नैनीताल घूमने पहुंचे बरेली के पर्यटकों का टोल टैक्स पर विवाद! बिना भुगतान निकले तो कर्मचारियों ने किया पीछा, मल्लीताल में दोनों पक्ष भिड़े
नैनीताल। नैनीताल में देर रात टोल टैक्स को लेकर बरेली से आए पर्यटकों और टोल टैक्स कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद हो गया। टोल टैक्स देने को लेकर कहासुनी के बाद पर्यटक बिना टैक्स दिए वाहन लेकर फरार हो गए। टोल कर्मचारियों ने पीछा कर उन्हें मल्लीताल रिक्शा स्टैंड के पास रोक लिया, जहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि बरेली से कुछ युवक काली स्कॉर्पियो से नैनीताल घूमने आए थे। देर रात करीब 11ः30 बजे तल्लीताल स्थित टोल टैक्स काउंटर पर टैक्स देने को लेकर युवकों और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक बिना टोल टैक्स दिए वाहन लेकर वहां से निकल गए। टोल टैक्स कर्मचारियों ने उनका पीछा किया और मल्लीताल रिक्शा स्टैंड के पास वाहन को रोक लिया। यहां दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि स्थानीय लोगों और टोल कर्मचारियों ने पर्यटकों के साथ मारपीट कर टोल टैक्स वसूला। मामला बढ़ता देख पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराया।