रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप कोतवाली में हंगामाः विधायक शिव अरोरा के पीए और महिला पुलिसकर्मी के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो वायरल! समझौते से सुलझा मामला

Uproar at Rudrapur Transit Camp Police Station: Video of a heated exchange between MLA Shiv Arora's personal assistant and a female police officer goes viral! The matter is resolved through a comprom

रुद्रपुर। रुद्रपुर की ट्रांजिट कैंप कोतवाली में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब स्थानीय विधायक के निजी सहायक (पीए) और ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि कुछ ही देर में मामला सुलझा लिया गया, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह प्रकरण चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार विधायक के पीए सोनू वर्मा विधायक शिव अरोरा के कोतवाली पहुंचने से पहले एक कार्यक्रम के सिलसिले में वहां पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह सीधे कोतवाल के कक्ष की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें रोकते हुए बिना अनुमति अंदर जाने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कुछ समय तक दोनों पक्षों में बहस चलती रही। मामला बढ़ता देख कोतवाली में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और दोनों को शांत कराया। इसके बाद माहौल सामान्य हुआ। वहीं कुछ देर बाद विधायक शिव अरोरा भी कोतवाली पहुंचे। बताया जाता है कि उन्होंने इस मामले में महिला पुलिसकर्मी से अलग से बातचीत की और कड़ी नाराजगी जताई। हालांकि बाद में महिला पुलिसकर्मी द्वारा स्थिति स्पष्ट करने और माफी मांगने के बाद विवाद पूरी तरह समाप्त हो गया। वहीं इस मामले में विधायक शिव अरोरा ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी को उनके सहयोगी सोनू वर्मा के बारे में जानकारी नहीं थी, जिसके कारण गलतफहमी की स्थिति बन गई। उन्होंने इसे एक मामूली घटना बताते हुए कहा कि आपसी समझ से मामला सुलझा लिया गया है और अब कोई विवाद शेष नहीं है। उधर अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग विभिन्न प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।