Good Morning India: महंगाई का बड़ा झटका, पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG भी हुई महंगी! बिहार में ब्लैक आउट के दौरान शूट आउट, कारोबारी की हत्या! घने अंधकार में डूबा दुनिया का एक छोटा सा देश, टीवी पर लाइव आकर बोले ऊर्जा मंत्री- अब हमारे हाथ में कुछ नहीं! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: A major blow from inflation, after petrol and diesel, CNG has also become more expensive! A shootout during a blackout in Bihar, killing a businessman! A small country plunged int

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से पांच देशों की यात्रा पर रहेंगे। वहीं आज आईपीएल में लखनऊ और चेन्नई के बीच मैच है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश में शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। तेल कंपनियों ने वैश्विक ऊर्जा कीमतों में हुई वृद्धि का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डाला है। बता दें कि अब दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। तेल की कीमतों में ये इजाफा आज शुक्रवार 5 बजे से लागू हो गया है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण आमलोगों को महंगाई का झटका लगा है। आपको बता दें कि बीते लंबे समय से मिडिल ईस्ट में जंग और झड़पें जारी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जंग के दौरान होर्मुज स्ट्रेट से तेल की आवाजाही बड़े लेवल पर बाधित हुई थी। इसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर तो हुआ लेकिन होर्मुज स्ट्रेट पर समाधान अब तक नहीं निकला। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में काफी ज्यादा बढोतरी हो गई है। यही कारण है कि पेट्रोलियम कंपनियों ने देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है।

उधर देश भर में शुक्रवार सुबह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ। वहीं दिल्ली में पेट्रोल डीजल के अलावा सीएनजी के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक दिल्ली में 2 रुपये प्रति किलो के हिसाब से सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। ऐसे में आम जनता पर महंगाई की मार बढ़ने वाली है। पेट्रोल डीजल और सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी का असर सीधे तौर पर आम लोगों पर पड़ेगा। इसका असर रोजमर्रा की सभी चीजों पर देखने को मिलेगा। बता दें कि ईरान में जारी संघर्ष के बीच यह फैसला लिया गया है। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में भी सीएनजी (CNG) के दामों में बढ़ोतरी की गई थी। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की। यह नई दरें मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई समेत पूरे एमएमआर क्षेत्र में तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गईं। महानगर गैस लिमिटेड द्वारा की गई इस बढ़ोतरी के बाद अब मुंबई में सीएनजी का नया रेट 84 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। इससे पहले सीएनजी की कीमत 82 रुपये प्रति किलो थी। सीएनजी के दाम बढ़ने से पूरे रीजन के लाखों वाहन मालिकों पर इसका सीधा वित्तीय बोझ पड़ेगा।

इधर अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य में गुरुवार को एक छोटा मेडिकल विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 4 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा रुइदोसो (Ruidoso) इलाके के बाहर हुआ। लिंकन काउंटी के मैनेजर जेसन बर्न्स ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी कि FAA के मुताबिक, यह विमान रोसवेल एयर सेंटर से उड़ा था और सिएरा ब्लांका रीजनल एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि उड़ान के दौरान ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इस हादसे की जांच करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ पाएगी। विमान हादसे के बाद इलाके में आग भी लग गई। लिंकन काउंटी प्रशासन के मुताबिक, अमेरिकी फॉरेस्ट सर्विस स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में जुट गईं। बताया जा रहा है कि आग करीब पांच एकड़ इलाके में फैली हुई थी।

उधर बिहार की राजधानी पटना से हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। राजधानी में ब्लैक आउट के दौरान "शूट आउट" हो गया। कल रात अपराधियों ने सुल्तानगंज थाना अंतर्गत एक मसाला कारोबारी की गोली मार कर हत्या कर दी। कल रात पटना में 7:00 बजे से 7:15 तक ब्लैकआउट किया गया था। इसी दौरान मुसल्लहपुर हाट में बदमाशों ने पिंटू कुमार नाम के मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। बता दें कि केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर पटना में ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल किया गया था। ब्लैक आउट के दौरान राजधानी पटना में हत्या के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बाजार में मौजूद लोगों ने फौरन पिंटू कुमार को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बाजार में पिंटू कुमार की दुकान पर पहुंचे और अंधेरा होते ही फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। एक गोली पिंटू कुमार के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

इधर देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस सप्ताह के दौरान पूर्वोत्तर भारत समेत कई अन्य हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 4 से 5 दिनों में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और दक्षिण कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने मानसून को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के कुछ हिस्सों में लगभग शनिवार (16 मई 2026) के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

उधर मणिपुर में चर्च के तीन पदाधिकारियों और एक नागरिक की हत्या के विरोध में कुकी-जो और नागा समुदायों द्वारा बुलाए गए बंद का असर तीन जिलों में देखा गया। कांगपोकपी, चुराचांदपुर और चंदेल जिलों में बंद का असर सबसे ज़्यादा देखा गया। यहां पर सरकारी दफ़्तरों में कर्मचारियों की हाज़िरी बहुत कम रही, जबकि शिक्षण संस्थान बंद रहे। कई इलाकों में बाजार भी बंद रहे। जानकारी के मुताबिक, राज्य में कुकी जनजातियों की सर्वोच्च संस्था, 'कुकी इनपी मणिपुर' ने गुरुवार आधी रात से मणिपुर में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है। प्रदर्शनकारियों ने कुकी-बहुल कांगपोकपी ज़िले में नेशनल हाईवे 2 (NH-2) पर बाज़ार, व्यावसायिक गतिविधियां और वाहनों की आवाजाही ज़बरदस्ती बंद करवा दी। यह हाईवे इंफाल को दीमापुर से जोड़ता है। चुराचांदपुर ज़िले में स्थित 'ज़ोमी स्टूडेंट्स फ़ेडरेशन - जनरल हेडक्वार्टर्स' ने बुधवार शाम 6 बजे से ज़िले के शहरी इलाकों में अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया है। 'चंदेल नागा पीपल्स ऑर्गनाइज़ेशन' ने भी बुधवार शाम से बंद का ऐलान किया है। इस बंद के कारण व्यावसायिक गतिविधियां और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।

