श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान: शुभमन गिल फिर कप्तान, सारांश जैन को पहली बार टेस्ट टीम में मौका
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी। 15 अगस्त से शुरू होने वाली इस महत्वपूर्ण सीरीज में एक बार फिर युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। टीम चयन में सबसे अधिक चर्चा घरेलू क्रिकेट के स्टार ऑलराउंडर सारांश जैन के नाम की रही, जिन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है।
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले सारांश जैन को उनके दमदार खेल का इनाम मिला है। पहली बार राष्ट्रीय टेस्ट टीम में चयन के साथ ही उन पर सभी की निगाहें रहेंगी। चयनकर्ताओं ने इस बार युवा खिलाड़ियों और अनुभवी सितारों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। बल्लेबाजी विभाग में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल को मौका दिया गया है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल संभालेंगे। वहीं ऑलराउंडर के तौर पर रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार और नवोदित सारांश जैन टीम का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई जसप्रीत बुमराह करेंगे। उनके साथ मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। दोनों खिलाड़ियों को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद ही अंतिम रूप से टीम में शामिल माना जाएगा।बीसीसीआई ने यह भी बताया कि ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए चयन के समय उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 20 अगस्त तक गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में होगा। विश्व टेस्ट क्रिकेट में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिहाज से यह सीरीज दोनों टीमों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। भारत की टेस्ट टीम-कप्तान शुभमन गिल,उपकप्तान केएल राहुल,यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन को शामिल किया गया है। वही साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह का चयन बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद प्रभावी होगा।