उत्तराखण्डः ज्वेलर से लूट का फिल्मी अंदाज में खुलासा! बदमाशों ने पहले की रेकी, कैंची से बैग का पट्टा काटकर लूटा सामान, एक आरोपी के ATM कार्ड से खुला राज
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में बुजुर्ग ज्वेलर के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज कुछ दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटा गया सामान भी बरामद किया है। खास बात यह रही कि लूट के दौरान ज्वेलर ने भी एक बदमाश का बैग छीन लिया था। इसी बैग में मिले एटीएम कार्ड ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में अहम सुराग दिया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 21 अगस्त की रात प्रदीप कुमार शर्मा निवासी शिवलोक कॉलोनी फेज-3, रानीपुर ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि रात के समय शिवलोक कॉलोनी के पास तीन अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल से उनका पीछा कर रहे थे। मौका मिलते ही बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, महंगा मोबाइल फोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सीआईयू हरिद्वार की मदद से डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए और संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कांवड़ मेले के दौरान बैरागी कैंप में दुकान लगाए हुए थे। दुकान का सामान लेने के लिए वे कनखल की ओर आते-जाते थे। इसी दौरान उनकी नजर बुजुर्ग ज्वेलर पर पड़ी। आरोपियों ने ज्वेलर की गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पूछताछ में सामने आया कि 11 अगस्त को भी आरोपियों ने ज्वेलर का पीछा किया था, लेकिन उस दिन वे वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद तीनों ने 21 अगस्त को दोबारा ज्वेलर का पीछा किया। जब वह शिवलोक कॉलोनी के पास पहुंचा तो आरोपियों ने मौका देखकर उसके बैग का पट्टा कैंची से काट दिया और बैग छीन लिया। ज्वेलर ने जब अपना सामान बचाने का प्रयास किया तो बदमाशों के साथ उसकी छीना-झपटी भी हुई। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने कैंची से वार किया और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
ज्वेलर ने छीना बदमाश का बैग, यहीं से खुला राज
पुलिस के मुताबिक, इस पूरी वारदात में सबसे अहम मोड़ तब आया जब छीना-झपटी के दौरान ज्वेलर ने एक बदमाश का बैग अपने कब्जे में ले लिया। बदमाश अपना बैग मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने जब बैग की जांच की तो उसमें मिले एटीएम कार्ड समेत अन्य सुरागों से आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों को एटीएम कार्ड से मिले सुरागों के साथ जोड़ा। संदिग्ध मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की गई। 25 अगस्त को पुलिस टीम ने भेल मटेरियल गेट के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों से पूछताछ की गई तो उनकी पहचान ऋतिक उर्फ टोपो, सौरभ और राजीव सैनी उर्फ सागर के रूप में हुई।
तीनों आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में ऋतिक उर्फ टोपो पुत्र स्वर्गीय बिनोद चौधरी, निवासी उत्तर प्रदेश, सौरभ पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी उत्तर प्रदेश और राजीव सैनी उर्फ सागर पुत्र अमृत सैनी, निवासी हरिद्वार शामिल हैं। पूछताछ के दौरान तीनों ने ज्वेलर के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार ऋतिक उर्फ टोपो और राजीव सैनी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो आरोपी भी पकड़े
इसी कार्रवाई के दौरान हरिद्वार पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8,500 रुपये की नकदी और आठ एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी एटीएम के आसपास लोगों को निशाना बनाकर धोखे से उनके कार्ड बदल देते थे और बाद में खाते से रकम निकाल लेते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों में से एक पूर्व में एनडीपीएस के मामले में और दूसरा चोरी के मामले में जेल जा चुका है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।