उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसमः कई जिलों में ओलावृष्टि, तेज बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट! जानें कहां कैसा रहेगा मौसम?
देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने आगामी दिनों के लिए राज्य के कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। 28 अप्रैल को विशेष रूप से कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल को नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 29 अप्रैल को भी जारी रहने के आसार हैं। इस दिन नैनीताल, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 28 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा। इन इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन के तहत आईआरएस प्रणाली से जुड़े सभी नामित अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। साथ ही स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखें।