उत्तराखण्डः रुद्रपुर में दरोगा से मारपीट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने सिखाया सबक! नशा उतरते ही हाथ जोड़कर मांगने लगे माफी
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक यातायात पुलिस उपनिरीक्षक (दरोगा) के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, घटना किच्छा बाईपास रोड स्थित झील क्षेत्र की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद दो युवकों ने यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। मामले की जानकारी मिलते ही अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने व्यापक चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र सरदार दौलत सिंह, निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर तथा सुरजीत कुमार पुत्र बाबूराम, निवासी बेस पड़ेमा, थाना जहानाबाद, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली रुद्रपुर लाया गया, जहां पुलिस की तहरीर के आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी विवाद या अप्रिय स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें और जांच में सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।