उत्तराखण्डः रुद्रपुर पहुंचे सीएम धामी! भव्य त्रिशूल का किया अनावरण, शोभायात्रा में शिव भक्तों ने किया स्वागत! चुनाव को लेकर कही बड़ी बात

Uttarakhand: CM Dhami arrives in Rudrapur! Unveils a magnificent trident, welcomes Shiva devotees in a procession! Makes significant remarks about the elections

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रुद्रपुर के दौरे पर हैं। उन्होंने जहां त्रिशूल चौक पर ‘भव्य त्रिशूल’ का अनावरण किया। वहीं त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक निकली भक्तिमय शोभायात्रा में शिरकत की। इस दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे शिवभक्तों ने सीएम धामी का जोरदार स्वागत किया। वहीं शोभायात्रा के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और भोलेनाथ के जयकारे गूंजे। इसके बाद सीएम धामी ने 100 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। तत्पश्चात् सीएम धामी ने 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में आयोजित यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेले का शुभारंभ किया। वहीं सीएम धामी के आगमन को लेकर भाजपाईयों में खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह सीएम धामी का जोरदार स्वागत किया। गांधी पार्क में उमड़े लोगों को सम्बोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि रुद्रपुर का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनपद में तमाम विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को विकास नहीं दिखता। कहा कि विपक्ष का एक ही काम रह गया है कि हर काम का विरोध करना है। कहा कि हम सच्चाई और ईमानदारी से काम करते हैं। कहा कि हमने एक-एक पल, एक-एक क्षण राज्य को समर्पित किया है। विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि रुद्रपुर से चुनाव लड़ो। उनके ऐसा कहते ही भाजपाईयों ने धामी-धामी के नारे लगाए। सीएम धामी ने कहा कि पूरा जनपद ही अपना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की सभी सीटों पर मैं ही चुनाव लड़ने वाला हूं, हम सब लड़ने वाले हैं। कहा कि चुनाव में अभी समय है, हम सभी को विकास कार्य करने हैं।