Oct 12, 2026 Login
Awaaz24x7-government

शारदीय नवरात्रः मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब! मां दुर्गा के जयकारे गूंजे, सीएम धामी ने की प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

 Sharadiya Navratri: A massive surge of devotion at temples! Chants of 'Jai Mata Di' (hail to Goddess Durga) echoed, and CM Dhami prayed for the happiness and prosperity of the state's residents.

देहरादून। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का पावन पर्व शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू हो गया। नवरात्र के पहले दिन घटस्थापना के साथ ही देवभूमि उत्तराखंड में भक्तिमय माहौल नजर आया। प्रदेशभर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। घरों से लेकर मंदिरों तक मां दुर्गा के दरबार सजाए गए हैं। मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है। पहले दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अगले नौ दिनों तक प्रदेश के विभिन्न देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। धार्मिक आस्था और उत्सव के इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। घरों में भी श्रद्धालुओं ने घटस्थापना कर मां दुर्गा की आराधना शुरू कर दी है। नवरात्र के दौरान भक्त नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री धामी ने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि के साथ उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। बागेश्वर के प्राचीन कोट भ्रामरी माता मंदिर में भी आस्था का सैलाब उमड़ा है। यहां नौ दिनों तक मां के नौ रूपों की पूजा की जाएगी। प्राचीन कोट भ्रामरी माता मंदिर, लाखों लोगों की अगाध श्रद्धा व अटूट आस्था का प्रतीक है।