रा शौचालय के लिए गई थी लेकिन जब बहुत देर तक बाहर नहीं आई तो महिला कर्मचारी उसे बुलाने गई। इस दौरान पाया गया कि शौचालय के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। यह मामला धार जिले के पीथमपुर के सेक्टर एक थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित निजी स्कूल परीक्षा केंद्र से सामने आया है, जहां छात्रा गणित का पेपर दे रही थी। सूचना मिलने पर तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाई गई और छात्रा को पीथमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, परीक्षा केंद्र प्रभारी नरेंद्र कुमार पोथे ने फोन पर चर्चा में बताया कि 17 वर्षीय छात्रा गणित का पेपर देते समय शौचालय गई थी, लगभग 15 मिनट तक वापस न लौटने पर एक महिला कर्मचारी को उसे देखने भेजा गया, बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के  डॉक्टर ने बताया कि जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।

इधर Facebook, Instagram, Snapchat जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की वजह से बच्चों पर पड़ रहे मानसिक प्रभाव को लेकर बिहार सरकार ने बड़ी तैयारी की है। सरकार बच्चों के सोशल मीडिया पर बिताए जाने वाले समय को लेकर पॉलिसी बना रही है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने चल रहे विधानसभा सत्र में यह जानकारी दी है। सम्राट चौधरी ने इसके लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंस, बेंगलुरू से एक डिटेल रिपोर्ट मंगाई है। विधानसभा में बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ने NIMHANS से इस संबंध में कंप्रिहेंसिव रिपोर्ट मंगवाई है। इसमें बच्चों के बढ़ रहे स्क्रीन टाइम और ऑनलाइन गेमिंग को मॉनिटर किया जाएगा। यह एक मल्टी-सेक्टर मुद्दा है, जिसमें कई स्टेकहोल्डर्स शामिल हो सकते हैं। एक बार रिपोर्ट मिल जाए फिर सभी स्टेकहोल्डर्स से मीटिंग करके इसे लेकर पॉलिसी ड्राफ्ट की जाएगी। 

उधर झारखंड के चतरा में हुए प्लेन क्रैश में 2 क्रू मेंबर और 5 पैसेंजर समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई है। ये चार्टर प्लेन एक एयर एंबुलेंस था, जिसमें बर्न इंजरी के एक मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही प्लेन क्रैश हुआ और सभी काल के गाल में समा गए। इस घटना ने साल 2016 की दिल्ली के नजफगढ़ की घटना की याद दिला दी है। साल 2016 में भी एक एयर एंबुलेंस प्लेन पटना से दिल्ली आ रहा था। विमान में एक डॉक्टर, एक तकनीशियन, वीरेंद्र राय नाम के एक हृदय रोगी और चालक दल सहित 7 लोग सवार थे। रनवे के पास पहुंचते समय विमान के दोनों इंजन एक के बाद एक फेल हो गए थे इसके बाद पायलट ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ जिले के कैर गांव में एक खुले मैदान में आपातकालीन लैंडिंग करने का फैसला किया। हालांकि उनकी सूझबूझ ने संभवतः एक बड़े हादसे को टाल दिया। इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई थी बल्कि दो लोग घायल हुए थे।

इधर इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप के बेहद रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को दो विकेट से हराया। इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक ने शतक लगाया, जिससे टीम लक्ष्य का पीछा सफलतापूर्वक कर सकी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में आठ विकेट पर 166 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। इंग्लैंड के लिए ब्रूक ने सर्वाधिक 100 रन बनाए जिससे टीम ने सुपर आठ में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने इस तरह सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जबकि पाकिस्तान के लिए आगे की राह बेहद कठिन हो गई है। पाकिस्तान का पिछला मुकाबला बारिश में धुल गया था और अब उसका एक मैच शेष है। अगर पाकिस्तान की टीम ये मुकाबला जीत भी लेती है तो उसके तीन ही अंक होंगे। वहीं, श्रीलंका और न्यूजीलैंड के पास पाकिस्तान को पीछे छोड़ने का मौका होगा। इंग्लैंड के लिए ब्रूक के अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

