उत्तराखण्डः रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर कांग्रेस का हल्लाबोल! स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा, प्रदर्शन के दौरान बिगड़ी कांग्रेस नेता की तबीयत

Uttarakhand: Congress launches a protest over the shortage of doctors at Rudrapur District Hospital! The party cornered the government on the issue of healthcare services; a Congress leader's health

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के पहाड़ी क्षेत्रों में तबादले के बाद कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार के फैसले के कारण जिला अस्पताल में चिकित्सकों की भारी कमी हो गई है, जिससे आम मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है और उन्हें निजी अस्पतालों के चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उनका आरोप था कि जिला अस्पताल से डॉक्टरों का पहाड़ों में तबादला कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को लगभग ठप कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो रुद्रपुर और आसपास के हजारों मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में आवश्यक दवाइयों का भी अभाव है। मरीजों को सरकारी अस्पताल में मुफ्त दवा उपलब्ध कराने के बजाय बाहर मेडिकल स्टोरों से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के बजाय केवल घोषणाएं और दावे कर रही है, जबकि अस्पतालों की वास्तविक स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। राजकुमार ठुकराल ने भाजपा जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता के सामने विकास और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि जिला अस्पताल डॉक्टरों और संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि रुद्रपुर जिला अस्पताल में जल्द से जल्द पर्याप्त संख्या में विशेषज्ञ और सामान्य चिकित्सकों की तैनाती की जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके। प्रदर्शन के दौरान एक अप्रत्याशित घटना भी सामने आई। कांग्रेस नेता परिमल राय की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।