Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः वीकेंड पर कैंची धाम और नैनीताल में उमड़ रहा जनसैलाब! ट्रैफिक प्लान लागू, पार्किंग से शटल सेवा तक की निगरानी

Uttarakhand: Massive crowds throng Kainchi Dham and Nainital over the weekend! Traffic plan implemented; everything from parking to shuttle services is being monitored.

नैनीताल। वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और नैनीताल में पर्यटकों की संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। 10 और 11 अक्टूबर को श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा, सुरक्षित दर्शन और पर्यटकों की आवाजाही आसान बनाने के उद्देश्य से प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस अधिकारी ग्राउंड जीरो पर उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित खड़ा कराने से लेकर शटल सेवा और प्रवेश बिंदुओं पर स्टीकर लगाने तक की व्यवस्था जारी है। पुलिस के अनुसार, वीकेंड पर कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल आने वाले पर्यटकों को यातायात संबंधी परेशानी से बचाने के लिए अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया है। एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी कार्यालय एवं संचार रेवाधर मठपाल और एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंश सिंह सहित सभी संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी यातायात व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जा रहा है। पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान बनाने के लिए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है। पुलिस के मुताबिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यातायात प्लान, पार्किंग स्थलों तथा शटल सेवा के संबंध में जानकारी देने के लिए अनाउंसमेंट का सहारा लिया जा रहा है। इसके अलावा प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों पर स्टीकर लगाए जा रहे हैं, जिससे निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप यातायात संचालन में मदद मिल सके। पुलिसकर्मी लगातार सतर्क रहकर वाहनों को नियंत्रित कर रहे हैं और जरूरत के अनुसार लोगों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

यातायात प्लान के तहत सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक निर्धारित रूट लागू रहेंगे। अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा। रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों में जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, हल्द्वानी और काठगोदाम से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को भीमताल के खुटानी बैंड से धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी से मुक्तेश्वर और रामगढ़ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था तय की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जबकि गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क होंगे। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा वीकेंड के दौरान टैक्सी और दोपहिया वाहनों की कैंची धाम क्षेत्र तथा नैनीताल में आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।