Good Morning India: यूपी में 24 घंटे में तीन हत्याएं करने वाला सीरियल किलर एनकाउंटर में ढेर! छत्तीसगढ़ में तरबूज खाने के बाद किशोर की मौत, 3 बच्चों की हालत गंभीर! विकास परियोजनाओं को रोकने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पूछा- ऐसे में देश तरक्की कैसे करेगा! उत्तराखण्ड में बिना इंश्योरेंस वाली स्कूटी दौड़ाने पर ट्रोल हुए केबिनेट मंत्री

Good Morning India: A serial killer who committed three murders in 24 hours in Uttar Pradesh was killed in an encounter. A teenager died after eating watermelon in Chhattisgarh, and three children ar

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज हिमंत बिस्व सरमा असम के मुख्यमंत्री पद की दूसरी बार शपथ लेंगे। वहीं आज आईपीएल में गुजरात और हैदराबाद के बीच मुकाबला है। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, छत्तीसगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जांजगीर में एक 15 साल के लड़के की तरबूज खाने के बाद मौत हो गई है। इसके अलावा तरबूज खाने से 3 बच्चे बीमार भी पड़ गए हैं और उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोग तरबूज खाने से डर रहे हैं। मृतक की पहचान 15 साल के अखिलेश के रूप में हुई है। ये बच्चे अपने परिजनों के साथ मामा के घर पर घूमने के लिए आए थे। मृतक अखिलेश धीवर पोड़ी दलहा गांव के निवासी थे। अधिकारियों के मुताबिक जो 3 बच्चे बीमार पड़े, उनकी पहचान अवारिद गांव के श्री धीवर, खटोला के पिंटू धीवर और कोटगढ़ के हितेश धीवर के रूप में हुई है। इस मामले में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ एस कुजूर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने रविवार शाम को घर में रखा पहले से कटा तरबूज खाया था। कुछ घंटों बाद, अखिलेश को उल्टी, दस्त और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। बाद में यही लक्षण अन्य तीनों बच्चों में भी देखे गए। जैसे-जैसे उनकी हालत बिगड़ने लगी, परिवार वाले उन्हें सोमवार को अलग-अलग समय पर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर अखिलेश को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य तीनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए विसरा के नमूने सुरक्षित रख लिए गए हैं। घर में रखा एक और तरबूज प्रयोगशाला जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भेज दिया गया है।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी शुक्रवार से 5 देशों की यात्रा पर रवाना होने जा रहे हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार पीएम मोदी की ये विदेश यात्रा 6 दिनों के लिए होगी और इस दौरान वह संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली जाएंगे। आपको बता दें कि दुनिया भर में जारी तनाव और उथल-पुथल के बीच उनका ये दौरा अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी के इस दौरे का मकसद संबंधित देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। पीएम मोदी सबसे पहले यूएई की यात्रा पर पहुंचेंगे। यहां वह राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष पर विचार साझा करेंगे। इसके साथ ही दोनों नेता ऊर्जा सहयोग, साथ ही दोनों देशों के हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि पीएम मोदी की ये यात्रा भारत और यूएई के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने में सहायक होगी।

उधर उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र में शादी के महज 18 दिन बाद दुल्हन के प्रेमी संग फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने पत्नी पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर जाने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई न होने से परेशान युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र देकर जांच और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कुलीपुर निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र आशाराम ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2026 को कन्नौज जनपद के छिबरामऊ थाना क्षेत्र स्थित कुंवरपुर लोधपुर निवासी अचला के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले ही अचला के गांव के ही अरुण कुमार नामक युवक से प्रेम संबंध थे और दोनों लगातार फोन पर बातचीत करते थे। पीड़ित पति का आरोप है कि 8 और 9 मई की रात उसकी पत्नी अरुण कुमार के साथ घर से चली गई। जाते समय वह अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी ले गई।

