Aug 19, 2026 Login

नकली शराब का कहरः गुजरात के भावनगर में 2 की मौत! जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे 19 लोग, जिलेभर में मचा हड़कंप

Spurious liquor havoc: 2 dead in Gujarat's Bhavnagar! 19 battling for their lives; panic grips the entire district.

नई दिल्ली। गुजरात के भावनगर जिले में कथित नकली और जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना में उपेंद्रसिंह गोहिल समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामला घोघा के खरकड़ी गांव का बताया जा रहा है, जहां 16 अगस्त की रात शराब पार्टी के बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने नकली शराब की तस्करी और बिक्री से जुड़े चार लोगों को हिरासत में लिया है। जांच में रॉयल स्टैग ब्रांड के नाम पर नकली शराब बड़े पैमाने पर बेचे जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने लोगों से ऐसी संदिग्ध शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की रात करीब सात दोस्तों ने शराब पार्टी की थी। इसी दौरान नकली शराब पीने के बाद उपेंद्रसिंह गोहिल की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए सर टी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घनश्यामसिंह जडेजा का सदविचार अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि विश्वराजसिंह को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार अन्य लोगों का भी अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। मृतक के भाई ने बताया कि 16 अगस्त की रात चार दोस्तों ने इंग्लिश शराब की पार्टी की थी। शराब पीने के बाद उल्टी होने पर तीन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने आशंका जताई कि शराब में जहरीला पदार्थ मिला हुआ था। उपेंद्रसिंह की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए बुधवार को शव का फोरेंसिक पोस्टमार्टम कराया जाएगा। भावनगर के एसपी नितेश पांडे ने बताया कि छह लोग सर टी अस्पताल, जबकि दो-तीन अन्य अस्पतालों में भर्ती हैं। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नकली शराब की बोतल पीने के बाद अधिकांश लोगों की तबीयत बिगड़ी। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से शराब की बोतलें जब्त कर ली हैं और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस उन खुदरा ग्राहकों को भी ट्रेस कर रही है, जिन्हें ये नकली शराब की बोतलें बेची गई थीं। कुछ लोगों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस नकली शराब के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।