माथे पर तिलक और भगवा कपड़ेः सत्यसाधू बनकर रह रहा सनीउर रहमान उत्तराखण्ड से गिरफ्तार! फर्जी पहचान से 8 साल से भारत में था सक्रिय, ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और अभिसूचना इकाई ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो हिंदू नाम और पहचान के साथ पिछले कई वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 39 वर्षीय सनीउर रहमान के रूप में हुई है, जो खुद को सत्यसाधू नाम से प्रस्तुत करता था। वह लोगों को गुमराह करने के लिए माथे पर तिलक और भगवा कपड़े पहनता था। आरोपी मूल रूप से बांग्लादेश के फरीदपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी को रामझूला रोड स्थित काली मंदिर के पास संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी असली पहचान उजागर की। जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 से बिना किसी वैध वीजा के भारत में रह रहा था। इस दौरान उसने दिल्ली के एक पते का उपयोग करते हुए फर्जी नाम से आधार कार्ड भी बनवा लिया था, जिससे वह लंबे समय तक अपनी असल पहचान छुपाने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एक्सपायर बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टैबलेट और पेन ड्राइव सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इन उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन गतिविधियों में शामिल था और उसके संपर्क किन लोगों से थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरफ्तारी सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है। साथ ही उसके नेटवर्क और संभावित संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।