उत्तराखंड बोर्ड रिजल्टः बेटियों का दबदबा बरकरार! हाईस्कूल में 92.10 और इंटर में 85.11 प्रतिशत छात्र पास, जानें कौन हैं टॉपर

Uttarakhand Board Results: Girls continue to dominate! 92.10 percent pass in high school and 85.11 percent in intermediate. Find out who the toppers are.

रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। दोनों ही परीक्षाओं में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत छात्रों से काफी अधिक रहा। हाईस्कूल परीक्षा में कुल परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट में 85.11 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। परिणामों में पिछले वर्ष की तुलना में सुधार दर्ज किया गया है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। हाईस्कूल परीक्षा में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का प्रतिशत 88.03 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस परीक्षा में कुल 1,08,983 छात्र.छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 1,00,373 सफल रहे। इस बार रामनगर के एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 491/500 (98.20 प्रतिशत) अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर ईशान कोठारी (उत्तरकाशी) और भूमिका पांडे (नैनीताल) संयुक्त रूप से रहे, जिन्होंने 490/500 (98 प्रतिशत) अंक प्राप्त किए। तृतीय स्थान योगेश जोशी (बागेश्वर) को मिला, जिन्होंने 489/500 (97.80 प्रतिशत) अंक हासिल किए। बालिकाओं की मेरिट सूची में भूमिका पांडे शीर्ष पर रहीं, जो इस वर्ष के परिणाम की खास उपलब्धि मानी जा रही है। जिला स्तर पर बागेश्वर ने 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

इंटरमीडिएटः फिर आगे रहीं छात्राएं
इंटरमीडिएट परीक्षा में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का 81.93 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस परीक्षा में कुल 1,00,452 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 85,499 सफल घोषित हुए। टॉपर्स की बात करें तो गीतिका पंत (बागेश्वर) और सुशीला मेहंदीरत्ता (उधम सिंह नगर) ने 490/500 (98 प्रतिशत) अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर आर्यन (ऋषिकेश) रहे, जिन्होंने 489/500 (97.80 प्रतिशत) अंक प्राप्त किए। तीसरा स्थान वंशिका (हरिद्वार) को मिला, जिन्होंने 485/500 (97 प्रतिशत) अंक हासिल किए। इंटरमीडिएट में भी बागेश्वर जिला 94.81 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में अव्वल रहा। परीक्षा परिणामों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने असफल छात्रों को निराश न होकर दोबारा मेहनत करने और आगे बढ़ने का संदेश दिया।