Aug 20, 2026 Login

लखनऊ हत्याकांड: पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंत! पत्नी को बैंक के बाहर भूना, घर जाकर बहन को मारी गोली! हनुमान चालीसा सुनते-सुनते शख्स ने खुद को भी उड़ाया

Lucknow Murder Case: A gruesome end to a family dispute! Man gunned down his wife outside a bank, then went home and shot his sister; finally, he blew himself up while listening to the Hanuman Chalis

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को पारिवारिक विवाद से जुड़ी बेहद गंभीर घटना सामने आई। गोमतीनगर क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत मानस मिश्रा ने कथित तौर पर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की हत्या कर दी। इसके बाद वह हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराये के मकान पर पहुंचा, जहां उसकी बहन की भी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद मानस ने भी अपनी जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं और आलमबाग क्षेत्र में रहती थीं। बताया जा रहा है कि मानस और दिव्या के बीच पिछले काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों अलग रह रहे थे और करीब एक साल पहले दिव्या ने पति से तलाक के लिए अदालत में याचिका दायर की थी। पुलिस अब इस वैवाहिक विवाद और घटना से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर मानस ने दिव्या को फोन किया और उन्हें आईसीआईसीआई बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर मानस ने कथित तौर पर दिव्या पर गोली चला दी। अचानक हुई घटना से बैंक के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर बैंककर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दिव्या को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कराई। पत्नी के साथ घटना के बाद मानस अपने हुसड़िया चौराहे के पास स्थित किराये के मकान पर पहुंचा। फास्ट फूड दुकान संचालक लवकुश के मुताबिक, करीब 12:30 बजे मानस वहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मानस काफी परेशान दिखाई दे रहे थे और पसीने से भीगे हुए थे। घर के भीतर जाने के बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद अंदर से आवाज आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। मानस की बहन भी उसी घर में रहती थीं। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर घर के भीतर मानस और उसकी बहन मृत मिले। मृतक बहन के नाम को लेकर शुरुआती जानकारी में अलग-अलग नाम सामने आए हैं। एक जानकारी में उनका नाम शीबा बाजपेई बताया गया है, जबकि कथित व्हाट्सऐप स्टेटस में दूसरे नाम का उल्लेख होने की बात कही जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मृतका की पहचान और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

व्हाट्सऐप स्टेटस की भी जांच
पुलिस को मानस के मोबाइल फोन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसके व्हाट्सऐप स्टेटस पर एक संदेश लगाया गया था, जिसमें पत्नी पर धोखे का आरोप लगाने और परिवार से जुड़े कुछ लोगों के बारे में जानकारी होने का दावा किया गया था। पुलिस इस डिजिटल सामग्री को जांच का हिस्सा बना रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया या मैसेज में सामने आई किसी बात को अंतिम कारण मानने से पहले उसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि की जाएगी। मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है, ताकि घटना से पहले की बातचीत और अन्य डिजिटल गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

घर से तीन हथियार बरामद, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने मानस के घर से एक तमंचा और दो पिस्टल बरामद किए हैं। इसके अलावा वहां मिले मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से आए और घटना में इनका इस्तेमाल किस तरह हुआ। आईजी लखनऊ अपर्णा कुमार ने बताया कि आईसीआईसीआई बैंक के बाहर मानस मिश्रा ने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा के साथ वारदात की। इसके बाद घर जाकर उसकी बहन की मौत हुई और फिर मानस की भी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बैंक के बाहर हुई घटना से लेकर आरोपी के घर पहुंचने तक की पूरी गतिविधियों की पुष्टि की जा सके। पुलिस मानस और दिव्या के बीच चल रहे विवाद, अदालत में लंबित तलाक के मामले, घटना से पहले हुई बातचीत और बरामद डिजिटल साक्ष्यों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही उन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जिनका नाम कथित व्हाट्सऐप संदेश में सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। घटना के पीछे की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर सामने आएगी।