Oct 04, 2026 Login

उत्तराखंडः बनबसा में कैबिनेट की बैठक शुरू! कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

Uttarakhand: Cabinet meeting begins in Banbasa; several proposals likely to be approved.

चंपावत। बनबसा स्थित एनएचपीसी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक को कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि प्रदेश में पहली बार चंपावत जिले में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित हो रही है। बैठक के लिए मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट मंत्री और शासन के अधिकारी पहले ही बनबसा पहुंच चुके थे। वहीं सीएम धामी आज खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगरा तराई से कार से रवाना हुए और एनएचपीसी पहुंचे। इस बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण नीतिगत और जनहित के प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा समेत विभिन्न विभागों के प्रस्ताव कैबिनेट के सामने रखे जा सकते हैं। इनमें से कई प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कैबिनेट बैठक में उपनल कर्मचारियों से जुड़े प्रस्ताव पर खास नजर रहेगी। इसके अलावा पीजी डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक में चर्चा का विषय बन सकता है। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी मंत्रिमंडल विचार कर सकता है। बैठक में शिक्षा और ऊर्जा विभाग से जुड़े प्रस्ताव भी रखे जाने की संभावना है। ऊर्जा क्षेत्र में कर्मचारियों और विभागीय व्यवस्थाओं से संबंधित विषयों के साथ ही शिक्षा विभाग के नीतिगत प्रस्तावों पर भी मंत्रिमंडल चर्चा कर सकता है। इसके अलावा परिवहन, पर्यटन और अन्य विभागों से जुड़े प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने आने की संभावना पहले से जताई गई है। हालांकि अंतिम निर्णय बैठक में प्रस्तावों पर चर्चा के बाद ही स्पष्ट होगा। बनबसा में कैबिनेट बैठक का आयोजन इसलिए भी खास है क्योंकि धामी सरकार के कार्यकाल में पहली बार चंपावत जिले में मंत्रिमंडल की बैठक हो रही है। इससे पहले उत्तराखंड में अलग-अलग सरकारों के दौरान देहरादून से बाहर हरिद्वार, गैरसैंण, अल्मोड़ा, केदारनाथ और टिहरी समेत अन्य स्थानों पर कैबिनेट बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।