इधर कैरिबियाई सागर में बसे छोटे से देश क्यूबा में पेट्रोल, डीजल और फ्यूल ऑयल का स्टॉक खत्म हो चुका है, इसकी वजह से पूरे देश में लोग ब्लैक आउट की मार झेल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक क्यूबा के हालात इतने खराब हैं कि राजधानी हवाना समेत कई इलाकों में रोज 20 से 22 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है और सभी शहर अंधेरे में डूबे हैं। लोगों की जिंदगी इस ब्लैक आउट की वजह से बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है। लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है। कई शहरों में लोग सड़कों पर उतर आए और नारे लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे। बिजली कटौती की वजह से देश में अस्पतालों में कामकाज प्रभावित हो रहा है, स्कूलों में बच्चों की दिक्कतें बढ़ गई हैं और फैक्ट्रियां भी बंद होने की कगार पर पहुंच चुकी हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक परिवहन और जरूरी सेवाएं भी इस संकट की मार झेल रही हैं, जिससे आम लोगों का जीवन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है।

उधर राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी कि NIA ने दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए भीषण कार बम धमाका मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ 7500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है। इस धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। 10 नवंबर 2025 को हुए इस धमाके ने राजधानी दिल्ली को दहला दिया था और आसपास की संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। NIA ने यह चार्जशीट नई दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट की विशेष अदालत में दाखिल की है। जांच एजेंसी के मुताबिक, सभी आरोपी आतंकवादी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) से जुड़े थे, जो अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) का एक सहयोगी संगठन माना जाता है। गृह मंत्रालय ने जून 2018 में AQIS और उससे जुड़े सभी संगठनों को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। चार्जशीट में मुख्य आरोपी पुलवामा निवासी डॉ. उमर उन नबी का नाम शामिल है, जिसकी इस मामले में मौत हो चुकी है। वह हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी में मेडिसिन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुका था।

इधर पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से इंटरनेट मीडिया के जरिये राजस्थान के करीब पांच दर्जन युवाओं को जोड़ने की साजिश का राजफाश हुआ है। इन युवाओं को पे-पर-टास्क मॉडल से जोड़ा जा रहा था। इस मॉडल के तहत युवाओं को हर संवेदनशील एवं सैन्य क्षेत्रों की जानकारी के बदले पैसे दिए जाते हैं। मुखबिर की सूचना पर राजस्थान एटीएस ने राज्य के 20 जिलों से करीब 60 संदिग्ध जासूसों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए कई संदिग्धों के मोबाइल फोन में सैन्य क्षेत्रों की फोटो सहित कई तरह की जानकारी मिली है। एटीएस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को अलग-अलग टीमों ने जयपुर, बाड़मेर, अजमेर, जोधपुर सहित 20 जिलों से करीब 60 जासूसों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि भट्टी इंटरनेट मीडिया के जरिये पहले युवाओं को ऑनलाइन गेम व पैसों का लालच देकर अपने साथ जोड़ता है और फिर उनसे संवेदनशील जानकारियां और फोटो मंगवाता है। एटीएस इस बात की जांच में जुटी है कि भट्टी से युवाओं को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से जोड़ने का काम कौन-कौन लोग करते हैं। ऐसे लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रसिद्ध पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल इन दिनों उत्तराखंड दौरे पर हैं। टिहरी गढ़वाल में सुरकंडा देवी के दर्शन करने के बाद साइना नेहवाल गुरुवार को हरिद्वार पहुंची। इस दौरान उनके साथ उनके पिता डॉ. हरवीर सिंह नेहवाल समेत अन्य परिजन भी मौजूद रहे। साइना नेहवाल परिजनों के साथ नील पर्वत स्थित सिद्धपीठ चंडी देवी मंदिर पहुंची। रोपवे के जरिए चंडी देवी मंदिर पहुंची साइना नेहवाल ने परिवार के साथ मंदिर में पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद वो शाम को हरकी पैड़ी पहुंची, जहां उन्होंने गंगा आरती में भाग लिया। इस दौरान श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ समेत कई तीर्थ पुरोहितों ने साइना नेहवाल का स्वागत किया और माता की चुनरी व गंगाजली भेंट की। श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने उन्हें मां गंगा की पौराणिक मान्यता और महिमा के बारे में जानकारी दी।

इधर उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रशासन द्वारा की गई जांच के बाद एक व्यक्ति के एससी जाति प्रमाण पत्र को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रमाण पत्र को निरस्त करने की संस्तुति जिला स्क्रूटनी कमेटी को भेज दी गई है। मामला धर्म परिवर्तन से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, ग्राम मजारशीला गदरपुर निवासी अरविंद सैनी ने प्रशासन को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से चर्च का संचालन किया जा रहा है और लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। शिकायत के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान उप जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से राजस्व विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच सौंपी गई। संयुक्त जांच में यह तथ्य सामने आया कि व्यक्ति मूल रूप से हिंदू धर्म के अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित था, लेकिन उसने कथित रूप से धर्म परिवर्तन कर लिया है। जांच में सोशल मीडिया को भी आधार बनाया गया।