Good Morning India: बारिश, बाढ़ व भूस्खलन में मैक्सिको में 41 लोगों की मौत! हरियाणा IPS सुसाइड केस, महापंचायत ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम! परिक्रमा मार्ग पर आए संत प्रेमानंद महाराज, एक झलक के लिए बेताब दिखे लोग! उत्तराखण्ड में अब बच्चों को दिए जाने वाले पैरासिटामोल सिरप की जांच शुरू
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। बिहार में दूसरे चरण के लिए नामांकन आज से शुरू होगा। वहीं लैंड फॉर जॉब केस में आज कोर्ट में पेश होंगे लालू-राबड़ी और तेजस्वी। इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज इस्राइल और मिस्र के दौरे पर रहेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मेक्सिको में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश से हालात बदतर होते जा रहे हैं। भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है। वहीं कई इलाकों में भूस्खलन के मामले भी सामने आए हैं। वहीं लगातार बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण मेक्सिकों में 41 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक मेक्सिको के वेराक्रूज राज्य में छह से नौ अक्टूबर तक लगभग 540 मिलीमीटर (21 इंच से अधिक) बारिश हुई। वहीं मेक्सिको सिटी से 170 मील (275 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में स्थित तेल नगरी पोजा रिका में बाढ़ से पहले कोई खास चेतावनी जारी नहीं की गई थी।
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नोबेल पुरस्कार से वंचित होने के बाद भी मायूस नहीं हुए हैं। उन्होंने दुनिया के कई युद्धों को खत्म कराने का श्रेय लिया है। ट्रंप ने एक बार फिर भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने का दावा किया है। रविवार रात उन्होंने कहा कि दुनिया के कई पुराने विवादों का समाधान ढूंढने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। वे अबतक सात युद्ध रुकवा चुके हैं, इनमें भारत और पाकिस्तान के बीच का विवाद भी शामिल है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह सब उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार पाने के लिए नहीं किया है। ट्रंप ने गाजा शांति वार्ता के लिए मिस्र जाते समय एयर फ़ोर्स वन पर एक प्रेस वार्ता के दौरान यह बात कही।
उधर हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के छह दिन बाद भी हरियाणा सरकार उनके परिवार को शव के पोस्टमार्टम के लिए सहमत नहीं कर पाई। रविवार को करीब सात घंटे तक हरियाणा सरकार व चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारी आईएएस अमनीत पी कुमार व उनके परिवार के लोगों को मनाते रहे लेकिन देर रात तक कोई नतीजा नहीं निकला। परिवार डीजीपी शत्रुजीत कपूर को पद से हटाने व ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़ा है। चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित वाल्मिकी मंदिर में दो घंटे चली महापंचायत में सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। महापंचायत ने कहा कि सरकार डीजीपी को उनके पद से हटाकर कार्रवाई करे वरना उग्र प्रदर्शन होगा और चंडीगढ़ की सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। वहीं, अमनीत को सांत्वना देने वालों को तांता रविवार को भी लगा रहा। हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम घोष, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह, जजपा अध्यक्ष अजय चौटाला, पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, भाजपा सांसद नवीन जिंदल सहित कई वरिष्ठ नेता अमनीत के घर पहुंचे।
इधर लखनऊ पुलिस ने एक लाख के ईनामी बदमाश गुरुसेवक को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। कैब चालक योगेश पाल समेत 2 कैब ड्राइवर की लूट और हत्या के मामले में पुलिस गुरुसेवक की तलाश कर रही थी। योगेश पाल की हत्या के मामले में पुलिस गुरुसेवक के दो साथियों को पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चुकी है। लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच और पारा थाने की पुलिस ने गुरुसेवक की तलाश में जुटी थी। रविवार रात को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के ज़ीरो प्वाइंट की सर्विस लेन पर गाड़ियों की चैकिंग के दौरान गुरुसेवक आता दिखाई दिया।
उधर संत प्रेमानंद महाराज की एक झलक पाने के लिए लोग आतुर रहते हैं। उनकी प्रसिद्धि इतनी बढ़ गई है कि सोशल मीडिया से लेकर उनके आश्रम तक उनके अनुयायियों की भीड़ दिखाई देती है। कई दिनों से स्थगित पदयात्रा को पुन: शुरू होने का इंतजार देख रहे लोगों के लिए यह खुशखबरी है। रविवार सुबह करीब तीन बजे महाराज आश्रम से बाहर आए और पैदल यात्रा करते ही परिक्रमा मार्ग में गए।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार जिले से दो बड़ी घटनाएं सामने आई है। सिडकुल थाना क्षेत्र में जहां विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई। विवाहिता की हालात गंभीर बताई जा रही है विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरा मामला हरिद्वार के ब्रह्मपुरी क्षेत्र का है, जहां रेलवे ट्रैक के किनारे एक पॉलिथीन में नवजात का शव मिला है। बताया जा रहा है कि जानवरों ने नवजात का हाथ भी नोंचा हुआ है।
इधर टिहरी जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में पुलिस ने 201 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी को नाम योगेश कुमार मित्तल उर्फ योगेश कुमार गुप्ता आयु 49 निवारी थाना सिविल लाइन, रुड़की, जिला हरिद्वार है।
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड बेरोजगार संघ व तकनीकी डिप्लोमा प्राप्त छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से भेंट के दौरान आश्वस्त किया कि राज्य सरकार योग्यता और पारदर्शिता पर आधारित भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया कि राज्य सरकार ने युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतों का संज्ञान लिया और संबंधित परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया।
इधर उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कफ सिरप के बाद बच्चों को दी जाने वाली पैरासिटामोल सिरप की जांच के आदेश दे दिए हैं। रविवार को मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर विभागीय टीम ने पैरासिटामोल सिरप के नौ सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे हैं। एफडीए के अपर आयुक्त व राज्य ड्रग कंट्रोलर ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि प्रतिबंधित कफ सिरप के खिलाफ प्रदेशभर में विभागीय कार्रवाई जारी है। स्वास्थ्य सचिव व एफडीए आयुक्त डॉ.आर राजेश कुमार के दिशा-निर्देश पर प्रदेश में अब चार साल से कम आयु के बच्चों को दिए जाने वाले पैरासिटामोल सिरप की जांच करने के आदेश जारी किए गए हैं।