Sep 04, 2026 Login

उत्तराखण्डः मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में सेंध का आरोप! महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत 6 नेताओं पर मुकदमा

Uttarakhand: Alleged security breach at the Chief Minister's residence! Case registered against six leaders, including State Mahila Congress President Jyoti Rautela.

देहरादून। राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय से जुड़े निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों के छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास की ओर पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कैंट कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की शिकायत पर दर्ज मामले में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश सचिव सागर मनवाल समेत छह लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार, कांग्रेस नेताओं पर हाई सिक्योरिटी जोन में बैरिकेडिंग पार करने, पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करने और सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान पैदा करने के आरोप हैं। मामले की शिकायत कैंट कोतवाली के एसएसआई रवींद्र सिंह नेगी ने की थी। दरअसल, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों के छात्र परीक्षा आयोजित कराने और परिणाम जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की मांगों के समर्थन में कांग्रेस नेताओं ने भी मोर्चा संभाला। बताया गया कि बुधवार देर रात कांग्रेस के कुछ नेता और कार्यकर्ता छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास की ओर पहुंच गए। इनमें महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश सचिव सागर मनवाल, विनीत प्रसाद भट्ट, पार्षद रॉबिन त्यागी, आयुष गुप्ता और परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा को देखते हुए पहले से ही हाथीबड़कला, एनेक्सी बैरियर समेत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। इन स्थानों पर पुलिस बल भी तैनात था।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को रोकने और वापस जाने के लिए निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद तीन वाहनों में सवार कांग्रेस नेता बैरिकेडिंग को पार करते हुए मुख्यमंत्री आवास के गेट नंबर-2 तक पहुंच गए। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास के बाहर देर रात नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। हाई सिक्योरिटी जोन में इस तरह प्रदर्शन होने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर से प्रदर्शनकारियों को हटाया। मामले में पुलिस ने एक वाहन चालक के खिलाफ भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा रोकने और निर्देश देने के बावजूद एक वाहन चालक ने कथित तौर पर जबरन वाहन आगे बढ़ा दिया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी बाल.बाल बच गए। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। यही घटना अब दर्ज मुकदमे में पुलिस की कार्रवाई का अहम आधार बनी है। कैंट कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट के अनुसार एसएसआई रवींद्र सिंह नेगी की शिकायत के आधार पर छह कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।