उत्तराखण्डः हाईकोर्ट बार एसो. में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय का भव्य स्वागत! संघर्ष के दिनों को याद कर युवा अधिवक्ताओं को दिया मेहनत और लगन का संदेश
नैनीताल। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सभागार में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने के बाद पहली बार बार सभागार पहुंचे न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय का स्वागत किया गया। इस दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों न्यायाधीशों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने अपने वकालत के शुरुआती दिनों के संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि किस तरह कठिन परिस्थितियों और लगातार मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। जिससे युवा अधिवक्ताओं को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि हाईकोर्ट के शुरुआती दौर में अधिवक्ताओं के पास पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं और चैंबर तक उपलब्ध नहीं थे। उस समय अधिवक्ता पेड़ों के नीचे बैठकर बारिश, तूफान और बर्फबारी जैसी विषम परिस्थितियों में भी अपना काम करते थे। हालांकि, समय के साथ हाईकोर्ट और बार एसोसिएशन के बुनियादी ढांचे में काफी सुधार हुआ है।उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन अपने 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और लगातार प्रगति कर रही है। उम्मीद है कि आने वाले समय में यह देश की सर्वश्रेष्ठ बार एसोसिएशनों में अपनी जगह बनाएगी। डीसीएस रावत ने कहा कि कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और यहां की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। ऐसे में उनके अनुभव का लाभ अधिवक्ताओं के साथ ही आम जनता और न्याय की उम्मीद लेकर अदालत पहुंचने वाले लोगों को भी मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलेगी और लोगों को समय पर न्याय मिल सकेगा।