उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सात अधिवक्ताओं को बनाया सीनियर एडवोकेट! अधिसूचना जारी
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सात अधिवक्ताओं को सीनियर (वरिष्ठ अधिवक्ता) एडवोकेट के रूप में नामित किया है। इस संबंध में शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर तत्काल प्रभाव से नियुक्ति लागू कर दी गई।
हाईकोर्ट द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय अधिवक्ता अधिनियम, 1961 की धारा-16 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तथा 23 जुलाई 2025 को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर लिया गया।
जिन अधिवक्ताओं को सीनियर एडवोकेट के रूप में नामित किया गया है, उनमें बी.डी. कंडपाल, आर.एस. सम्मल, लोकेंद्र डोभाल, अमित भट्ट, सत्येंद्र सिंह लिंगवाल, विजय भट्ट और जगजीत सिंह विर्क शामिल हैं।
यह अधिसूचना मुख्य न्यायाधीश के आदेश पर रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता द्वारा जारी की गई है। हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से संबंधित सभी संस्थाओं एवं अधिकारियों को भी इसकी प्रतिलिपि प्रेषित कर दी गई है।
