उत्तराखंड: भ्रष्टाचार पर विजिलेंस का बड़ा प्रहार! जसपुर ब्लॉक का जेई 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, जांच के दायरे में आए ग्राम पंचायत विकास अधिकारी

Uttarakhand: Vigilance cracks down hard on corruption! Jaspur Block Junior Engineer arrested red-handed while accepting a bribe of ₹20,000; Village Panchayat Development Officer comes under investiga

काशीपुर/जसपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर शाम हल्द्वानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जसपुर ब्लॉक के कनिष्ठ अभियंता (जेई) विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई काशीपुर के कुंडा क्षेत्र में सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम द्वारा की गई। विजिलेंस के अनुसार, एक पंजीकृत ठेकेदार ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जसपुर ब्लॉक में वाटर कूलर लगाने का कार्य पूरा होने के बावजूद भुगतान जारी करने के लिए कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। वहीं, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने भी इसी कार्य के भुगतान के एवज में 12 हजार रुपये रिश्वत मांगे थे। शिकायत प्राप्त होने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर भेजा। जैसे ही जेई विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, सतर्कता टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि इस मामले में दूसरे आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।सतर्कता विभाग ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।