उत्तराखण्डः हाईकोर्ट में वाडिया इंस्टीट्यूट के रजिस्ट्रार पंकज कुमार वर्मा की नियुक्ति को चुनौती! सभी प्रतिवादियों को नोटिस, छह सप्ताह में मांगा जवाब
नैनीताल। इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के रजिस्ट्रार पद पर तैनात पंकज कुमार वर्मा की नियुक्ति को उत्तराखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। मामले में प्रोफेसर अनुराधा राय, रवींद्र जोगराण और त्रिभुवन चंद्र जोशी ने संयुक्त रूप से Quo Warranto याचिका दाखिल की है। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट की खंडपीठ ने पंकज कुमार वर्मा समेत सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया है। इनमें भारत सरकार, वाडिया इंस्टीट्यूट और डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी भी शामिल हैं। अदालत ने सभी पक्षों को अपना जवाब दाखिल करने के लिए छह सप्ताह का समय दिया है। बता दें कि याचिकाकर्ताओं का कहना है कि वर्ष 2015 में रजिस्ट्रार पद के लिए जारी विज्ञापन में निर्धारित अनिवार्य योग्यता के तहत अगले निचले ग्रेड पे यानी 5400 ग्रेड पे पर कम से कम पांच वर्ष का अनुभव जरूरी था। आरोप है कि पंकज कुमार वर्मा के पास नियुक्ति के समय निर्धारित पांच वर्ष के बजाय महज तीन वर्ष दस महीने का अनुभव था। ऐसे में याचिकाकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति को अनिवार्य अर्हता के विपरीत बताते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को सार्वजनिक पद पर बने रहने का वैधानिक अधिकार है या नहीं। याचिकाकर्ताओं की मांग है कि यदि नियुक्ति के समय निर्धारित अनिवार्य अर्हताएं पूरी नहीं होती थीं, तो पंकज कुमार वर्मा को रजिस्ट्रार पद से हटाया जाए। अब इस मामले में सभी प्रतिवादियों के जवाब के बाद हाईकोर्ट आगे की सुनवाई करेगा।