Aug 27, 2026 Login

दो बड़े विमान हादसेः अमेरिका के अलास्का में समुद्र में गिरा छोटा विमान, चार की मौत! कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट खेतों में क्रैश, दो पायलटों ने गंवाई जान

Two major air accidents: Small plane crashes into the sea in Alaska, USA—four dead; training aircraft crashes into fields in Kanpur—two pilots lose their lives.

नई दिल्ली। बुधवार-गुरुवार को विमान हादसों की दो अलग-अलग घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। अमेरिका के अलास्का में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र के उथले पानी में जा गिरा, जिसमें सवार चारों लोगों की मौत हो गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक ट्रेनिंग विमान अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा। इस हादसे में इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जबकि संबंधित एजेंसियों ने दुर्घटनाओं के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अमेरिका के अलास्का में बुधवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र के उथले पानी में जा गिरा। हादसा एक दूरदराज के तटीय कस्बे के पास हुआ। विमान में चार लोग सवार थे और अधिकारियों के मुताबिक सभी की मौत हो गई। हादसे के बाद विमान करीब 15 फीट गहरे पानी में डूब गया। जानकारी के अनुसार, Piper PA-24 विमान अलास्का के सबसे बड़े शहर एंकोरेज से उड़ान भरकर सेल्डोविया एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। सेल्डोविया का एयरपोर्ट एंकोरेज से करीब 219 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। उड़ान के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और सेल्डोविया स्लो में किनारे के पास समुद्र के पानी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। हालांकि, दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में ज्वार का पानी बड़ी चुनौती बना। अधिकारियों को पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा। ज्वार कम होने के बाद बचाव दल विमान तक पहुंच सका और उसके भीतर मौजूद चारों वयस्कों के शव बाहर निकाले गए। शवों को मेडिकल एग्जामिनर के कार्यालय भेज दिया गया है। अधिकारियों ने फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। उनके नाम परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद जारी किए जाने की बात कही गई है। अलास्का विमान हादसे की वजह अभी सामने नहीं आई है। अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) दुर्घटना की जांच कर रहा है। जांच में विमान की तकनीकी स्थिति, उड़ान से जुड़े रिकॉर्ड और दुर्घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जाएगी।


कानपुर में ट्रेनिंग विमान खेतों में गिरा, दो पायलटों की मौत
इधर, उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कटरी क्षेत्र में नत्थूपुरवा गांव के पास उड़ान भर रहा ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान अचानक अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान अचानक तेज आवाज के साथ नीचे आया और खेतों में जा गिरा। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत दल ने घटनास्थल की घेराबंदी कर मलबे से दोनों पायलटों को बाहर निकाला। एक ट्रेनी पायलट को गंभीर हालत में इलाज के लिए हैलट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, गार्ग एविएशन का टेक्नाम एयरक्राफ्ट सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान पर गया था। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद विमान कटरी क्षेत्र के नथापुरवा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक, सचिन भाटिया को करीब 3,000 घंटे की उड़ान का अनुभव था। हादसे के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सुरक्षित किया। दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है, ताकि हादसे की वजह का पता लगाया जा सके।