उत्तराखंड:हरिद्वार ट्यूशन के बहाने घर से निकली छात्रा की संदिग्ध मौत!पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बढ़ा सस्पेंस,पुलिस जांच के बीच अस्पताल में हंगामा

Uttarakhand: Suspicious Death of a Student Who Left Home Under the Pretext of Tuition! Post-mortem Report Deepens the Mystery; Uproar at Hospital Amidst Police Investigation.

हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। छात्रा बीते दिनों घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। अगले दिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से किशोरी को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मामले में शुरुआती जांच के दौरान किशोरी के शरीर में संदिग्ध विषाक्त पदार्थ मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए एफएसएल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कई पहलुओं से जांच कर रही है।

रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान जिला अस्पताल में परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया था, जबकि पुलिस ने मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने के बजाय छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

पुलिस के अनुसार ज्वालापुर निवासी एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय पोती 8 मई की शाम करीब चार बजे ट्यूशन के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलते ही महिला उपनिरीक्षक ललिता चुफाल को जांच सौंपी गई और पुलिस टीम ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पता चला कि किशोरी अपने एक मित्र के साथ हरिद्वार और फिर ऋषिकेश गई थी। दोनों ने गंगा किनारे समय बिताया और रात कनखल क्षेत्र में रुके रहे। शनिवार सुबह छात्रा ने अपनी एक सहेली को फोन कर लोकेशन बताई, जिसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बरामद कर लिया।

पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया था कि वह अपनी मर्जी से मित्र के साथ गई थी और उसके साथ किसी तरह की आपराधिक घटना नहीं हुई। पूछताछ के बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पुलिस ने किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया। हालांकि उसी शाम उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे रानीपुर मोड़ स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और डॉक्टरों के पैनल की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की आशंका जताई गई है। वहीं, परिजनों ने किशोरी के कुछ महिला और पुरुष मित्रों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।