उत्तराखण्डः पहाड़ से गिरा पत्थर! चारा पत्ती लेने गई महिला को लगा, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत! अस्पताल में ग्रामीणों का हंगामा
चमोली। उत्तराखण्ड के चमोली से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां गैरबारम गांव में चारा पत्ती लेने जंगल गई महिला की पत्थर गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि 52 वर्षीय कमला देवी घास लेने जंगल गई थी। जहां पर ऊपर से एक बोल्डर आने से कमला देवी घायल हो गई। उसे 108 ऐंबुलेंस की मदद से सीएचसी थराली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए और हादसे को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों और परिजनों ने आशंका जताई है कि जंगल के ऊपर कोई कार्य चल रहा है, वहीं से पत्थर गिराया गया है। इसी कारण महिला की मौत हुई है। उन्होंने इसकी जांच करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला शांत कराते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। सीएमओ चमोली अभिषेक गुप्ता का कहना है कि महिला अस्पताल पहुंचने के दौरान ही मौत हो गई थी। मृतका कमला देवी जूनियर हाईस्कूल में भोजन माता थी।