उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः UKSSSC भर्ती परीक्षा स्थगित! 3 मई को होने वाली समूह 'ग' के 57 पदों की परीक्षा टली, अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने समूह ‘ग’ के विभिन्न पदों के लिए प्रस्तावित भर्ती परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। आयोग के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है, जो लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार विभिन्न विभागों में विशेष तकनीकी अर्हता वाले कुल 57 पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जानी थी। यह परीक्षा आगामी 3 मई 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों के चलते इसे स्थगित कर दिया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी और इसकी जानकारी अभ्यर्थियों को आधिकारिक माध्यमों के जरिए दी जाएगी। साथ ही उम्मीदवारों से आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण अपडेट से वे वंचित न रहें। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न विभागों में तकनीकी योग्यता से जुड़े पद शामिल हैं, जिनके लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा स्थगित होने से एक ओर जहां अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है, वहीं दूसरी ओर नई तारीख को लेकर अनिश्चितता भी बनी हुई है। परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवार अब आयोग के अगले निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि अचानक परीक्षा टलने से उनकी योजना प्रभावित हुई है, हालांकि अतिरिक्त समय को वे तैयारी मजबूत करने के अवसर के रूप में भी देख रहे हैं।