उत्तराखंड में गर्मी का कहर: सूरज उगल रहा आग! 40 डिग्री पहुंचा तापमान! मौसम विभाग ने जारी किया हीट वेव का अलर्ट

Uttarakhand is experiencing a heat wave: The sun is blazing! Temperatures have reached 40 degrees Celsius! The Meteorological Department has issued a heat wave alert.

देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड के तराई-भाबर क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। सूरज की तपिश ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कुमाऊं के हल्द्वानी, रुद्रपुर समेत आसपास के इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि उत्तर भारत के साथ-साथ उत्तराखंड में भी 15 और 16 मई के बाद से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। डॉ. तोमर के अनुसार अगले एक से दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए हीट वेव अलर्ट जारी किया है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्र, पौड़ी, उधमसिंह नगर और नैनीताल समेत आसपास के इलाके भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। इन क्षेत्रों में तेज धूप और लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की संभावना भी जताई है। विभाग के अनुसार 48 घंटे बाद तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। इसके बाद पहाड़ी जिलों उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने 22 और 23 मई के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन दो दिनों के दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।