इधर हरियाणा के फरीदाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 32 साल के पिता ने अपने 6 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पिता ने घटना को अंजाम देने के बाद खुद भी खुदकुशी कर ली है। मामला हरियाणा के फरीदाबाद जिले के दयालपुर गांव का है। यहां एक शख्स ने अपने 6 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या की और फिर उसके शव को अपने सीने से बांधकर खुद भी फांसी लगाकर सुसाइड कर ली। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है और बताया है कि मृतकों की पहचान हो गई है। मृत पिता का नाम सागर और बेटे का नाम लक्षित था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पिता आर्थिक परेशानियों से गुजर रहा था और उसे जुआ खेलने और शराब पीने की लत थी। ऐसे में पत्नी अपने बेटे को लेकर पास के ही दूसरे गांव में रहने चली गई थी। ऐसे में पिता अकेला रहता था और इस अकेलेपन ने उसे इस बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए उकसाया।

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने आगामी चीन दौरे को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस यात्रा को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच कुछ बड़ी और सकारात्मक चीजें होने जा रही हैं। यह हाई-प्रोफाइल यात्रा 13 से 15 मई के बीच निर्धारित है। इस दौरान ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दौरा केवल राजनीतिक नहीं है। ट्रंप के साथ अमेरिका के बिजनेस और टेक सेक्टर के एक दर्जन से ज्यादा बड़े उद्योगपति भी चीन जा रहे हैं। इस शक्तिशाली प्रतिनिधिमंडल में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों के सीईओ शामिल होंगे। निवेश क्षेत्र के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी से साफ है कि अमेरिका चीन के साथ आर्थिक रिश्तों को नई दिशा देना चाहता है। 

इधर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) को संदेह है कि हत्या की साजिश एक से डेढ़ महीने पहले रची गई। जांच एजेंसियां हत्याकांड के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही हैं। मामले में उत्तर प्रदेश के बलिया से राज सिंह और बिहार के बक्सर से मयंकराज मिश्रा और विक्की मौर्य को रविवार को पकड़ा गया। पुलिस को संदेह है कि आरोपियों में से एक पेशेवर शूटर है। पुलिस तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर बंगाल लाई और सोमवार को उत्तर 24 परगना की बारासात कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 13 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एफआईआर में सबूत नष्ट करने की धारा भी जोड़ी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, बेहद पेशेवर तरीके से रची साजिश के तहत हमलावरों ने वारदात से पहले चंद्रनाथ की रेकी की और अपनी पहचान छिपाने के लिए सावधानियां बरतीं। साजिश व हत्या में आठ लोग शामिल थे। छह मई की रात मध्यमग्राम के दोहरिया में चंद्रनाथ की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की मदद से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।  

उधर यूपी के चंदौली में 24 घंटे में 3 सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देने वाला सीरियल किलर एनकाउंटर में ढेर हो गया है। साथ ही दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए है। आरोपी ने सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस पर हमला किया और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें उसकी मौत हो गई है। वहीं एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए है। एसओजी, अलीनगर पुलिस, सकलडीहा पुलिस और जीआरपी ने यह संयुक्त कार्रवाई की है। आरोपी ने ताड़ीघाट पैसेंजर, जम्मूतवी एक्सप्रेस और निजी अस्पताल में हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था। बिना किसी व्यक्तिगत रंजिश के वो लोगों को निशाना बना रहा था। आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उसने 10 मई को ताड़ीघाट पैसेंजर में पहली हत्या की थी। इसके बाद 11 मई की रात जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री को गोली मारकर दूसरी हत्या की थी। वहीं तीसरी हत्या अलीनगर के जीवक अस्पताल में भर्ती महिला को सिर में गोली मारकर की।

