उत्तराखंडः अगले 48 घंटे बेहद भारी! कई जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने दी खास सलाह

Uttarakhand: The next 48 hours will be extremely difficult! Heat wave alerts have been issued in several districts, with the administration and health department issuing special advice.

देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हीट वेव और तापमान में और अधिक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और गर्मी से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने की अपील की गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने संबंधित जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है और आपातकालीन परिचालन केंद्र को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, पौड़ी, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ इलाकों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है। लगातार बढ़ती गर्मी और तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है और लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और धूप में काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि तेज धूप और लू के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी और बेहोशी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम अस्पताल में संपर्क करना चाहिए। चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने गर्मी से बचाव के लिए नारियल पानी, जलजीरा, नींबू पानी, छाछ और ताजे फलों जैसे तरबूज और खरबूजे का अधिक सेवन करने की सलाह दी है। साथ ही हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को ढककर बाहर निकलने और दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में जाने से बचने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।