उधर महीने भर के अंदर एक के बाद एक निजी चार्टर्ड विमान हादसों के बाद डीजीसीए ने सख्त रुख अपनाते हुए विमानन नियामक डीजीसीए ने गैर-निर्धारित विमान संचालकों (एनएसओपी) के लिए नियम कड़े कर दिए हैं। हालिया दुर्घटनाओं के मद्देनजर नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने सुरक्षा मानकों को लेकर कई नई व्यवस्थाओं की घोषणा की है और स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब पायलट से लेकर कंपनी संचालक तक कार्रवाई के दायरे में लाए जाएंगे। दरअसल, सोमवार को रांची से दिल्ली जा रहा एक एयर एंबुलेंस विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। यह विमान एक गैर-निर्धारित ऑपरेटर द्वारा संचालित किया जा रहा था। इससे पहले 28 जनवरी को महाराष्ट्र के बारामती के पास वीएसआर वेंचर्स के स्वामित्व वाला एक लियरजेट-45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को प्रदेश टोली की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के हिसाब से नब्ज टटोलेंगे। इसकी तैयारी प्रदेश संगठन ने शुरू कर दी है। गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार आएंगे। वह जन संवाद और प्रदेश सरकार की ओर से किए गए विकास कार्याें की समीक्षा करेंगे। धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर सरकार और संगठन का ये बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। माना जा रहा है कि यहां से गृह मंत्री चुनावी बिगुल फूंकने वाले हैं। शाह के कार्यक्रम के दौरान ही भाजपा प्रदेश टोली की बैठक होगी। इसमें कोर कमेटी के सभी सदस्यों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, सरकार के मंत्री व कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। शाह इस बैठक में जीत की हैट्रिक के मद्देनजर नब्ज टटोलेंगे। देखा जाएगा कि अगले चुनाव के लिए कितने मजबूत और कहां कमजोर हैं।

इधर खेलते समय हुए झगड़े में एक नाबालिग ने दूसरे बच्चे के सिर में डंडा मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद से दोनों पक्षों में शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंदापुर में सोमवार दोपहर क्षेत्र के बच्चे आपस में आंबेडकर पार्क में खेल रहे थे। वहां बच्चों में किसी बात पर झगड़ा हो गया। इस बीच भानू (12) पुत्र बालेंद्र के सिर पर डंडे से वार किया गया। इसके बाद पार्क में मौजूद बच्चे वहां से भाग गए और भानू घर पहुंचा। वहां भानू ने परिवार को सिर पर डंडा लगने की बात कही और बेहोश हो गया। परिवार के लोग भानू को बीएसएम तिराहा स्थिति निजी अस्पताल ले गए। 

उधर हनुमान चालीसा पढ़ने को लेकर जौलीग्रांट थानों के पास बवाल हो गया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। थानो क्षेत्र में स्थित एक मस्जिद के सामने ही एक मंदिर है। जहां हनुमान चालीसा पढ़ने को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई। सूचना पाकर काफी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा हिंदू संगठनों को थानो चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया है। तमाम हिन्दू संगठन  के लोग मस्जिद के पास मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ना चाहते हैं। हिंदू संगठनों का यह भी आरोप है कि थानो में जो मस्जिद है वह पूरी तरह से अवैध है। उसका नक्शा पास नहीं कराया गया है। वहीं मस्जिद में संचालित किया जा रहा मदरसा वक्फ बोर्ड और उत्तराखंड सरकार में पंजीकृत नहीं है। स्थानीय लोगों द्वारा अवैध मस्जिद की सूचना प्रशासन और एमडीडीए को दी गई थी। जिसके बाद प्रशासन द्वारा पुलिस बल की मौजूदगी में मस्जिद के एक हिस्से को सील कर दिया गया था।