Oct 09, 2026 Login
Awaaz24x7-government

सीआईएसएफ की तर्ज पर उत्तराखंड में जल्द गठित होगी एसआईएसएफ।

SISF will soon be formed in Uttarakhand on the lines of CISF.

एसीएस राधा रतूड़ी ने उत्तराखंड  में राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एसआईएसएफ) के गठन के सम्बन्ध में बैठक ली, राज्य में बैंकों एवं औद्योगिक आस्थानों,
हैलीपैड एवं सरकारी उपक्रमों की पुख्ता सुरक्षा के लिए एक उत्तरदायी एवं संवेदनशील सुरक्षा बल की आवश्यकता को देखते हुए जल्द ही तैनाती की बात की है।
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के तर्ज पर उत्तराखण्ड में राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एसआईएसएफ) के गठन हेतु कार्ययोजना बनाने के सम्बन्ध में सचिवालय में होमगार्ड्स, विभिन्न औद्योगिक संस्थानों, बैंक अधिकारियों, सिडकुल, नागरिक उड्डयन विभाग तथा गृह विभाग के अधिकारियों की बैठक ली।
एसीएस राधा रतूड़ी ने प्रदेश में स्थित सभी बैंकों, एयरपोर्ट्स, हैलीपेड, औद्योगिक संस्थानों, सिडकुल,  राज्य एवं केन्द्र सरकार के उपक्रमों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा बलों की आपूर्ति से सम्बन्धित जानकारी गृह विभाग को जल्द प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के तर्ज पर राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एसआईएसएफ) गठन के निर्देश दिए हैं। इसके लिए राज्य में बैंकों को करेंसी चेस्ट की सुरक्षा एवं एयरपोर्ट्स, हैलीपेड, औद्योगिक संस्थानों, सिडकुल,  राज्य एवं केन्द्र सरकार के उपक्रमों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए कितनी संख्या में सुरक्षा बलों की आवश्यकता होगी इसके सटीक आंकड़े जुटाना आवश्यक है।
एसीएस ने कहा कि राज्य में बैंकों एवं औद्योगिक आस्थानों, हेलीपैड एवं सरकारी उपक्रमों की पुख्ता सुरक्षा के लिए एक उत्तरदायी एवं संवेदनशील सुरक्षा बल की नितांत आवश्यकता है। बैठक में उत्तराखंड होमगार्ड विभाग को एसआईएसएफ का कार्य दिये जाने के औचित्य पर भी विस्तृत चर्चा की गई। एसीएस ने संबंधित अधिकारियों को उत्तराखंड होमगार्ड के प्रस्ताव का अध्ययन करने के निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर सचिव  दिलीप जावलकर, अपर सचिव सी रविशंकर, विशेष सचिव गृह श्रिद्धम अग्रवाल, विम्मी सचदेवा एवं उत्तराखंड होमगार्ड विभाग, सिडकुल, नागरिक उड्डयन विभाग, गृह विभाग, विभिन्न औद्योगिक संस्थानों व बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे।