पाकिस्तानी कनेक्शन मामलाः उत्तराखण्ड की एक और महिला टीचर गिरफ्तार! ट्रांजिट रिमांड पर ले गई जम्मू-कश्मीर पुलिस, करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन और आतंकी नेटवर्क की जांच तेज

Pakistani connection case: Another female teacher from Uttarakhand arrested! Jammu and Kashmir police take her on transit remand, intensifying investigation into suspicious transactions worth crores

हरिद्वार। उत्तराखण्ड के हरिद्वार जिले से पाकिस्तान कनेक्शन और करोड़ों रुपये के संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन मामले में एक और चौंकाने वाली गिरफ्तारी हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरिद्वार से पूजा नाम की एक युवती को गिरफ्तार किया है, जिसे ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू-कश्मीर ले जाया गया है। इससे पहले इसी मामले में हरिद्वार जिले की ही शिक्षिका सोनम को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस जांच में सोनम द्वारा पूछताछ के दौरान पूजा का नाम सामने आने के बाद जांच एजेंसियों का संदेह गहरा गया था। जानकारी के अनुसार पूजा एमएससी की छात्रा होने के साथ-साथ एक कॉलेज में बच्चों को पढ़ाने का काम भी करती थी। उसकी दोस्ती सोनम से पढ़ाई के दौरान हुई थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों युवतियां जम्मू-कश्मीर के कुछ ऐसे युवकों के संपर्क में थीं, जिनके तार पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। आरोप है कि इन युवकों द्वारा विभिन्न माध्यमों से दोनों के खातों में धनराशि भेजी जाती थी, जिसे बाद में अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। जम्मू-कश्मीर पुलिस की जांच में सामने आया है कि सोनम के खातों के माध्यम से अब तक 20 से 25 खातों में लाखों रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया। प्रारंभिक जांच में लगभग 20 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है, जिसके बदले उसे करीब 2 लाख रुपये कमीशन के रूप में मिले थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन पैसों का अंतिम इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था और क्या इनका संबंध किसी संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि से था।

गौरतलब है कि इस पूरे मामले की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में राहुल खान नामक आरोपी की गिरफ्तारी से हुई थी। पूछताछ में राहुल ने सोनम का नाम बताया, जिसके बाद हरिद्वार में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। सोनम से पूछताछ के दौरान पूजा और अन्य संदिग्ध संपर्कों की जानकारी मिली। जांच में उमर और हसीन नाम के व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आई है, जिनके माध्यम से एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंक पासबुक उपलब्ध कराए जाने की बात कही जा रही है। हरिद्वार के एसपी देहात ने बताया कि मामले की जांच कई स्तरों पर जारी है और विभिन्न एजेंसियां मिलकर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। पूजा की गिरफ्तारी के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि कहीं इस नेटवर्क के तार किसी बड़े अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं। इस सनसनीखेज मामले ने हरिद्वार समेत पूरे उत्तराखण्ड में हलचल मचा दी है। एक के बाद एक शिक्षित युवतियों के नाम सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर कड़ी को खंगाल रही हैं और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।