इधर सुप्रीम कोर्ट ने विकास परियोजनाओं में अड़ंगा लगाने वाली याचिकाओं पर सवाल उठाया है। कहा कि अगर इसी तरह से परियोजनाओं के विरुद्ध न्यायालयों में याचिकाएं दायर होती रहीं तो तो देश की तरक्की कैसे होगी, वह आगे कैसे बढ़ेगा। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जयमाल्या बागची की पीठ ने पूछा, देश की किसी एक परियोजना का नाम बताएं जिसका तथाकथित पर्यावरणविदों ने स्वागत किया हो। पीठ ने यह टिप्पणी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) पश्चिमी क्षेत्र की पीठ के एक आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए की। मामले में एनजीटी ने गुजरात के पीपावा बंदरगाह के विकास और आधुनिकीकरण को अनुमति दिए जाने के विरुद्ध दायर याचिका को अस्वीकार कर दिया है। एनजीटी के समक्ष पेश याचिका में बंदरगाह के विकास से क्षेत्रीय पर्यावरण पर खतरा बढ़ने की आशंका जताई गई थी।

उधर कहते हैं जोड़ियां रब बनाकर भेजता है, ऐसा ही एक मामला हरियाणा के कैथल से सामने आया है, जहां एक ऐसी ही जोड़ी चर्चा में है, जिसमें दूल्हा और दुल्हन की लंबाई महज 3-3 फीट है। इसके बावजूद इन दोनों की जोड़ी ने सबका दिल जीत लिया है। दूल्हा-दुल्हन की ये जोड़ी कैथल के चांदना में देखने को मिली है। दरअसल, चांदना निवासी 3 फीट के विक्रम की शादी जींद के हाट निवासी प्रियंका से हुई। 26 साल के विक्रम का कद छोटा होने के कारण लंबे समय से उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। परिवार ने पहले बड़े भाइयों की शादी को प्राथमिकता दी। बाद में विक्रम के लिए रिश्ता मिलना मुश्किल होता गया। रिश्तेदारों की मदद से जींद के हाट की 3 फीट की ही 25 साल की प्रियंका का रिश्ता तय हुआ। अब लोगों में विक्रम के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी रुड़की का छात्र का शव मंगलौर कोतवाली क्षेत्र आसफनगर झाल से बरामद हुआ है। छात्र का नाम मोहित बताया गया है। मोहित तीन से चार दिन से लापता था। हालांकि उसके लापता होने की जानकारी आईआईटी रुड़की प्रबंधन ने न तो पुलिस को दी थी और न ही परिजनों को। हरिद्वार एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल से इस संबंध में बात करते हुए बताया कि मोहित पुत्र जवाहर लाल आर्य निवासी नैनीताल आईआईटी रुड़की में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में शोध कर रहा था। मोहित छठवें सेमेस्टर का छात्र था। 

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील से प्रेरित होकर सूबे के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी स्कूटी पर चलाते नजर आए, लेकिन उसकी ये कोशिश जल्द ही सोशल मीडिया में ट्रोल हो गई। जब मामले ने तूल पकड़ा तो वहीं मंत्री को सफाई देनी पड़ी। साथ ही तमाम सवालों के जवाब भी दिए। दरअसल, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार यानी 11 मई को ईंधन संरक्षण व सादगी का संदेश देते हुए अनूठी पहल की। गढ़ी कैंट क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंत्री गणेश जोशी अपने शासकीय वाहन का इस्तेमाल करने के बजाय स्कूटी से कैंप कार्यालय पहुंचे। इधर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी जिस स्कूटी पर सवार होकर ईंधन बचाने का संदेश दे ही रहे थे, उसका इंश्योरेंस ही वैलिड नहीं था। जिस पर मंत्री जोशी सोशल मीडिया पर यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले पर ट्रोल होने लगे। इतना ही नहीं मंत्री गणेश जोशी के आगे पीछे चल रही अन्य गाड़ियों पर भी सवाल खड़े हुए कि मंत्री जी स्कूटी पर चल कर ईंधन की बचत की बात कहते हुए फोटो खिंचवा रहे और रील बनवा रहे हैं, लेकिन उनकी फ्लीट की चार गाड़ियां और उन्हें फिल्माने के लिए जो गाड़ियां चल रही है, क्या वहां ईंधन बचत खर्च नहीं हो रही है?