स्कूल के बाहर चाकूबाजी से सनसनी, छठी के छात्र ने आठवीं के छात्र पर किया हमला, दो अंगुलियां कटीं

A stabbing outside a school caused a sensation; a sixth-grade student attacked an eighth-grade student, cutting off two fingers.

उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वनभूलपुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला इतना बढ़ गया कि छठी कक्षा के एक छात्र ने चाकू से हमला कर आठवीं कक्षा के छात्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना ने न सिर्फ स्कूल प्रशासन, बल्कि अभिभावकों और शहर के बुद्धिजीवियों को भी गहरी चिंता में डाल दिया है। पुलिस के अनुसार गौलापार निवासी छठी कक्षा के छात्र का स्कूल के ही कुछ अन्य छात्रों से पिछले एक-दो दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद जब छात्र गेट के बाहर निकले, तो दोनों गुटों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान वनभूलपुरा निवासी आठवीं कक्षा का छात्र बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान छठी कक्षा के छात्र ने अचानक चाकू निकालकर उसके सिर और दाएं हाथ पर वार कर दिया।

हमले में आठवीं के छात्र के सिर पर गहरा घाव हो गया, जबकि दाएं हाथ की दो अंगुलियां कट गईं। वहीं चाकू चलाने वाले छात्र के हाथ में भी चोट आई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों घायल छात्रों को तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल छात्र के सिर पर 12 और हाथ में चार टांके लगाए गए हैं। वनभूलपुरा थानाध्यक्ष डीएस फज्याल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों छात्रों से विवाद के कारणों के बारे में पूछताछ की जाएगी। स्कूल के प्रभारी प्रधानाचार्य दीपक रावत ने बताया कि घटना स्कूल परिसर के बाहर छुट्टी के बाद हुई है। दोनों छात्रों के अभिभावकों को सूचना देकर स्कूल बुलाया गया है। आरोपी छात्र के पास से धारदार हथियार भी बरामद हुआ है और अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस घटना के बाद वनभूलपुरा क्षेत्र में अभिभावकों और समाज के जिम्मेदार लोगों में गहरी चिंता है। उनका कहना है कि स्कूली छात्रों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति समाज और युवा पीढ़ी के लिए खतरनाक संकेत है, जिस पर समय रहते गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।