उत्तराखण्ड छात्रसंघ चुनावः जानें कहां कैसा रहा परिणाम! किसके सिर सजा जीत का ताज? बेरीनाग मे एबीवीपी का कब्जा, रुद्रपुर में मतगणना जारी, रजत बिष्ट आगे

देहरादून। उत्तराखंड में आज शनिवार को विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव सम्पन्न हो गए। खबर लिखे जानें तक कई जगहों पर परिणाम सामने आ चुके थे, जबकि कुछ जगहों पर मतगणना जारी है। इससे पहले मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ, जो कि दोपहर 2 बजे तक चला। कई कॉलेजों में छात्रों के ग्रुप के बीच छोटी-मोटी घटना के बीच मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई। अल्मोड़ा के द्वाराहाट महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर नीरज किरौला ने विजय प्राप्त की है। सचिव पद पर सूरज सिंह ने तनुजा जोशी को 192 मतों से हराया। छात्र उपाध्यक्ष पर अमित सिंह भंडारी ने भुवन राम को 183 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर भरत भंडारी ने सूरज आर्या को 113 मतों से हराया। छात्रा उपाध्यक्ष पर तन्नू जोशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर नेहा रावत निर्विरोध चुनी गई हैं। संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी की कम उम्र के चलते नामांकन रद्द हो गया था।
इधर बागेश्वर पंडित बीडी पांडेय परिसर में छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के सागर जोशी अध्यक्ष चुने गए हैं। उपाध्यक्ष पद पर हर्षवर्धन पांडेय विजयी रहे। बाकी सभी पदों पर प्रत्याशियों का चयन निर्विरोध हुआ है।
उधर रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी को बड़ा झटका लगा है। इस बार एबीवीपी एक भी पद नहीं बचा सकी और उसके सभी प्रत्याशी हार गए। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रियांशु मोहन ने एबीवीपी के लोकेश सिंह राणा को हराया। उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक आर्य ने अपने प्रतिद्वंद्वी शीतल को मात दी। सचिव पद पर दीपिका ने जीत हासिल की है। सह-सचिव पद पर संजना निर्विरोध निर्वाचित हुईं। कोषाध्यक्ष पद पर शीतल ने मोनिका को 278 मतों के अंतर से हराया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर शीतल ने अंजली और सूरज को मात दी।
इधर देहरादून के एमकेपी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में सभी पदों पर एनएसयूआई ने जीत हासिल की। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की उम्मीदवार बिपाशा ने एबीवीपी की शिवानी रावत को हरा दिया। वाइस प्रेसिडेंट पद पर एनएसयूआई की महक ने जीत दर्ज की है। जनरल सेक्रेटरी पद पर एनएसयूआई की पायल ने जीत प्राप्त की।
उधर राजकीय महाविद्यालय गैरसैंण में एबीवीपी के प्रत्याशियों ने सभी पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर बद्री प्रकाश, उपाध्यक्ष पद पर विनिता, सचिव पद पर करिश्मा ने जीत दर्ज की।
इधर देहरादून के डोईवाला शहीद दुर्गामल पीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के अमित कुमार ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। सचिव पद पर एबीवीपी के अमन सिंह ने जीत हासिल की है।
उधर रुद्रपुर में अध्यक्ष पद पर रजत बिष्ट 100 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं उपाध्यक्ष सीट पर चेतन भट्ट 300 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि सचिव सीट पर जसवंत सिंह आगे चल रहे हैं। फिलहाल मतगणना जारी है और 16वें राउंड की काउंटिंग चल रही है।
इधर बेरीनाग महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर हिमांशु बोनाल 76 मतों से विजयी हुए। वहीं सचिव पद पर जिवीतेश रौतेला ने 183 मतों से जीत हासिल की। वहीं प्रतिनिधि पद पर सुहानी बोरा ने जीत हासिल की। इधर छात्र उपाध्यक्ष पद पर गौरव कुमार, छात्रा उपाध्यक्षा पद पर वर्णिका तल्लानी, संयुक्त सचिव पद पर दीपक शाह, कोषाध्यक्ष पद पर आयुष सलौनी, विश्व विद्यालय सांस्कृतिक सचिव पद पर दीपिका मनराल का पदों में एकल नामांकन होने के कारण निर्विरोध चुने गए।