गुलदार का आतंकः देवप्रयाग में 17 साल के किशोर को बनाया निवाला! क्रिकेट खेलकर लौट रहा था अनुराग, बेटे का शव देख बिलख पड़े परिजन
देवप्रयाग। उत्तराखण्ड में गुलदार का आतंक लगातार जारी है, जिससे लोगों में दहशत देखने को मिल रही है। ताजा मामला देवप्रयाग से सामने आया है। यहां गुरुवार देर रात गुलदार ने एक 17 वर्षीय बालक पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया। कई घंटों तक बालक की खोजबीन करने के बाद देर रात को घटनास्थल से काफी दूरी पर उसका शव क्षत-विक्षत हाल में बरामद कर लिया गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैली हुई है। वहीं बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक देवप्रयाग तहसील में स्टाम्प विक्रेता बलवंत सिंह चौहान का बेटा अनुराग देवप्रयाग डिग्री कॉलेज में क्रिकेट खेलने गया था। जब वह करीब सात बजे खेलकर लौट रहा था, तो अचानक घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर भी गुलदार ने उसे नहीं छोड़ा। सूचना पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय लोग कई घंटों तक उसे ढूंढ़ते रहे, लेकिन किशोर का कुछ पता न चल सका। देर रात वन विभाग और पुलिस की टीम को किशोर का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। मृतक अनुराग कक्षा बारहवीं का छात्र था। लोगों ने वन विभाग एवं सरकार से क्षेत्र में सक्रिय गुलदारों को पकड़ने की मांग की है। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि गुलदार को सुबह साढ़े पांच बजे के करीब पिंजरे में कैद कर दिया गया है।