उत्तराखंड में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट! अगले 48 घंटों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी

Uttarakhand on high weather alert! Rain, strong winds, and hailstorms expected in the next 48 hours

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 से 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इस बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिलेगा। खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले पड़ने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि 5 मई तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होती रहने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा, जिससे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने आम जनता, विशेषकर किसानों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है, क्योंकि ओलावृष्टि से नुकसान होने की आशंका है। वहीं पर्यटकों से अपील की गई है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें। प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो पूरी सावधानी बरतें और पुराने मकानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में यात्रा करने से बचना ही बेहतर होगा।